कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के स्कूल ठीक करो अभियान के बाद से देश के अलग-अलग हिस्सों में बवाल मचा हुआ है. जयपुर में बीते दिनों सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) के स्कूल विजिट को लेकर खूब हंगामा हुआ था. ग्रामीणों ने कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का विरोध किया और मारपीट हुई, जिसमें कई लोग चोटिल हुए. इसके बाद सीजेपी ने मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई और स्कूल ठीक करने को लेकर सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया. खुद सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने भी जयपुर में आंदोलन की चेतावनी दी थी. जिसके बाद जयपुर के रहने वाले एक शख्स राकेश गुर्जर ने अभिजीत दीपके को धमकी दी. राकेश गुर्जर वही शख्स है, जिसने बीते जून महीने में जयपुर में अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारा था और गिरफ्तार हुआ था.
आंदोलन की चेतावनी के बीच धमकी
दरअसल, जयपुर में रामपुरा-कंवरपुरा के सरकारी स्कूल को लेकर सीजेपी के विरोध के बाद बवाल हुआ था. रामपुरा का सरकारी स्कूल तबेले में चल रहा था, जिसका विजिट करने के लिए आशुतोष रांका सीजेपी के कुछ कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे थे. इसी दौरान गांव वालों ने सीजेपी का विरोध किया और आरोप है कि मारपीट करते हुए खदेड़ दिया. इस दौरान सीजेपी के एक नेता का हाथ फ्रैक्चर हो गया था. साथ ही कई अन्य कार्यकर्ताओं को चोटें आईं थीं.
आशुतोष रांका के अल्टीमेटम के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी जयपुर आकर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी. उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि अगर 48 घंटे के अंदर स्कूल को ठीक कराने का काम नहीं किया गया और हिंसा में शामिल गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो खुद मैं जयपुर आऊंगा और स्कूल के सामने बैठा रहूंगा, जब स्कूल ठीक नहीं हो जाएगा. आशुतोष रांका और अभिजीत दीपके के अल्टीमेटम व आंदोलन की चेतावनी के बाद राकेश गुर्जर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अभिजीत दीपके को जवाब देते हुए धमकी दे डाली.

हमेशा-हमेशा के लिए रगड़कर नाली में फेंक देंगे
राकेश गुर्जर ने कहा, "तू है कौन कीड़े... पहली बात तो तू हिमाकत तो कर जयपुर आने की... गुंडे वाली भाषा बोल रहा है. गांव वाले बहुत ही सरल और सहज स्वभाव के हैं. जिनके साथ सीजेपी के कीड़ों ने गुंडागर्दी करने की कोशिश की. गांव वालों के साथ हम खड़े हैं और तमाम राष्ट्रवादी लोग खड़े हैं." राकेश ने अभिजीत दीपके को धमकी देते हुए आगे कहा कि तू जयपुर आने की हिमाकत कर... जंतर-मंतर नहीं है कि तू यहां आकर बकवास करेगा. इस बार तेरा खेल ही खत्म कर देंगे. मैं बोल रहा कि हम लोग 3.0 की तैयारी में हैं. इस बार तुम्हे हमेशा-हमेशा के लिए रगड़कर नाली में फेंक देंगे.
जयपुर प्रोटेस्ट में शामिल होने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को शख्स ने जड़ा थप्पड़ #AbhijeetDipke । #CockroachJantaParty | #CJP pic.twitter.com/3Nk8qQovVU
— NDTV India (@ndtvindia) June 15, 2026
बता दें कि राकेश गुर्जर वही शख्स ने जिसने 15 जून को जयपुर के शहीद स्मारक पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारा था. इसके बाद पुलिस ने राकेश गर्जुर समेत 5 लोगों को अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने के मामले में गिरफ्तार किया. राकेश गुर्जर जयपुर में बगरू थाना के कुचावास का रहने वाला है. अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने के बाद राकेश गुर्जर ने कहा कि मैं राष्ट्रवादी हूं, ये जिहादी मानसिकता के लोग हैं. पेपरलीक तो सिर्फ इनका एक बहाना है.
यह भी पढे़ं-
राजस्थान सरकार ने मानी CJP की मांग, पर आशुतोष रांका ने खड़ी कर दी नई चुनौती
जयपुर के बाद जोधपुर में CJP के कार्यक्रम में बवाल, आशुतोष रांका के इवेंट में चले लात-घूंसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं