- करवा चौथ 29 अक्टूबर 2026 को मनाया जा रहा है और महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए उपवास रखती हैं
- मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बारेलाल आदिवासी ने पत्नी के खिलाफ करवा चौथ व्रत न रखने की शिकायत थाने में दी
- बारेलाल ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी न केवल बेवफाई कर रही है बल्कि करवा चौथ की पूजा और व्रत भी नहीं रख रही है
Karwa Chauth News: करवा चौथ पर्व 29 अक्टूबर 2026 को मनाया जा रहा है. सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के लिए उपवास पर हैं. इस बीच मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में करवा चौथ के दिन एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है. पति-पत्नी के प्रेम और लंबी उम्र की कामना से जुड़े इस पर्व पर एक पति अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंच गया. उसका आरोप है कि पत्नी न सिर्फ उससे बेवफाई कर रही है, बल्कि उसके लिए करवा चौथ का व्रत भी नहीं रख रही.
क्या लिखा है शिकायत पत्र में?
बदरवास थाना क्षेत्र के बिजरावन गांव निवासी बारेलाल आदिवासी ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा है- "मैं बारेलाल आदिवासी पुत्र लालू आदिवासी उम्र 30 साल, निवासी बिजरावन का रहने वाला हूं. मेरी पत्नी का नाम मिथलेश आदिवासी है, जो मुझसे बेवफाई कर रही है और मेरे लिए करवा चौथ का व्रत नहीं रख रही है. वह मुझे मारना चाहती है. न ही मेरे लिए चांद की पूजा कर रही है. मैंने कहा कि तू चांद देख ले, जिससे मेरी उम्र बढ़ जाए मगर वह मुझे मारना चाह रही है. अगर इस बार मेरी पूजा नहीं की तो मैं उसे तलाक दे दूंगा. इसलिए आवेदन पेश कर रहा हूं. कार्रवाई की जाए."

'कम से कम चांद देखकर मेरी लंबी उम्र की दुआ कर लो'
शिकायत में बारेलाल ने दावा किया है कि उसने पत्नी से कई बार कहा कि वह उसके लिए चांद देखकर पूजा कर ले और उसकी लंबी उम्र की कामना करे, लेकिन पत्नी ने उसकी बात नहीं मानी. पति का आरोप है कि पत्नी न तो व्रत रख रही है और न ही करवा चौथ की रस्में निभा रही है. बारेलाल ने अपने आवेदन में साफ लिखा है कि यदि पत्नी ने इस बार उसके लिए व्रत और पूजा नहीं की, तो वह उसे तलाक दे देगा. पति की इस चेतावनी के बाद मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
पुलिस के सामने खड़ा हुआ असमंजस
शिवपुरी जिले के बदरवास पुलिस थाने पहुंचे इस अनोखे आवेदन को पढ़कर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए असमंजस में पड़ गए. पारिवारिक विवाद और धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले में कानूनी कार्रवाई की गुंजाइश तलाशने के लिए आवेदन की जांच की जा रही है. फिलहाल यह शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. करवा चौथ जैसे भावनात्मक पर्व पर पति की यह फरियाद रिश्तों में भरोसे और अपेक्षाओं की नई बहस छेड़ रही है.
यह भी पढ़ें- Karwa Chauth 2026 Moonrise Time LIVE: आपके शहर में आज कितने बजे दिखेगा करवा चौथ का चांद, यहां जानिए हर एक लाइव अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं