- गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मोहम्मद सहरुल इस्लाम को वडोदरा के पास से गिरफ्तार किया था
- सहरुल इस्लाम ने वडोदरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन की फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजे थे
- उसने जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने से पहले औपचारिक बयात की शपथ ली थी
गुजरात ATS द्वारा गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मोहम्मद सहरुल इस्लाम से पूछताछ में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. जांच में सामने आया है कि उसने वडोदरा स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन के फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजे थे. इतना ही नहीं, उसने आतंकवादी संगठन में शामिल होने से पहले ‘बयात' यानी निष्ठा की औपचारिक शपथ भी ली थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, असम के करीमगंज जिले का रहने वाला 22 वर्षीय सहरुल इस्लाम पाकिस्तान जाकर औपचारिक रूप से जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होना चाहता था. उसके खुलासों के बाद जांच अब गुजरात से निकलकर उत्तर प्रदेश और असम तक पहुंच गई है.
देओबंद और गाजियाबाद से जुड़े तार
गुजरात ATS, असम पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीमें उसके नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई हैं. जांच में पता चला है कि सहरुल इस्लाम ने उत्तर प्रदेश के देओबंद स्थित एक मदरसे में करीब एक वर्ष तक पढ़ाई की थी. इसके अलावा अधिकारियों को यह भी जानकारी मिली है कि उसे कथित तौर पर ‘जिहादी साहित्य' गाजियाबाद में मौजूद एक हैंडलर के माध्यम से मिला था. इससे जांच एजेंसियों को उसके कट्टरपंथी बनने की प्रक्रिया और नेटवर्क के कई राज्यों तक फैले होने के संकेत मिले हैं.
पर्यटक बनकर की थी एयरबेस की रेकी
जांच के दौरान सामने आया कि सहरुल इस्लाम वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की रेकी करने के लिए सामान्य पर्यटक बनकर वहां पहुंचा था. उसने स्टेशन के बाहर से वीडियो रिकॉर्ड किया था ताकि इलाके की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जा सके. पुलिस ने उसके मोबाइल फोन से यह वीडियो बरामद किया है. साथ ही एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर भी मिला, जिसे अन्य डिजिटल साक्ष्यों के साथ फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया है.
पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर ने उसे एक साल से अधिक समय तक व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए प्रशिक्षित किया था. उसका इरादा एयरबेस पर फायरिंग कर हमला करने का था. उसने जांचकर्ताओं से कहा कि वह ‘शहादत' हासिल करना चाहता था.
AK-47, कारतूस और जैश का झंडा बरामद
गुजरात ATS ने उसे वडोदरा के पास से गिरफ्तार किया था. उसके कब्जे से पाकिस्तान में निर्मित AK-47 जैसी दिखने वाली एक राइफल, दो खाली मैगजीन, 23 जिंदा कारतूस, जैश-ए-मोहम्मद का झंडा, सिम कार्ड वाले मोबाइल फोन और करीब 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे. जांच में यह भी सामने आया कि AK-47 और कारतूस दाहोद जिले के जंगल में एक गुप्त स्थान पर पहले से छिपाकर रखे गए थे, जहां से उसे उन्हें हासिल करना था. इस खुलासे के बाद ATS को आशंका है कि हथियार उपलब्ध कराने में जैश के अन्य सहयोगियों की भी भूमिका हो सकती है.
एयरबेस के गेटों की तस्वीरों पर लगाए थे लाल निशान
पूछताछ के दौरान एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली कि सहरुल इस्लाम को खर्च के लिए 50 हजार रुपये और एक नया मोबाइल फोन उपलब्ध कराया गया था. उसने एयरफोर्स स्टेशन के विभिन्न प्रवेश द्वारों की तस्वीरों पर लाल क्रॉस के निशान लगाए थे और असॉल्ट राइफल चलाने से जुड़े वीडियो भी देखे थे.
वडोदरा के वाघोडिया स्थित स्थानीय अदालत के आदेश पर वह फिलहाल गुजरात ATS की हिरासत में है. जांच एजेंसियां वडोदरा रेलवे स्टेशन के आसपास के होटल रिकॉर्ड खंगाल रही हैं और असम तथा उत्तर प्रदेश में उसके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं. जांचकर्ताओं का कहना है कि ‘बयात' की शपथ, गाजियाबाद के कथित हैंडलर, देओबंद में बिताए समय और पाकिस्तान भेजे गए एयरबेस के फोटो-वीडियो जैसे सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.
यह भी पढ़ें | वडोदरा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का आरोप: मानसिक प्रताड़ना से छात्र ने की आत्महत्या की कोशिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं