विज्ञापन

नदी में मगरमच्छ, ऊपर पर्यटक... वडोदरा में 12.70 करोड़ रुपये से बनेगा अनोखा 'क्रोकोडाइल ब्रिज'

वडोदरा का यह क्रोकोडाइल ब्रिज शहर के प्रसिद्ध सयाजीबाग क्षेत्र में बनाया जाएगा. पहले से ही यह स्थान स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है.

नदी में मगरमच्छ, ऊपर पर्यटक... वडोदरा में 12.70 करोड़ रुपये से बनेगा अनोखा 'क्रोकोडाइल ब्रिज'
गुजरात में नदी में मगरमच्छ देखने के लिए अनॉकह ब्रिज बनाया जा रहा है.
  • वडोदरा में विश्वामित्री नदी पर लगभग बारह करोड़ सत्तर लाख रुपये की लागत से क्रोकोडाइल ब्रिज बनाने की योजना है
  • यह ब्रिज लोगों को मगरमच्छों को उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित तरीके से देखने का अवसर प्रदान करेगा
  • नगर निगम इस परियोजना के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण और शहरी जैव विविधता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना चाहता है

गुजरात का वडोदरा शहर जल्द ही एक ऐसी परियोजना का गवाह बनने जा रहा है, जो पर्यटन, प्रकृति और शहरी विकास का अनोखा मेल होगी. शहर की पहचान बन चुकी विश्वामित्री नदी पर एक विशेष "क्रोकोडाइल ब्रिज" बनाने की योजना तैयार की गई है. इस पुल की मदद से लोग सुरक्षित तरीके से नदी में रहने वाले मगरमच्छों को उनके प्राकृतिक वातावरण में देख सकेंगे.

वडोदरा नगर निगम ने इस परियोजना का प्रारंभिक डिजाइन तैयार कर लिया है. करीब 12.70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ब्रिज शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक माना जा रहा है.

विश्वामित्री नदी की खास पहचान हैं मगरमच्छ

विश्वामित्री नदी लंबे समय से मगरमच्छों की बड़ी आबादी के लिए जानी जाती है. नदी के कई हिस्सों में अक्सर मगरमच्छ दिखाई देते हैं और यह वडोदरा की एक अलग पहचान बन चुके हैं. अब नगर निगम इस प्राकृतिक विशेषता को पर्यटन और जनजागरूकता से जोड़ना चाहता है.

योजना के तहत ऐसा प्लेटफॉर्म और वॉकवे तैयार किया जाएगा, जहां से लोग मगरमच्छों को बिना किसी खतरे के देख सकेंगे. इससे वन्यजीवों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा और लोगों को भी रोमांचक अनुभव मिलेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

चिड़ियाघर नहीं, प्राकृतिक वातावरण में होंगे दर्शन

आमतौर पर लोग मगरमच्छों को चिड़ियाघरों या सफारी पार्कों में देखते हैं, लेकिन यह परियोजना उससे अलग होगी. यहां मगरमच्छ किसी बाड़े में नहीं बल्कि अपने प्राकृतिक नदी तंत्र में दिखाई देंगे. यही वजह है कि इस ब्रिज को सिर्फ पर्यटन परियोजना नहीं बल्कि शहरी जैव विविधता को करीब से समझने का मौका भी माना जा रहा है. नगर निगम का मानना है कि इससे बच्चों, छात्रों और प्रकृति प्रेमियों को वन्यजीव संरक्षण के बारे में बेहतर जानकारी मिलेगी.

सयाजीबाग की बढ़ेगी लोकप्रियता

प्रस्तावित क्रोकोडाइल ब्रिज शहर के प्रसिद्ध सयाजीबाग क्षेत्र में बनाया जाएगा. पहले से ही यह स्थान स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है. नए आकर्षण के जुड़ने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. नगर निगम को विश्वास है कि यह परियोजना वडोदरा के इको-टूरिज्म मॉडल को नई पहचान देगी और शहर को देश के चुनिंदा अनोखे पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल कर सकती है.

Latest and Breaking News on NDTV

अगले साल शुरू हो सकता है निर्माण

अधिकारियों के अनुसार परियोजना का डिजाइन तैयार हो चुका है और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अगले साल की शुरुआत में निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है. फिलहाल टेंडर प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, विजिटर सुविधाओं और संचालन से जुड़े अंतिम खाके पर काम चल रहा है. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो आने वाले समय में वडोदरा के लोग और पर्यटक नदी के ऊपर बने इस खास ब्रिज से मगरमच्छों को नजदीक से देखने का रोमांचक अनुभव ले सकेंगे.

यह भी पढ़ें | असम में नया एयरपोर्ट और तमिलनाडु में कंटेनर टर्मिनल को हरी झंडी... मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vadodara News, Crocodile Bridge, Gujarat News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com