विज्ञापन

शहादत ही जन्नत और अल्लाह तक पहुंचने का रास्ता; गुजरात ATS की पूछताछ में जैश आतंकी का पूरा माइंड गेम आया सामने

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध आतंकी मोहम्मद सहरुल इस्लाम की गिरफ्तारी के बाद जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की साजिश, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से संपर्क और दाहोद के जंगल में हथियारों की डिलीवरी की जांच जारी है.

शहादत ही जन्नत और अल्लाह तक पहुंचने का रास्ता; गुजरात ATS की पूछताछ में जैश आतंकी का पूरा माइंड गेम आया सामने
वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की थी तैयारी, शहादत से जन्नत पहुंचना चाहता था जैश आतंकी
NDTV
  • 'शहादत से जन्नत पहुंचना चाहता था', ATS पूछताछ में जैश आतंकी का सनसनीखेज खुलासा
  • वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की थी तैयारी, पाकिस्तान से मिल रहे थे निर्देश
  • पाकिस्तान बैठा हैंडलर WhatsApp-Instagram से दे रहा था ट्रेनिंग
वडोदरा:

गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) द्वारा गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी मोहम्मद सहरुल इस्लाम से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. जांच एजेंसियों के अनुसार असम के करीमगंज निवासी 22 वर्षीय इस्लाम का कथित लक्ष्य वडोदरा स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन पर हमला करना था. एनडीटीवी को सूत्रों से मिली खास जानकारी के अनुसार आतंकी मोहम्मद सहरुल इस्लाम ने पूछताछ में बताया कि वह शहादत हासिल कर जन्नत पहुंचना और अल्लाह से मुलाकात करना चाहता था. उसके मुताबिक शहादत ही जन्नत तक पहुंचने का रास्ता है. अब इस मामले में पाकिस्तान स्थित हैंडलर, हथियारों की सप्लाई और संभावित आतंकी नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है.

पाकिस्तान से सोशल मीडिया के जरिए कॉन्टैक्ट, एयरफोर्स स्टेशन था टारगेट

गुजरात ATS सूत्रों ने बताया कि उसका एकमात्र लक्ष्य वडोदरा स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन (IAF Station) पर हमला करना था, ताकि वह शहादत हासिल कर सके. पिछले एक साल से अधिक समय से पाकिस्तान में बैठा एक हैंडलर व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए उसे ट्रेनिंग दे रहा था.

गुजरात एटीएस के हत्थे चढ़ा आतंकी

गुजरात एटीएस के हत्थे चढ़ा आतंकी
Photo Credit: NDTV

जांच एजेंसियों को उसके मोबाइल फोन से कई चैट मिली हैं, जो उर्दू भाषा में हैं. अधिकारियों का कहना है कि इन संदेशों को पूरी तरह समझने और डिकोड करने में समय लगेगा.

जांच के दौरान यह भी पता चला है कि गिरफ्तारी से ठीक पहले इस्लाम ने वडोदरा स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन की रेकी की थी. NDTV को सूत्रों से पता लगा कि वह एक सामान्य पर्यटक बनकर एयरफोर्स स्टेशन के बाहर पहुंचा और आसपास के क्षेत्र का वीडियो बनाया. यह वीडियो उसके मोबाइल फोन से बरामद हुआ है. मोबाइल में मिला एक पाकिस्तानी नंबर और अन्य डिजिटल सामग्री भी फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) को जांच के लिए भेजी गई है.

बरामद की गई एके-47

बरामद की गई एके-47
Photo Credit: NDTV

जंगल में छिपाकर रखा गया था हथियार

मामले का सबसे अहम पहलू बरामद हथियार को माना जा रहा है. एटीएस अधिकारियों के अनुसार उसके पास से मिली AK-47 राइफल कथित तौर पर पाकिस्तान में निर्मित हथियार जैसी दिखाई देती है. जांच में पता चला है कि यह हथियार और जिंदा कारतूस दाहोद जिले के एक जंगल में बने गुप्त ड्रॉप प्वाइंट पर उसके लिए पहले से रखे गए थे. इसी आधार पर पुलिस को संदेह है कि इस पूरे मॉड्यूल में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने हथियार उपलब्ध कराए.

इस तरह के वीडियो देखता था अरोपी

इस तरह के वीडियो देखता था अरोपी
Photo Credit: NDTV

असम का रहने वाला, मदरसे से की पढ़ाई, पाकिस्तान जाने का था प्लान

असम के करीमगंज जिले का रहने वाला 22 वर्षीय मोहम्मद सहरुल इस्लाम मदरसे में पढ़ा है. वह गुजरात पहुंचा, लेकिन वडोदरा के पास ATS के हत्थे चढ़ गया. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से AK-47 राइफल, दो खाली मैगजीन, 23 जिंदा कारतूस, जैश-ए-मोहम्मद का झंडा, सिम कार्ड वाले मोबाइल फोन और करीब 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. पूछताछ में पहले यह भी सामने आया था कि उसे नया मोबाइल खरीदने और अन्य खर्चों के लिए 50 हजार रुपये दिए गए थे. उसने एयरबेस के गेटों की तस्वीरों पर लाल क्रॉस का निशान लगाया हुआ था. वह असॉल्ट राइफल चलाने के वीडियो देखता था और यदि हमले के बाद बच जाता तो पाकिस्तान जाकर जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होना चाहता था.

अब 10 दिसंबर तक ATS रिमांड

स्थानीय अदालत ने अब इस्लाम को 10 दिसंबर तक गुजरात ATS की हिरासत में भेज दिया है. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसे हथियार किसने उपलब्ध कराए, पैसों का स्रोत क्या था और इस पूरी साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे. शहादत और जन्नत को लेकर उसके कथित इरादों, एयरबेस के बाहर बनाई गई वीडियो और दाहोद जिले में हथियारों के गुप्त ड्रॉप प्वाइंट से जुड़े सुरागों के आधार पर जांचकर्ताओं का कहना है कि ऐसा लग रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते एक बड़े आतंकी हमले को नाकाम कर दिया.

यह भी पढ़ें : गुजरात ATS ने वडोदरा से पकड़ा संदिग्ध आतंकी, जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन, AK-47 के साथ दबोचा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat ATS, Vadodara Air Force Station, Jaish E Mohammed, Terrorist, Pakistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com