विज्ञापन
OPINION

राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजे: बाबोसा की उपजाऊ जमीन पर कैसे मुरझा गया कमल?

राजस्थान के पंचायत चुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी को मिली करारी हार और उसके कारणों पर प्रकाश डाल रहे हैं आशुतोष कुमार.

आशुतोष कुमार
  • असिस्टेंट प्रोड्यूसर
राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजे: बाबोसा की उपजाऊ जमीन पर कैसे मुरझा गया कमल?

बाबोसा यानी पूर्व राष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत. राजस्थान की राजनीति का वो शख्स, जिसने बीजेपी को शून्य से शिखर तक पहुंचाया. तीन बार मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली और मरुधरा में कमल खिलाया. 1977, 1990 और 1993, तीन अलग-अलग दौर, लेकिन हर बार राजस्थान की सियासत में अपनी मजबूत छाप छोड़ने वाले बाबोसा. लेकिन उसी राजस्थान की उपजाऊ सियासी जमीन पर आज कमल मुरझाया नजर आ रहा है. पंचायत चुनाव 2026 में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं बीजेपी के हिस्से आई अब तक की सबसे बड़ी हार. 37 जिला परिषदों में से कांग्रेस को जयपुर समेत 23 जगहों पर बहुमत मिला, जबकि बीजेपी केवल पांच जिलों में सिमट गई. 419 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 275 पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया तो बीजेपी केवल 63 पंचायत समितियों में जीत दर्ज कर पाई.

यूं तो चुनाव में हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं. पिछले पंचायत चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व पर जनता मेहरबान थी, लेकिन इस बार की हार पिछले तीन दशकों के पंचायत चुनाव में बीजेपी की सबसे बड़ी हार मानी जा रही है. अब जनता मानो यही कह रही है,'मुझसे पहली सी मोहब्बत मेरे महबूब न मांग...'

मरुधरा और ढाणियों ने सोख लिया 'पानी'

15 दिसंबर 2026 को भजनलाल सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं. राजस्थान बीजेपी राम जलसेतु योजना, यमुना जल परियोजना पर सहमति और नर्मदा जल जैसी योजनाओं को अपनी उपलब्धियां बता रही है. पानी के इन वादों और परियोजनाओं के सहारे बीजेपी मरुधरा से लेकर सुदूर गांवों तक 'कमल' खिलाने का दावा कर रही थी. लेकिन चुनावी नतीजों ने इस दावे की जमीन खिसका दी. कांग्रेस की जमीनी पकड़ इतनी मजबूत रही कि बीजेपी को गले में कमल की 'हार' पहनने पर मजबूर कर दिया.

यह परिणाम राजस्थान में कांग्रेस का शानदार कमबैक है. इसका श्रेय सबसे पहले 'जादूगर' अशोक गहलोत को जाता है. पूर्व मुख्यमंत्री का अनुभव पार्टी के लिए वरदान साबित हुआ. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, गोविंद सिंह डोटासरा और प्रताप सिंह खाचरियावास ने जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाए रखा और अपनी रणनीति से जनता को साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

वहीं, बीजेपी के हिस्से आई अब तक की सबसे बड़ी हार ने सरकार के मंत्रियों की जमीनी हकीकत सामने ला दी. सरकार के 17 मंत्रियों और तीन केंद्रीय मंत्रियों के क्षेत्रों में बीजेपी कहीं टक्कर में भी नहीं आ पाई. निकाय चुनाव की जीत का शोर या अंदरूनी कलह, परिणामों के पीछे की वजह हो सकती है.

इन चुनावों में कई बड़े उलटफेर भी देखने को मिले.यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे चुनाव हार गए. कई बड़े चेहरे अपनी सीट भी नहीं बचा पाए. इसके पीछे दो प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं, यूजीसी एक्ट और ईडब्लूएस सरलीकरण आंदोलन का असर. साथ ही, गांव-कस्बों में मंत्रियों और विधायकों के पास जनता को गिनाने के लिए विकास के काम भी कम थे. 

कौन है किंगमेकर

न्यूटन का 'सेब' अब बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए फांस बन गया है, न निगला जा रहा है, न उगला जा रहा है. पंचायत चुनाव में निर्दलीयों और छोटे दलों की भूमिका ने बड़े दलों के समीकरण उलझा दिए हैं. अब बात रही आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल की, जो नागौर से पहली बार जिला प्रमुख बनाने जा रहे हैं. आरएलपी प्रदेश में तीसरी ताकत बनकर उभरी है. बेनीवाल के अलावा सांसद राजकुमार रोत और नरेश मीणा का अपना मजबूत वोट बैंक है, जिसने चुनावी समीकरणों में अहम भूमिका निभाई.

अब वार्डों का आंकड़ा देखें तो 1,275 जिला परिषद वार्डों में कांग्रेस को 794, बीजेपी को 357, आरएलपी को 51, बीएपी को 43 और अन्य को छह सीटें मिलीं. वहीं, 7,543 पंचायत समिति वार्डों में कांग्रेस को 3,758, बीजेपी को 2,213, आरएलपी को 497, बीएपी को 278 और अन्य को 774 सीटें मिलीं. 

(डिस्क्लेमर: लेखक एनडीटीवी के राजस्थान चैनल में कार्यरत हैं. इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BJP, Congress, Rajasthan Bjp
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com