विज्ञापन

कश्मीर में ठंड का कहर: श्रीनगर में पारा माइनस 2 डिग्री, 3 दिन बाद भीषण बर्फबारी के आसार

Kashmir Cold Wave: कश्मीर में शीतलहर बढ़ती जा रही है, पहलगाम में तापमान माइनस 3 डिग्री से नीचे चला गया है, जिसके चलते यहां भीषण ठंड हो रही है. पानी जमकर यहां बर्फ बन गया.

कश्मीर में ठंड का कहर: श्रीनगर में पारा माइनस 2 डिग्री, 3 दिन बाद भीषण बर्फबारी के आसार
कश्मीर में बढ़ी ठंड श्रीनगर में तापमान माइनस 2 डिग्री पहुंचा (फोटो:IANS)
  • श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान माइनस दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले दिन से थोड़ा बेहतर था.
  • गुलमर्ग में तापमान शून्य डिग्री और पहलगाम में माइनस तीन दशमलव चार डिग्री सेल्सियस रहा, ठंड का असर जारी रहा.
  • मौसम विभाग ने चार दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है.

कश्मीर में ठंड तेज हो गई है. रविवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहा और माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि यह पिछले दिन के माइनस 2.4 डिग्री की तुलना में थोड़ा बेहतर रहा. मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को गुलमर्ग में तापमान 0 डिग्री और पहलगाम में माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा. घाटी में साफ आसमान के बीच हल्की धूप तो निकली, लेकिन ठंड का असर बरकरार रहा और तापमान में कोई उल्लेखनीय बढ़ोतरी नहीं हो सकी. मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट होने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना जताई है. 

4 दिसंबर से बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग ने 3 दिसंबर तक आमतौर पर शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है. इसके बाद 4 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे केंद्र शासित प्रदेश में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. ऐसे में ठंड का असर और बढ़ेगा. दो पश्चिमी विक्षोभ लगातार जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ रहे हैं और 4 दिसंबर से सक्रिय होंगे. इनका प्रभाव 10 दिसंबर तक रहने की संभावना है, ऐसे में घाटी में एक बार फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

चिल्लई कलां में होगी तेज ठंड 

कश्मीर में कड़ाके की सर्दी का 40 दिनों का दौर, जिसे स्थानीय भाषा में 'चिल्लई कलां' कहा जाता है, हर साल 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलता है. इस दौरान आसमान अक्सर बादलों से घिरा रहता है और रात का तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, जबकि दिन का तापमान भी मुश्किल से दहाई अंक में पहुंच पाता है. चिल्लई कलां के दौरान झीलों और नदियों सहित अधिकांश जलस्रोत आंशिक रूप से जम जाते हैं. यही वजह है कि कश्मीर में इस दौर को सबसे कठिन माना जाता है.

जम्मू क्षेत्र में रविवार को न्यूनतम तापमान जम्मू शहर में 11.2 डिग्री, कटरा में 11 डिग्री, बटोट में 6 डिग्री, बनिहाल में 2.4 डिग्री और भद्रवाह में 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जम्मू में ठंड कश्मीर की तुलना में कम है, लेकिन सुबह-शाम वहां भी सर्दी का एहसास बढ़ने लगा है.

ये भी पढ़ेंः IMD का अलर्ट, अगले 2 दिनों में पड़ेगी भीषण ठंड, दिल्ली से यूपी तक घना कोहरा, राजस्थान का फतेहपुर सबसे ठंडा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kashmir Cold Wave, Kashmir Cold Wave News, Srinagar Cold, Srinagar Cold Wave, Weather News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com