विज्ञापन

CJP पर जितेंद्र सिंह का बड़ा हमला, कहा- अभिजीत दीपके को USA तो आशुतोष रांका को पाकिस्तान से फंडिंग

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने CJP की फंडिंग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि विदेशी NGO, एंटी इंडिया संगठन और डीप स्टेट ऑपरेटिव्स भारत के खिलाफ नैरेटिव तैयार कर रहे हैं. जानिए मंत्री ने क्या कहा.

CJP पर जितेंद्र सिंह का बड़ा हमला, कहा- अभिजीत दीपके को USA तो आशुतोष रांका को पाकिस्तान से फंडिंग

कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी (CJP) की फंडिंग और इसके नेताओं के विदेशी कनेक्शन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बेंगलुरु में सीजेपी पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस संगठन को अनधिकृत स्रोतों और भारत विरोधी ताकतों से पैसा मिल रहा है. उन्होंने दावा किया कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को अमेरिका में बैठे डोनर्स से फंडिंग मिल रही है, जबकि संगठन के सह-संस्थापक और प्रवक्ता आशुतोष रांका को पाकिस्तानी राजनेताओं और वहां के हैंडलर्स से आर्थिक मदद दी जा रही है.

विदेशी एनजीओ और डीप स्टेट की साजिश का आरोप

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस बात के पर्याप्त सबूत मौजूद हैं कि इन लोगों को देश के भीतर और बाहर काम कर रहे भारत विरोधी एनजीओ (NGOs) और संगठनों से अनधिकृत तरीके से फंडिंग मिल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी फंडिंग से चलने वाले एनजीओ, डीप स्टेट के एजेंट और भारत विरोधी ताकतें एक साथ मिलकर देश के खिलाफ एक झूठा नैरेटिव गढ़ने का काम कर रही हैं. जितेंद्र सिंह के मुताबिक, इस विदेशी पैसे का इस्तेमाल भारत में जनमत को प्रभावित करने और सरकार के खिलाफ अभियान चलाने के लिए किया जा रहा है.

खुद को नेता बताने वालों के फंडिंग सोर्स पर सवाल

अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका को स्वयंभू नेता करार देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो लोग सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि उनके पास अपने अभियान को चलाने के लिए पैसा कहां से आ रहा है. उन्होंने कहा कि खुफिया इनपुट और उपलब्ध जानकारियां साफ तौर पर इशारा करती हैं कि भारत के हितों के खिलाफ काम करने वाली ताकतें इनके पीछे हैं. जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि राजनीतिक जमीन खो चुके कुछ तत्व अब जनता का ध्यान भटकाने और फिर से चर्चा में आने के लिए इस तरह का माहौल बना रहे हैं. इस दौरान उन्होंने विदेशी फंडिंग पर लगाम लगाने के लिए फॉरेन कॉन्ट्रिब्यूशन रेगुलेशन एक्ट यानी एफसीआरए (FCRA) का भी बचाव किया.

कांग्रेस और वोट चोरी के आरोपों पर भी पलटवार

सीजेपी के अलावा केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने नेतृत्व की राजनीतिक छवि को बचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया के बारे में भ्रम फैला रही है और वोट चोरी के बेबुनियाद आरोप लगा रही है. उन्होंने कर्नाटक विधान परिषद की उन सभी चार सीटों पर एनडीए (NDA) की जीत का उदाहरण दिया, जहां बैलेट पेपर के जरिए चुनाव हुए थे. उन्होंने दावा किया कि इससे ईवीएम (EVM) पर सवाल उठाने वाले विपक्ष की पोल खुल जाती है.
ये भी पढ़ें: बदसलूकी के BJP के दावों को कांग्रेस सांसद प्रतिभा धनोरकर ने बताया झूठा, कहा- बड़े भाई हैं, मजाक में चल रहा था

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jitendra Singh, CJP Funding, Bengaluru News, CJP Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com