- आईपीएस सतीश गोलचा को 1 अक्टूबर 2026 से होम गार्ड्स का डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है
- वे दिल्ली पुलिस कमिश्नर पद से 17 जुलाई 2026 को कार्यकाल समाप्त होने से पहले हटाए गए थे
- अनुराग कुमार को 17 जुलाई 2026 को अचानक दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था
भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सतीश गोलचा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उन्हें अब होम गार्ड्स का डायरेक्टर जनरल बनाया गया है. वह इस नए पद पर 1 अक्टूबर 2026 से कार्यभार संभालेंगे. दरअसल, मौजूदा होम गार्ड्स डायरेक्टर जनरल वीरेंद्र सिंह 30 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं, जिसके बाद यह जिम्मेदारी गोलचा को सौंपी जाएगी. पिछले महीने सतीश गोलचा तब चर्चा में आए थे, जब उन्हें दिल्ली पुलिस कमिश्नर पद से अचानक हटा दिया गया था.
अनुराग कुमार की अचानक एंट्री और 11 महीने पहले तबादला
आईपीएस सतीश गोलचा को दिल्ली कमिश्नर पद से हटाए जाने की इनसाइड स्टोरी काफी दिलचस्प है. 17 जुलाई 2026 को आईपीएस अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनाए जाने के आदेश जारी हुए थे. AGMUT कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अनुराग कुमार ने आदेश जारी होने के महज दो घंटे बाद ही तुरंत दिल्ली सीपी का पद संभाल भी लिया था.

ips satish golcha appointed home guards dg
सतीश गोलचा AGMUT कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. दिल्ली पुलिस कमिश्नर के रूप में उनका कार्यकाल मई 2027 तक था. हालांकि, कार्यकाल के 11 महीने शेष रहते ही 17 जुलाई 2026 को उन्हें हटाकर तत्काल प्रभाव से उपराज्यपाल कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए थे. जुलाई के बाद अब उन्हें होम गार्ड्स डायरेक्टर जनरल के पद पर नई पोस्टिंग मिली है.
दिल्ली पुलिस कमिश्नर पद से आईपीएस सतीश गोलचा की विदाई से ज्यादा दिलचस्प आईपीएस अनुराग कुमार की एंट्री रही. AGMUT कैडर के आईपीएस अनुराग कुमार करीब 20 साल से डेपुटेशन पर थे. वह इंटेलिजेंस ब्यूरो में तैनात थे, जहां 16 जुलाई को उनका डेपुटेशन खत्म हुआ और अगले ही दिन उन्हें दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर बना दिया गया.

आईपीएस सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस कमिश्नर पद से समय से पहले हटाए जाने की किसी को भनक तक नहीं लगी थी. उनकी जगह आईपीएस अनुराग कुमार की अचानक एंट्री हुई थी. यह सब इतनी तेजी और गोपनीयता से हुआ कि दिल्ली पुलिस महकमा हैरान रह गया.
17 जुलाई को हटाए जाने से ठीक पहले सतीश गोलचा दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंंह सिरसा के साथ एक पौधारोपण कार्यक्रम में मौजूद थे. उसी दौरान उन्हें पद से हटाए जाने और उनकी जगह अनुराग कुमार को नियुक्त किए जाने की जानकारी मिली. इसके बाद वे पौधारोपण कार्यक्रम से सीधे दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे.
तिहाड़ से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक का अनुभव
आईपीएस सतीश गोलचा ने 22 अगस्त 2025 को संजय अरोड़ा की जगह दिल्ली पुलिस कमिश्नर का पद संभाला था. इससे पहले वह साल 2022-2023 में अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक भी रह चुके हैं. इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली में स्पेशल कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (इंटेलिजेंस), तिहाड़ जेल के डायरेक्टर जनरल, दिल्ली क्राइम ब्रांच प्रमुख और दिल्ली की कई पुलिस रेंज में आईजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं.
ये भी पढ़ें: IPS अनुराग कुमार: 20 साल का 'वनवास', वापसी के 24 घंटे में बने दिल्ली पुलिस कमिश्नर, 2 घंटे में संभाली कमान
ये भी पढ़ें: IPS अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनते ही एक्शन में आए, सोनम वांगचुक को पहुंचाया अस्पताल, अफसरों को नसीहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं