Tata Steel Job Opportunity: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा स्टील फिर से अर्ली सेपरेशन स्कीम (ESS) स्कीम लेकर आई है. इसके तहत कर्मचारी समय से पहले रिटायरमेंट लेंगे तो कंपनी में उनके आश्रित यानी बेटे-बेटी की नौकरी लग जाएगी. नए ग्रेड सिस्टम में ब्लॉक-3 से नीचे के कर्मचारियों को इस स्कीम का फायदा मिलेगा. दरअसल, अपने कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार देने के लिए कंपनी ये स्कीम लेकर आई है. टाटा स्टील ने इसे 'सुनहरे भविष्य की योजना 4.0' (SBKY 4.0) नाम दिया है.
इस योजना के तहत पात्र कर्मचारी समय से पहले कंपनी से अलग हो सकते हैं और उनके आश्रितों को टाटा स्टील की सहयोगी कंपनी में नौकरी पाने का अवसर मिल सकता है. कंपनी की CPO यानी चीफ पीपुल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल की ओर से जारी सर्कुलर के हवाले से ये जानकारी दी गई है.
सर्कुलर के मुताबिक, ये स्कीम 15 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी. इसके तहत चयनित आश्रितों को टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड (TSTSL) में तकनीकी कामकाज से जुड़े पदों पर ट्रेनिंग और प्लेसमेंट (जॉब) का अवसर दिया जाएगा.15 दिसंबर 2026 योजना की डेडलाइन है, जबकि कार्यमुक्त यानी रिटायर होने की डेडलाइन 14-15 फरवरी है.
किन कर्मचारियों को मिलेगा योजना का लाभ?
कंपनी के आदेश के मुताबिक, ESS जमशेदपुर संगठन के सभी यूनियन कर्मचारियों पर लागू होगी. इसमें ट्यूब्स डिवीजन के कर्मचारी भी शामिल हैं. हालांकि, नए ग्रेड सिस्टम में ब्लॉक-3 और उससे ऊपर के अधिकारी और कर्मचारी इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे. यानी योजना का लाभ लेने के लिए कर्मचारी को निर्धारित ग्रेड और अन्य पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी.
आश्रित को मिलेगा रोजगार का मौका
इस योजना का सबसे अहम हिस्सा 'नौकरी छोड़ो-नौकरी पाओ' का विकल्प है. इसके तहत योजना का लाभ लेने वाले कर्मचारी के आश्रित को टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड (TSTSL) में रोजगार का अवसर दिया जाएगा.
आश्रितों को मौजूद वैकेंसी के आधार पर क्रेन ऑपरेशन, लोको ऑपरेशन और एचईएमएम (HEMM) ऑपरेशन जैसे तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण और नियुक्ति के लिए चुना जा सकता है.
इसका मतलब है कि कर्मचारी के समय से पहले कंपनी छोड़ने के विकल्प के साथ उसके आश्रित के लिए रोजगार का रास्ता भी खुल सकता है. हालांकि, नियुक्ति उपलब्ध पदों और चयन प्रक्रिया की शर्तों पर निर्भर करेगी.
ट्रेनिंग के दौरान भी मिलेंगे पैसे, पास करनी होगी परीक्षा
इस योजना के तहत चयनित आश्रितों को संबंधित काम की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी. इस दौरान उन्हें TSTSL की ओर से तय दर के मुताबिक हर महीने स्टाइपेंड भी मिलेगा.
ट्रेनिंग पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा. निर्धारित परीक्षा में सफल होने पर उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार उन्हें उपयुक्त ग्रेड में नियुक्त किया जाएगा.
अगर कोई अभ्यर्थी पहली मूल्यांकन परीक्षा में सफल नहीं हो पाता है, तो उसे एक और मौका मिलेगा. इसके लिए SNTI की ओर से सप्लीमेंट्री परीक्षा आयोजित की जाएगी.
हालांकि, दोनों प्रयासों में असफल रहने या बीच में प्रशिक्षण छोड़ने पर नौकरी पाने का विकल्प समाप्त हो जाएगा.
ऐसी स्थिति में संबंधित कर्मचारी को योजना के तहत मिलने वाला आर्थिक लाभ निर्धारित शर्तों के मुताबिक मिलता रहेगा.
नौकरी नहीं मिली तो अप्रेंटिसशिप या डिप्लोमा का विकल्प
योजना के तहत सभी आश्रितों को सीधे नौकरी का विकल्प नहीं मिल पाएगा. जो आश्रित 'नौकरी छोड़ो-नौकरी पाओ' के तहत प्रशिक्षण के लिए चयनित नहीं होंगे या इस विकल्प को नहीं चुनेंगे, उन्हें ट्रेड अप्रेंटिस या डिप्लोमा प्रशिक्षण का विकल्प दिया जाएगा.
इसके लिए पहले से तय पात्रता और चयन संबंधी मानदंड लागू होंगे. योजना से जुड़ी बाकी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी.
सुनहरे भविष्य की योजना 4.0 के जरिए टाटा स्टील पात्र कर्मचारियों को समय से पहले कंपनी छोड़ने का विकल्प दे रही है. इसके साथ उनके आश्रितों को तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर भी मिल सकता है.
यह भी पढ़ें | PF खाते में 25 लाख हैं तो हर महीने निकाल पाएंगे 15 हजार रुपये, पूरा पैसा बढ़ता रहेगा! EPFO के नए नियम समझ लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं