विज्ञापन

'घरजमाई' परंपरा के नाम पर बेटियों से नहीं छीन सकते संपत्ति का अधिकार, झारखंड हाईकोर्ट की दोटूक

झारखंड हाईकोर्ट ने संथाल समुदाय की बेटियों को पिता की संपत्ति में अधिकार दिया, घरजमाई परंपरा को बाधा नहीं माना. आदालती फैसले में बताया गया कि परंपरा साबित न होने पर महिलाओं के अधिकारों में भेदभाव संवैधानिक रूप से गलत है.

'घरजमाई' परंपरा के नाम पर बेटियों से नहीं छीन सकते संपत्ति का अधिकार, झारखंड हाईकोर्ट की दोटूक
झारखंड उच्च न्यायालय ने 'घरजमाई' प्रथा को खारिज किया, संथाल महिलाओं के अधिकारों को बरकरार रखा
  • झारखंड हाईकोर्ट ने संथाल आदिवासी समुदाय की बेटियों को पिता की संपत्ति में अधिकार देने का ऐतिहासिक फैसला सुनाया
  • अदालत ने कहा कि घरजमाई परंपरा के तहत शादी न करने पर बेटी को पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता
  • विवाद जामताड़ा जिले के तुरका गांव की जमीन से जुड़ा था, जिसमें बेटी को पूरी संपत्ति का अधिकार मिला है
रांची:

झारखंड हाईकोर्ट ने संथाल आदिवासी समुदाय की महिलाओं के संपत्ति अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. अदालत ने साफ किया है कि संथाल समुदाय में बेटा न होने पर बेटी को पिता की प्रॉपर्टी से सिर्फ इस आधार पर वंचित नहीं किया जा सकता कि उसने 'घरजमाई' की परंपरा के तहत शादी नहीं की है. हाईकोर्ट ने कहा कि जब परिवार में बेटा नहीं है, तो बेटी का पैतृक संपत्ति पर अधिकार केवल इस वजह से खत्म नहीं हो सकता कि उसका पति शादी के बाद उसके परिवार के साथ रहने नहीं आया.

हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने 23 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया. अदालत ने करीब चार दशक पुराने जमीन विवाद में बेटी के पक्ष में आए प्रथम अपीलीय अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए विरोधियों की अपील खारिज कर दी.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के तुरका गांव की पैतृक जमीन से जुड़ा है. साल 1985 में एक महिला ने अपने पिता की पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक और कब्जा पाने के लिए टाइटल सूट नंबर 45/1985 दायर किया था. वर्ष 1996 में निचली अदालत ने महिला को संपत्ति में केवल एक-तिहाई हिस्सा देने का आदेश दिया. महिला ने इस फैसले को प्रथम अपीलीय अदालत में चुनौती दी. चार मार्च 2006 को अपीलीय अदालत ने निचली अदालत के आदेश में बदलाव करते हुए महिला को पूरी संपत्ति का अधिकार दे दिया. इसके बाद विरोधी पक्ष ने इस फैसले को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी.

घरजमाई की परंपरा का दिया गया हवाला

हाईकोर्ट में अपीलकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ वकील जय प्रकाश झा ने दलील दी कि संथाल समुदाय की पारंपरिक प्रथाओं के तहत बेटियों को पिता की संपत्ति में उत्तराधिकार का अधिकार नहीं मिलता. उन्होंने कहा कि बेटी को संपत्ति तभी मिल सकती है, जब वह घरजमाई प्रथा के तहत शादी करे. इस व्यवस्था में दामाद शादी के बाद पत्नी के परिवार के साथ रहता है और उसे गोद लिए बेटे के समान माना जाता है. हालांकि, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और न्यायमित्र वकील सुमित गरोड़िया की सहायता लेने के बाद हाईकोर्ट ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया और फैसला बेटी के पक्ष में सुनाया. संथाल समुदाय की बेटियों के लिए ये एक ऐतिहासिक फैसला है.

परंपरा का दावा करने वालों को देना होगा सबूत

खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि सामान्य कानून या समानता के सिद्धांतों के विपरीत किसी परंपरा का दावा करने वाले पक्ष को उसे साबित करना होगा. इसके लिए यह दिखाना जरूरी है कि संबंधित प्रथा प्राचीन, निश्चित, उचित और संबंधित समुदाय में लगातार तथा अनिवार्य रूप से प्रचलित रही है. अदालत ने कहा कि अपीलकर्ता घरजमाई की ऐसी किसी परंपरा को साबित करने में सफल नहीं रहे. पीठ ने यह भी कहा कि समय के साथ सामाजिक सोच और जागरूकता में बदलाव आया है. संथाल समुदाय में भी महिलाओं की स्थिति सुधारने और उनके संपत्ति अधिकारों को मान्यता देने की दिशा में बदलाव देखने को मिला है. अदालत ने कहा की किसी स्पष्ट कानूनी रोक या प्रमाणित परंपरा के अभाव में बेटियों के साथ भेदभाव करना संवैधानिक नैतिकता और जनहित के खिलाफ होगा.

ये भी पढ़ें:- बंगाल में अंतर धार्मिक शादी के बाद हिंदू संगठन ने दी धमकी, हाई कोर्ट ने दंपत्ति को दिलाई पुलिस सुरक्षा

पुराने फैसलों के बीच भी किया स्पष्ट अंतर

हाईकोर्ट ने संथाल समुदाय में उत्तराधिकार से जुड़े दो पुराने फैसलों- 'करण मुर्मू बनाम संथाल परगना आयुक्त' और 'नारायण सोरेन बनाम रंजन मुर्मू' की भी जांच की. अदालत ने स्पष्ट किया कि नारायण सोरेन मामले में निर्धारित सिद्धांत सुप्रीम कोर्ट के चर्चित मधु किश्वर फैसले और संवैधानिक सिद्धांतों के मुताबिक हैं. अदालत ने कहा कि संथाल महिलाओं के संपत्ति अधिकारों से जुड़े मामलों में नारायण सोरेन फैसले में निर्धारित सिद्धांतों को प्राथमिकता दी जाएगी.

आखिरकार झारखंड हाईकोर्ट ने अपील खारिज करते हुए बेटी के पक्ष में पूरी पैतृक संपत्ति के अधिकार को बरकरार रखा. यह फैसला आदिवासी समुदाय की महिलाओं के संपत्ति अधिकारों और लैंगिक समानता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. साथ ही अन्‍य समुदाय की महिलाओं के लिए भी यह फैसल मील का पत्‍थर साबित होगा.

ये भी पढ़ें:- चंदा कोचर याद है न! ICICI बैंक की पूर्व CEO को वीडियोकॉन लोन मामले में कोर्ट से राहत, जानिए क्‍या था पूरा विवाद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand High, Ancestral Property, Santhal Tribe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com