- गुजरात के नवसारी और वलसाड में भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है.
- वलसाड के उमरगांव तालुका में 36 घंटे में रिकॉर्ड 1200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
- राहत कार्यों के लिए NDRF, SDRF और सेना की टीमें तैनात की गई हैं, साथ ही स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं.
Gujarat Rain Flood Updates: गुजरात में भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. दक्षिण गुजरात के कई जिलों में तो त्राहिमाम जैसी स्थिति है. नदी-नाले तो छोड़िए गांव-कस्बे के साथ-साथ बाजारों में पानी भर गया है. कई जगहों पर हाईवे और रेल पटरियों पर भी पानी चढ़ आया है. आलम यह है कि हेलीकॉप्टर से लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है. इसके वीडियो भी सामने आए. NDRF, SDRF के साथ-साथ स्थानीय पुलिस-प्रशासन भी राहत-बचाव कार्य में जुटी है. सीएम भूपेंद्र पटेल भी बाढ़ग्रस्त इलाकों में लगातार दौरा कर राहत-बचाव कार्य का जायजा लेते नजर आए.
गुजरात के किन इलाकों में बाढ़ की विभीषका
गुजरात में बीते कुछ दिनों से जारी से भारी बारिश के कारण दक्षिण गुजरात के नवसारी और वलसाड सबसे अधिक प्रभावित है. अधिकारियों ने बताया कि बताया कि अकेले वलसाड में करीब 1,200 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. वहीं, वलसाड और पड़ोसी जिले नवसारी से मिलाकर 22,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
नवसारी और वलसाड के अलावा सूरत, अहमदाबाद, खेड़ा, तापी और डांग में भी बुधवार से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
નવસારી જિલ્લાના મેંઢાર ગામે વિકટ પરિસ્થિતિ વચ્ચે ઇન્ડિયન કોસ્ટ ગાર્ડ દ્વારા હાથ ધરાયેલું સફળ એર-રેસ્ક્યુ ઓપરેશન જનસલામતી માટે જાંબાઝ જવાનોના સમર્પણ અને સાહસ તેમજ જિલ્લા વહીવટી તંત્રની સતર્કતાનું ઉત્કૃષ્ટ ઉદાહરણ છે.
— CMO Gujarat (@CMOGuj) July 24, 2026
મુખ્યમંત્રી શ્રી ભૂપેન્દ્રભાઈ પટેલના નેતૃત્વમાં સમગ્ર તંત્ર… https://t.co/puPwEAx62S
वलसाड के उमरगांव में बीते 36 घंटों में 1200 मिमी बारिश
वलसाड जिले के उमरगांव तालुका में बीते 36 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 1,200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित जिलों में NDRF और राज्य के आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तैनात किया गया है. इसके अलावा, राहत और बचाव कार्यों के लिए नवसारी और वलसाड जिलों में सेना की दो टुकड़ियों को भी तैनात किया गया है.
गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, वलसाड जिले की उमरगांव तालुका में बुधवार सुबह 6 बजे से बृहस्पतिवार शाम 6 बजे तक 36 घंटों के भीतर 1,200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई.

गुजरात के वापी में भारी बारिश और बाढ़ के कारण दर्जनों कारें पानी में डूब गईं.
सभी प्रभावित जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
कैबिनेट मंत्री जीतू वाघानी ने बताया कि राहत आयुक्त गौरांग मकवाणा ने शुक्रवार को सभी प्रभावित जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रखने की घोषणा की है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की और बारिश से प्रभावित जिलों के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
22 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया
राहत आयुक्त गौरांग मकवाणा ने संवाददाताओं को बताया, 'अब तक वलसाड में 12,000 से अधिक और नवसारी में 10,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. नवसारी जिले में विभिन्न स्थानों पर फंसे 50 से अधिक लोगों को और वलसाड में 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है.'

