विज्ञापन

जर्मनी में मिला प्यार, हिमाचल में हुई शादी, इंग्लैंड के दूल्हे ने पालकी में बैठकर निभाई हिंदू परंपरा

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग की रहने वाली नेहा चौहान इन दिनों अपनी अनोखी शादी और उपलब्धियों को लेकर चर्चा में हैं. कृषि एवं पर्यावरण विषय में पीएचडी कर जर्मनी में कार्यरत नेहा की मुलाकात वहीं इंग्लैंड मूल के स्पेस इंजीनियर से हुई. दोनों ने शादी के लिए भारतीय परंपरा को चुना और करसोग में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया.

जर्मनी में मिला प्यार, हिमाचल में हुई शादी, इंग्लैंड के दूल्हे ने पालकी में बैठकर निभाई हिंदू परंपरा

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के करसोग उपमंडल की प्रतिभा आज सात समंदर पार भी अपनी पहचान बना रही है. करसोग की एक होनहार बेटी की शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.  खास बात यह है कि इस शादी में इंग्लैंड मूल के दूल्हे ने भारतीय संस्कृति और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की सभी रस्में निभाईं. दूल्हा यहां के रीति रिवाजों के अनुरूप पालकी में सवार होकर दुल्हन को लेने पहुंचा और पारंपरिक अंदाज में सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया.

यह विवाह ग्राम पंचायत रिछनी के प्रधान लवेशर चौहान की बेटी नेहा चौहान का है, जिनकी शादी करसोग स्थित उनके आवास पर पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई. विदेशी दूल्हे और भारतीय संस्कृति के इस अनूठे संगम ने न केवल स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोरी.

करसोग से शिमला और दिल्ली होते हुए जर्मनी तक पहुंचा नेहा का सफर

नेहा चौहान की शैक्षणिक यात्रा भी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. नेहा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा करसोग स्थित रूट मॉडल पब्लिक स्कूल से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने आरकेएमवी शिमला और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), दिल्ली में उच्च शिक्षा हासिल की.

अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर नेहा ने जर्मनी से कृषि एवं पर्यावरण विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की. पीएचडी पूरी करने के बाद वर्तमान में वह जर्मनी में ही कार्यरत हैं. छोटे से पहाड़ी क्षेत्र करसोग से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक और व्यावसायिक पहचान स्थापित करना उनकी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

जर्मनी में हुई मुलाकात, करसोग में परिणय सूत्र में बंधे

नेहा के पिता एवं ग्राम पंचायत रिछनी के प्रधान लवेशर चौहान  ने बातचीत में बताया कि नेहा और उनके जीवनसाथी की मुलाकात जर्मनी में ही हुई थी. नेहा के पति मूल रूप से इंग्लैंड से हैं और वह भी जर्मनी में स्पेस इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं. दोनों की मुलाकात के बाद आपसी समझ और सहमति से विवाह का निर्णय लिया गया.

इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि विदेश में रहने और अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से संबंध रखने के बावजूद दोनों ने भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह करने का निर्णय लिया. इसके चलते करसोग में आयोजित विवाह समारोह पूरी तरह पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुरूप संपन्न हुआ. दूल्हे का पालकी में बैठकर दुल्हन को लेने पहुंचना और सात फेरे लेना समारोह के खास आकर्षण रहे.

विदेशों में करसोग की प्रतिभा बना रही अलग पहचान

नेहा चौहान की यह उपलब्धि केवल एक परिवार की खुशी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे करसोग क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. आज करसोग के अनेक युवा शिक्षा, तकनीक, विज्ञान, व्यवसाय और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं. 

विदेशों में बड़ी जिम्मेदारियों और प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत करसोग के युवाओं ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती. करसोग जैसे ग्रामीण एवं पहाड़ी क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना यहां के युवाओं की मेहनत, अभिभावकों के संघर्ष और शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है. नेहा चौहान भी इसी कड़ी की एक सशक्त उदाहरण हैं.

विदेशी रिश्तों और पर्यटन के लिहाज से भी चर्चा में करसोग

करसोग क्षेत्र में अलग-अलग देशों से जुड़े वैवाहिक रिश्ते भी समय-समय पर चर्चा का विषय बनते रहे हैं. क्षेत्र में इटली, ऑस्ट्रिया सहित अन्य देशों से दुल्हनें आने के उदाहरण भी सामने आए हैं. अब इंग्लैंड मूल के दूल्हे का करसोग पहुंचकर भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह करना इस सांस्कृतिक जुड़ाव की एक और मिसाल है. ऐसे आयोजन करसोग की सांस्कृतिक पहचान, यहां की पारंपरिक मेहमाननवाजी और प्राकृतिक सुंदरता को भी व्यापक पहचान दिलाते हैं. इससे विदेशों में बसे लोगों और उनके परिवारों के माध्यम से करसोग के प्रति रुचि बढ़ने की संभावनाएं भी बनती हैं. पर्यटन की दृष्टि से भी यह क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध लोक संस्कृति के कारण विशेष पहचान रखता है.

करसोग के युवाओं के लिए प्रेरणा बनी नेहा

नेहा चौहान की कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे कस्बों और गांवों से निकलकर बड़े सपने देखते हैं. करसोग के एक स्कूल से शिक्षा की शुरुआत कर शिमला, दिल्ली और फिर जर्मनी तक का सफर तय करना यह संदेश देता है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और शिक्षा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है.

एक ओर नेहा ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों से करसोग का नाम रोशन किया है, वहीं दूसरी ओर उनका विवाह भारतीय संस्कृति और विदेशी परिवेश के खूबसूरत मेल की मिसाल बन गया है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इस विवाह की चर्चा के साथ-साथ करसोग की बेटी की प्रतिभा और उपलब्धियों की भी खूब सराहना हो रही है.

करसोग की इस बेटी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पहाड़ की प्रतिभा की उड़ान सीमाओं में बंधी नहीं होती.

यह भी पढ़ें: भाजपा पार्षद के बेटे की 'कार रेसिंग' में कपल की मौत? सीसीटीवी वीडियो आया सामने, क्या बोला पीड़ित परिवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Himachal News, Indian Wedding
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com