विज्ञापन

बिहार का शख्स पाकिस्तान पहुंचा रहा था खुफिया जानकारी, असम STF ने दबोचा

असम पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि आरोपी सुरक्षा बलों से जुड़ी गोपनीय और संवेदनशील जानकारी पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव तक पहुंचा रहा था.

बिहार का शख्स पाकिस्तान पहुंचा रहा था खुफिया जानकारी, असम STF ने दबोचा
असम पुलिस ने आरोपी को गुवाहाटी में एक किराए के घर से गिरफ्तार किया.
NDTV

भारत की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं कथित तौर पर पाकिस्तान तक पहुंचाने के आरोप में असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया है. STF का दावा है कि आरोपी पाकिस्तान के एक खुफिया ऑपरेटिव के संपर्क में था और सुरक्षा बलों से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा कर रहा था. असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने रविवार को गुवाहाटी से बिहार के 31 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार सिंह को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, अभिषेक कुमार सिंह बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का रहने वाला है और उसे गुवाहाटी के सतगांव थाना क्षेत्र के गांधीनगर स्थित एक किराए के मकान से पकड़ा गया.

ISI को भेज रहा था जानकारी?

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई सेना की खुफिया इकाई (मिलिट्री इंटेलिजेंस) से मिले शुरुआती इनपुट के आधार पर की गई. STF को सूचना मिली थी कि अभिषेक कुमार सिंह कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल है और उसके संबंध एक पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) से हैं. इसके बाद STF प्रमुख पार्थ सारथी महंत के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ाई गई और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई.

असम पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि आरोपी सुरक्षा बलों से जुड़ी गोपनीय और संवेदनशील जानकारी पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव तक पहुंचा रहा था. इसी आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई. हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कथित तौर पर किस प्रकार की सूचनाएं साझा की जा रही थीं और यह गतिविधि कब से चल रही थी.

जांच के दायरे में जब्त सामग्री

गिरफ्तारी के दौरान STF ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं. पुलिस का कहना है कि जब्त सामग्री की जांच की जा रही है और उनसे मामले से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.

असम पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि कार्रवाई सैन्य खुफिया इकाई से प्राप्त सूचना के बाद की गई. STF और सोनितपुर पुलिस की संयुक्त समन्वित जांच के दौरान आरोपी के कथित संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी विकसित की गई, जिसके बाद गुवाहाटी में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया.

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क कितने व्यापक थे, उसने किन-किन लोगों से संवाद किया और कथित तौर पर पाकिस्तान तक कौन-सी जानकारी पहुंचाई गई. STF का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और आगे और खुलासे हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें: नेवी में जासूसी का मामला! पाकिस्तानी महिला के संपर्क में था नाविक, हुआ गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Assam, Pakistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com