विज्ञापन

4000 जवान, 200 CCTV, 14 सुरक्षा जोन... रामलीला मैदान में आज INDIA गठबंधन की रैली, दिल्ली पुलिस भी तैयार

रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन की निगरानी सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी करेंगे. निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के अलावा ड्रोन और पुलिसकर्मियों के शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा.

4000 जवान, 200 CCTV, 14 सुरक्षा जोन... रामलीला मैदान में आज INDIA गठबंधन की रैली, दिल्ली पुलिस भी तैयार
  • विपक्षी इंडिया गठबंधन ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की है
  • चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग है, इसमें कई नेता शामिल हो रहे हैं
  • दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिए 4000 से अधिक जवान तैनात किए हैं, रैली में 10 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है
नई दिल्ली:

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन के शनिवार को प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग' का प्रस्ताव पारित होने के बाद आज दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली है. चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित ‘दिल्ली चलो' मार्च तथा रैली में शामिल होने के लिए कई राज्यों से विपक्षी दलों के नेता और समर्थक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे हैं. इसके लिए सुरक्षा की भी चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है.

इस रैली में 10 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है, जबकि सुरक्षा और भीड़ को संभालने के लिए पुलिस ने 4,000 से ज्यादा जवानों को तैनात किया है. कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर में मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक 'चलो दिल्ली' मार्च के साथ होगी. रामलीला मैदान में रैली दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी.

'इंडिया' गठबंधन के नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से मार्च शुरू होने की जगह तक खुली बसों में जाएंगे. इस विरोध प्रदर्शन में विपक्षी दलों के नेताओं और समर्थकों के साथ-साथ छात्र समूहों और नागरिक समाज संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है. 'इंडिया' गठबंधन ने छात्रों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. ‘कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) और कुछ छात्र संगठनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है.

Latest and Breaking News on NDTV
रामलीला मैदान में मुख्य मंच के ऊपर विशाल तिरंगा शामियाना लगाया गया है और ‘इंडिया' गठबंधन के घटक दलों के प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं. विपक्षी गठबंधन का मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से शुरू होगा और रामलीला मैदान पहुंचेगा. इसके बाद रामलीला मैदान में ‘इंडिया' गठबंधन के नेता रैली को संबोधित करेंगे.

रामलीला मैदान में पिछले कुछ दिनों से तैयारियां तेज हैं. वरिष्ठ विपक्षी नेताओं के लिए बनाए गए मुख्य मंच के ऊपर विशाल तिरंगामयी शामियाना लगाया गया है, जबकि ‘इंडिया' गठबंधन की प्रदेश इकाइयों के प्रतिनिधियों के लिए दूसरा मंच तैयार किया गया है.

मैदान में सफेद शामियानों की कतारें लगाई गई हैं. लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए लोहे के अवरोधक लगाए गए हैं और अस्थायी मंच तैयार किए गए हैं. कुर्सियां एवं अन्य सामग्री लेकर ट्रक भी लगातार आयोजन स्थल पहुंच रहे हैं.

‘इंडिया' गठबंधन के नेताओं ने रैली में 10 लाख तक लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है, जबकि दिल्ली पुलिस का अनुमान करीब 50,000 लोगों के जुटने का है. अधिकारियों के अनुसार, खाली होने की स्थिति में रामलीला मैदान में लगभग 45,000 से 50,000 लोग आ सकते हैं, लेकिन कुर्सियां, घेरे और आवाजाही के लिए निर्धारित रास्ते बनाए जाने के बाद इसकी क्षमता घटकर करीब 30,000 से 40,000 रह जाएगी. भीड़ अधिक होने की स्थिति से निपटने के लिए मैदान के बाहर भी जगह रखी जाएगी.

Latest and Breaking News on NDTV

विपक्षी गठबंधन के मार्च के मार्ग और रामलीला मैदान में सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियों के साथ 4,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे.

रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन की निगरानी सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी करेंगे. निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के अलावा ड्रोन और पुलिसकर्मियों के शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा. मैदान के भीतर एक नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है.

रैली के मद्देनजर रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात संबंधी पाबंदियां रहेंगी. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि रामलीला मैदान में रैली की अनुमति दी गई है, लेकिन मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से प्रस्तावित जुलूस के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.

यह रैली मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार के खिलाफ ‘इंडिया' गठबंधन द्वारा शनिवार को किए गए प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग' के ठीक अगले दिन हो रही है. खरगे के आवास पर आयोजित ‘जन महाभियोग' की कार्यवाही की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने की. खरगे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विपक्ष के आरोपों वाला प्रस्ताव पेश किया और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने समापन भाषण दिया. इसके बाद प्रस्ताव को पारित किया गया.
Latest and Breaking News on NDTV

इस कार्यवाही में विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से प्रभावित होने का दावा करने वाले लोगों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम की कार्यवाही को संसदीय चर्चा की तर्ज पर आयोजित किया गया.

‘इंडिया' गठबंधन पिछले कुछ समय से कथित ‘वोट चोरी' के खिलाफ सिलसिलेवार विरोध प्रदर्शन कर रहा है. विपक्ष का आरोप है कि निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिये बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने में भूमिका निभाई है. विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी संपर्क कर चुके हैं और उच्चतम न्यायालय का रुख भी किया है.

इसे भी पढ़ें: दिल्ली: रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की महारैली, कई रास्ते बंद; निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक एडवाइजरी

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रपति से फिर मिलेंगे INDIA अलायंस के नेता, दिवाली के बाद ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'सबूत' देने की तैयारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Alliance Rally, Ramlila Maidan Rally, Delhi Police, Delhi Traffic Updates, Delhi Traffic Update Today Live
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com