- इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का 27 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया
- मोहित की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ी, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया
- हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव के रहने वाले मोहित ने कनाडा, दुबई और इंग्लैंड में कई खिताब जीते थे
इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर मोहित दलाल की 27 साल की उम्र में अचानक मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक, उनको हार्ट अटैक आया था. बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनको तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टर्स ने उनको मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर्स ने उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है. मोहित की मौत से कबड्डी जगत को गहरा सदमा लगा है. मोहित दलाल हरियाणा के जींद के नंदगढ़ गांव के रहने वाले थे.
27 साल की उम्र में कबड्डी खिलाड़ी की मौत
परिवार के मुताबिक, बुधवार सुबह घर पर ही मोहित की तबीयत अचानक से खराब हो गई थी. अस्पताल ले जाने के बाद भी उनको बचाया नहीं जा सका. महज 27 साल की उम्र में एक बेहतरीन खिलाड़ी का ऐसे चला जाना परिवार और गांव के लिए बड़ा सदमा हैं.

कनाडा, दुबई और इंग्लैंड में जीते थे खिताब
मोहित एक बेहतरीन कबड्डी खिलाड़ी थे. देश ही नहीं विदेशों में भी वह कई खिताब अपने नाम कर चुके थे. मोहित ने कनाडा, दुबई और इंग्लैंड में भी इस खेल में कई ट्रॉफियां जीती थीं. मोहित को लोग शानदार रेडिंग के लिए पहचाने थे. वह बहुत बार बेस्ट रेडर रहे. हरियाणा और पंजाब में भी उन्होंने कई बड़े खिताब अपने नाम किए.

मोहित की कुछ दिन पहले सर्जरी हुई थी
जानकारी के मुताबिक, मोहित को कुछ दिन पहले चोट लगी थी. उनकी सर्जरी की गई थी. वह रिकवरी फेज में थे. उन्होंने दोबारा मैदान पर लौटने के लिए फिर से मेहनत कर रहे थे. लेकिन अब वह मैदान पर कभी नजर नहीं आएंगे.

10 साल की उम्र में शुरू किया कबड्डी का खेल
मोहित ने कबड्डी खेलना करीब 10 साल की उम्र में शुरू किया था.गांव के पूर्व पहलवान प्रकाश ने उनको इस खेल की ट्रेनिंग दी थी. हर दिन कड़ी मेहनत और सख्त प्रैक्टिस से वह इस खेल में इतने माहिर हो गए कि शीलू बल्हारा समेत कई बड़े खिलाड़ियों के साथ उन्होंने कबड्डी मैच खेला. मोहित कई बड़े कबड्डी टूर्नामेंटों में कई बार बेस्ट रेडर भी रहे. वह अपने परिवार में इकलौते पहलवान थे.
ये भी पढे़ं-लखनऊ दिव्या मिश्रा मर्डर केस में नया ट्विस्ट, सामने आई एक करोड़ की डिमांड वाली बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं