कर्नाटक में 2028 विधानसभा चुनाव की राजनीतिक बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है. केंद्रीय मंत्री और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का बड़ा वादा करते हुए कहा है कि यदि 2028 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनती है तो ग्रामीण परिवारों की प्रत्येक महिला को दो गाय दी जाएंगी. कुमारस्वामी ने दावा किया कि यह योजना महिलाओं को स्वावलंबी बनाने में मदद करेगी. इसके साथ ही उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के आंदोलन को लेकर राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए.
महिला वोटर्स को साधने की कोशिश, कांग्रेस की गारंटी पर निशाना
एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि आजकल चुनावों में विभिन्न दल लोगों के खातों में सीधे नकद राशि देने के वादे कर रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस की गारंटी योजनाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि आगे कांग्रेस कौन सी नई गारंटी लेकर आएगी.
"Not Two Thousand but Two Cows for women of each household" HD Kumarswamy's promise ahead of assembly elections. Looks like the season of promises in back in Karnataka. https://t.co/Z6cfF8f2Zt
— Deepak Bopanna (@dpkBopanna) November 27, 2026
कुमारस्वामी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे महिलाएं खुद कमाने वाली बनें और आर्थिक रूप से मजबूत हों.
आशा कार्यकर्ताओं के आंदोलन पर सरकार की आलोचना, वेतन बढ़ाने की मांग पर अड़ीं वर्कर्स
कुमारस्वामी ने बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में जारी आशा कार्यकर्ताओं के धरने को लेकर भी राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का रवैया 'अमानवीय' है और गरीबों के प्रति संवेदनहीन है. कुमारस्वामी ने कहा कि आंदोलन कर रही आशा कार्यकर्ताओं को न तो मुख्यमंत्री और न ही किसी जिम्मेदार मंत्री ने औपचारिक बातचीत के लिए बुलाया है. उन्होंने कहा कि 10 दिनों से महिलाएं अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठी हैं, लेकिन सरकार की ओर से सार्थक पहल नहीं दिखाई दे रही है.
उमा देवी ने कहा कि बारिश, ठंड और अन्य कठिन परिस्थितियों के बावजूद कई महिलाएं छोटे बच्चों के साथ धरना स्थल पर मौजूद हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही.
मुख्यमंत्री ने आंदोलन खत्म करने की अपील की
वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने आशा कार्यकर्ताओं से आंदोलन समाप्त करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सरकार उनकी समस्याओं से अवगत है और समाधान निकालने के लिए प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वह वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले पर चर्चा करेंगे और उचित समाधान तलाशेंगे.
यह भी पढ़ें : कर्नाटक स्टिंग ऑपरेशन विवाद: सरकार ने कहा- ये तो सिर्फ ट्रेलर है, कुमारस्वामी का पलटवार- मुझे छू नहीं सकते
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं