भारत और फ्रांस ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने को लेकर संयुक्त कार्य समूह की 18वीं बैठक की. इसमें दोनों देशों ने अपने-अपने क्षेत्रों के साथ दुनियाभर में आतंकवाद से पैदा हो रहे खतरों पर चर्चा की. बातचीत में राज्य प्रायोजित आतंकवाद और सीमा पार से होने वाली आतंकी गतिविधियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों देशों ने आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप की कड़ी निंदा की. साथ ही सीमा पार आतंकवाद और हिंसक कट्टरपंथ के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
बैठक में अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले और नवंबर 2025 में नई दिल्ली के लाल किले के पास हुई आतंकी घटना की भी कड़ी निंदा की गई. बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (काउंटर टेररिज्म) सुहेल एजाज खान और फ्रांस के आतंकवाद एवं संगठित अपराध मामलों के विशेष दूत ओलिवियर कैरोन ने की.
आतंकियों की फंडिंग और नई तकनीकों के दुरुपयोग पर चर्चा
दोनों देशों ने आतंकवाद से निपटने में सामने आ रही पुरानी और नई चुनौतियों पर विचार किया. इसमें आतंकी संगठनों की ओर से आधुनिक तकनीक और वित्तीय तकनीक यानी फिनटेक के गलत इस्तेमाल से पैदा हो रहे खतरे भी शामिल रहे. भारत ने इस दौरान अपनी व्यापक राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी नीति और रणनीति 'प्रहार' की जानकारी फ्रांस के साथ साझा की.
दोनों पक्षों ने आतंकवाद के लिए होने वाली फंडिंग रोकने, ऑनलाइन कट्टरपंथ पर लगाम लगाने और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करने पर सहमति जताई. इसके अलावा प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने पर भी जोर दिया गया. संयुक्त राष्ट्र, फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) और 'नो मनी फॉर टेरर' जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सहयोग बढ़ाने का फैसला किया गया. संयुक्त कार्य समूह की अगली यानी 19वीं बैठक फ्रांस में होगी. इसकी तारीख आपसी सहमति से तय की जाएगी.
अंतरिक्ष क्षेत्र में भी साझेदारी बढ़ाएंगे दोनों देश
आतंकवाद के खिलाफ सहयोग के साथ भारत और फ्रांस ने अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी साझेदारी मजबूत करने पर भी चर्चा की. पिछले सप्ताह पेरिस में आयोजित तीसरे भारत-फ्रांस रणनीतिक अंतरिक्ष संवाद में दोनों देशों ने इस क्षेत्र में जारी सहयोग की समीक्षा की. बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी और फ्रांस के यूरोप एवं विदेश मामलों के मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएन्स ने की.
इस दौरान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और फ्रांस की अंतरिक्ष एजेंसी सीएनईएस के बीच चल रहे सहयोग पर चर्चा हुई. दोनों देशों ने अंतरिक्ष उद्योगों के बीच व्यावसायिक साझेदारी बढ़ाने के नए अवसरों पर भी विचार किया. इसके अलावा अंतरिक्ष से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार साझा किए गए. दोनों पक्षों ने इस क्षेत्र में सहयोग आगे बढ़ाने और नए अवसर तलाशने पर सहमति जताई.
यह भी पढ़ें | होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय जहाजों पर हमलों से भारत नाराज, कहा- नाविकों की सुरक्षा सबसे जरूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं