विज्ञापन

भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर गोल्ड तस्करी का भंडाफोड़, 7.8 KG से विदेशी सोना बरामद

बांग्लादेश बॉर्डर से हो रही गोल्ड तस्करी पर DRI ने 8-9 अक्टूबर को सीक्रेट ऑपरेशन चलाया. डंकुनी टोल, मालदा और न्यू जलपाईगुड़ी से 7.8 किलो विदेशी सोना जब्त किया, जिसकी कीमत 11.50 करोड़ से ज्यादा है.

भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर गोल्ड तस्करी का भंडाफोड़, 7.8 KG से विदेशी सोना बरामद
भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर गोल्ड स्मग्लिंग (Photo: NDTV)
  • भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर कार से करीब 10 करोड़ का गोल्ड बरामद किया गया.
  • मालदा टाउन और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से ट्रेन यात्रियों से 1 किलो सोना जब्त किया गया.
  • त्रिपुरा बॉर्डर से तस्करी कर लाए सोने से चूड़ियां और छड़ें बनाए गए थे.

बांग्लादेश बॉर्डर की तरफ से हो रही गोल्ड तस्करी पर नकेल कसने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने तस्करों के खिलाफ बड़े लेवल पर क्रैकडाउन ऑपरेशन शुरू किया है. डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस के मुताबिक, 8-9 अक्टूबर 2026 को पूर्वी क्षेत्र में खुफिया जानकारी के आधार पर एक सीक्रेट ऑपरेशन लांच किया गया, जिसमें करीब 7.8 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया. जब्त किए गए सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 11.50 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है. डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस के अधिकारियों के मुताबिक, तस्करी का गोल्ड बॉर्डर वाले इलाकों से कोलकाता तक लाने के लिए सड़क और रेल नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था. अब तक इस ऑपरेशन के तहत छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. 

रविवार को वित्त मंत्रालय ने इस मामले पर बयान जारी किया. मंत्रालय के मुताबिक, डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने डंकुनी टोल प्लाजा पर एक चार-पहिया गाड़ी को रोका. इस गाड़ी में चार लोग सवार थे और यह बांग्लादेश बॉर्डर के पास बनपुर से कोलकाता की ओर जा रही थी. गाड़ी और उसमें सवार लोगों की तलाशी लेने पर सोने की 50 छड़ें (गोल्ड बार) बरामद हुईं और जब्त की गईं. इनका वजन करीब 6.8 किलोग्राम था और इनकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये थी.

मंत्रालय ने आगे कहा कि गोल्ड के कुछ बिस्कुटों पर विदेशी निशान बने हुए थे. गाड़ी में सवार लोग सोने के कानूनी कब्जे को साबित करने वाले कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए और उन्होंने अपने बयानों में बांग्लादेश के रास्ते भारत में विदेशी मूल का सोना तस्करी करने में अपनी भूमिका स्वीकार की.

यह भी पढ़ें | प्लेन के टॉयलेट को बनाया सोने की तिजोरी, साउंड स्पीकर में छिपाए 24 गोल्ड बिस्किट, कीमत करोड़ों में

1.5 करोड़ का गोल्ड जब्त...

गिरफ्तार किए गए चार लोगों में बनपुर बॉर्डर इलाके में काम करने वाले सिंडिकेट का सरगना भी शामिल था. उसी दिन, पश्चिम बंगाल में DRI की टीमों ने मालदा टाउन रेलवे स्टेशन और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों से यात्रा कर रहे यात्रियों को रोका और उनके पास से करीब 1.5 करोड़ रुपये कीमत का करीब 1 किलो विदेशी सोना जब्त किया. जब वे सोने की कानूनी खरीद के दस्तावेज नहीं दिखा पाए, तो इन दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

जांच से पता चला है कि जब्त किया गया गोल्ड (चूड़ी, सोने की छड़ें) त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के रास्ते तस्करी करके लाए गए सोने से बनाया गया था. इस ऑपरेशन से खुलासा हुआ है कि तस्करी के सोने को लाने-ले जाने के लिए बांग्लादेश से लगी सीमाई इलाकों के साथ-साथ नॉर्थ-ईस्ट को कोलकाता जैसे बड़े बाजारों से जोड़ने वाले सड़क और रेल कॉरिडोर का बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें | तस्करी कर दिल्ली तक ले आया ₹21 करोड़ का सोना, कूरियर और 'क्रिप्टो' के जरिए ऐसे चल रहा था पूरा खेल !

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Bangladesh Border, Gold Smuggling, Crime News, Ministry Of External Affairs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com