राजस्थान नगर निकाय चुनाव में इस बार नई-नई कहानी सामने आ रही है. सबसे पहले राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों की लिस्ट लास्ट समय आई. वह भी सिर्फ कुछ जगहों पर. बाकी कांग्रेस और बीजेपी ने सीधे रिटर्निंग ऑफिस के पास सिंबल भेजे. इसके बाद नामांकन का समय आया तो कई अनोखे-अनोखे घटनाक्रम हुए. ऐसे ही अब एक और कहानी सामने आया है, जो अपने आप में काफी अनोखी है. आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) की एक छात्रा मल्टीनेशनल कंपनियों के लाखों-करोड़ों के पैकेज को छोड़कर नगर निकाय के चुनावी मैदान में है. अब इस छात्रा की काफी चर्चा हो रही है.
निकाय चुनाव के मैदान में गायत्री दुआ
आईआईटी दिल्ली की यह छात्रा झालावाड़ जिले में नगर निकाय चुनाव में उम्मीदवार है. छात्रा का नाम गायत्री दुआ है और वह IIT की अंतिम वर्ष की छात्रा हैं. गायत्री दिल्ली आईआईटी में रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक तकनीकी विषयों की पढ़ाई कर रही है. पढ़ाई पूरी करने के बाद गायत्री के सामने मल्टीनेशनल कंपनी में करियर बनाने का मौका था, लेकिन उन्होंने अपने घर लौटकर राजनीति के मैदान में उतरने का फैसला किया.
गायत्री दुआ झालरापाटन के वार्ड नंबर 27 से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार हैं. उनका कहना है कि युवा पीढ़ी को सिर्फ नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज और अपने शहर के विकास में भी भागीदारी करनी चाहिए. IIT जैसी प्रतिष्ठित संस्था में पढ़ाई कर रही गायत्री का चुनाव लड़ने का फैसला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
गायत्री के पिता हैं बीजेपी के मंडल उपाध्यक्ष
खास बात यह भी है कि गायत्री का परिवार लंबे समय से राजनीति से जुड़ा रहा है. उनके पिता का बीजेपी से गहरा नाता रहा है. गायत्री के पिता बीजेपी के पार्षद रह चुके हैं और अभी बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष हैं. इसके अलावा वे विश्व हिंदू परिषद के जिला कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं. ऐसे राजनीतिक परिवार से आने वाली गायत्री का आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरना भी सियासी चर्चा का विषय बना हुआ है.
एक तरफ IIT की पढ़ाई और रोबोटिक्स-एआई का करियर, तो दूसरी तरफ स्थानीय राजनीति का मैदान.... गायत्री दुआ ने करियर की संभावनाओं के बीच चुनावी राजनीति को चुना है. अब वार्ड 27 के मतदाता उनके इस फैसले को कितना समर्थन देते हैं, इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद होगा.
यह भी पढे़ं-
5वीं बार चुनावी मैदान में बीजेपी के जय-वीरू की जोड़ी, दोनों के नाम दर्ज है खास रिकॉर्ड
राजसमंद में AAP के अकेले प्रत्याशी ने दिया धोखा, निकाय चुनाव में BJP उम्मीदवार को दे दिया समर्थन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं