विज्ञापन

अरब सागर में पाकिस्तान की नापाक हरकत, ऐसा क्या हुआ कि भारत ने दे दी बड़ी चेतावनी

नौसेना के युद्धपोतों के बीच इस तरह की मुठभेड़ें कम ही होती हैं, खासकर तब जब जहाज अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नियमित निगरानी मिशन पर हों. भारत ने इसे अस्वीकार्य बताया है.

अरब सागर में आमने-सामने आए इंडिया और पाकिस्तानी जहाज (File Photo/Representative)
नई दिल्ली:

अरब सागर के अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में भारत और पाकिस्तान के जहाजों का आमना-सामना हो गया. इस दौरान पाकिस्तान की तरफ से नापाक हरकत की गई, जिसके बाद नई दिल्ली ने पाकिस्तानी हाई कमीशन के 'चार्ज डी अफेयर्स' को विदेश मंत्रालय में तलब किया है. इसके साथ ही, भारत ने पाकिस्तान को 1991 में हुए समझौते की याद दिलाई और घटना को 'अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर' बताया. भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी किए गए बयान में कहा, "अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई इस घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है. पाकिस्तानी नौसेना के जहाज का व्यवहार अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की पहले से जानकारी देने के समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन था."

असल में हुआ क्या था?

विदेश मंत्रालय ने इस घटना को एक टकराव बताया है. दरअसल, अरब सागर में इंडियन नेवी और पाकिस्तानी नौसेना दोनों के जहाज मौजूद थे. इसी बीच, पाकिस्तानी जहाज असुरक्षित तरीके और हाई स्पीड के साथ भारतीय युद्धपोत के करीब पहुंच गया. इसके बाद, दोनों जहाजों में टक्कर हो गई.

इसके बाद भारत ने इस घटना का कड़ा विरोध दर्ज किया और विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि इस्लामाबाद में भारत के 'चार्ज डी अफेयर्स' यानी राजनयिक प्रतिनिधि को भी निर्देश दिया गया है कि वे पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने इसी तरह का विरोध दर्ज कराएं.

भारत ने पाकिस्तान से ऐसी घटनाओं के दोहराव को रोकने के लिए सभी सैन्य इकाइयों को उचित देखभाल करने और दोनों पक्षों के बीच प्रासंगिक समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करने की बात कही है.

ये भी पढ़ें: समंदर में पाकिस्तानी युद्धपोत की इंडियन नेवी शिप से टक्कर, दिल्ली ने PAK राजनयिक को किया तलब

'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पहली बार आमना-सामना

नौसेना के युद्धपोतों के बीच इस तरह की मुठभेड़ें कम ही होती हैं, खासकर तब जब जहाज अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नियमित निगरानी मिशन पर हों. पिछले साल मई में हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद से भारतीय और पाकिस्तानी मिलिट्री यूनिट्स के बीच यह अपनी तरह का पहला आमना-सामना है.

भारत ने पिछले साल मई में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए सैन्य हमले किए थे. यह कार्रवाई पहलगाम हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के बैसारन इलाके में एक टूरिस्ट प्लेस पर गोलीबारी की थी, जिसमें 26 आम नागरिक मारे गए थे. यह आतंकी हमला 22 अप्रैल, 2025 को हुआ था.

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान ने भारत सीमा पर लगाई चीन से खरीदी SH-15 तोपें, किन इलाकों में हुई इनकी तैनाती?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Pakistan, Indian Navy, Pakistan Navy, Arab Sea, Operation Sindoor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com