वलसाड, नवसारी और सूरत की सभी नदियां उफान पर
वलसाड, नवसारी और सूरत की सभी नदियां उफान पर हैं, जिससे आसपास के इलाकों और गांवों में पानी भर गया है. एसईओसी के अनुसार, नवसारी जिले के चिखली और खेरगाम तालुका में बुधवार सुबह 6 बजे से 36 घंटों के भीतर क्रमशः 800 और 650 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
दक्षिण गुजरात के जिलों के अलावा, अहमदाबाद और खेड़ा जिलों में भी बृहस्पतिवार को मूसलाधार बारिश हुई. एसईओसी के आंकड़ों के मुताबिक, अहमदाबाद के ढोलका तालुका में सुबह 6 बजे समाप्त हुए 12 घंटों में 339 मिमी बारिश दर्ज की गई.
वाव-थराद, गुजरात: वाव-थराड, गुजरात: 5 इंच से ज़्यादा भारी बारिश से भाबर शहर में बाढ़ आ गई, बाज़ारों और दुकानों में पानी भर गया। कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लाखों का सामान खराब हो गया, जबकि व्यापारियों ने खराब ड्रेनेज सिस्टम के पक्के समाधान की मांग की। pic.twitter.com/ikGM1rWUZW
— IANS Hindi (@IANSKhabar) July 24, 2026
अहमदाबाद में भारी बारिश के कारण कई आवासीय सोसायटियों और सड़कों पर जलभराव हो गया. 225 मिमी से अधिक बारिश दर्ज किए जाने के बाद शहर में लोग लंबे ट्रैफिक जाम में फंसे रहे.
तापी और डांग दो अन्य ऐसे जिले रहे जहां भारी बारिश हुई. इन जिलों के 23 तालुकाओं में बृहस्पतिवार को महज 12 घंटों के भीतर 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई.
District wise Nowcast Warning valid for next two-three hours:
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 24, 2026
Issue Time: 24-07-2026 07:46 Hrs IST
Validity Time: 24-07-2026 10:46 Hrs IST
Red Warnings: Lightning/Thunderstorms with gusty winds (around 60 kmph) and heavy rain (>15 mm/h) very likely over following districts… pic.twitter.com/qGMFdEOfVM
गुजरात में कहां-कहां बारिश के अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार तक भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड, डांग, नर्मदा, वडोदरा, छोटा उदयपुर, पंचमहल और दाहोद जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' (भारी से बहुत भारी बारिश) और अहमदाबाद, गांधीनगर, साबरकांठा, भरूच, आणंद तथा खेड़ा जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' (भारी से बहुत भारी बारिश) जारी किया है.
गुजरात के इन जिलों के लिए रेड अलर्ट-
- अहमदाबाद, अमरेली, आनंद, बनासकांठा, भरूच, भावनगर, बोटाद, गांधीनगर, कच्छ, खेड़ा, महेसाणा, पंचमहल, पाटन, साबर कांथा, सुरेंद्रनगर, वडोदरा
गुजरात के इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट-
- अरावली, छोटा उदेपुर, दादरा और नगर हवेली, दाहोद, दमन, डांग, देवभूमि द्वारका, दीव, गिर सोमनाथ, जामनगर, जूनागढ़, महिसागर, मोरबी, नर्मदा, नवसारी, पोरबंदर, राजकोट, सूरत, तापी, वलसाड
4 हाईवे सहित 1200 से अधिक सड़कें बंद
वरिष्ठ नौकरशाह ने बताया कि जलभराव के कारण 1,200 से अधिक सड़कें बंद कर दी गई हैं. इनमें चार राष्ट्रीय और तीन राज्य राजमार्गों के अलावा बड़ी संख्या में पंचायत सड़कें शामिल हैं. उन्होंने कहा, 'कल (शुक्रवार) तक भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं.'
मकवाणा ने बताया कि बारिश के कारण दक्षिण गुजरात के कई हिस्से अंधेरे में डूब गए हैं क्योंकि 35 से अधिक सब-स्टेशन काम नहीं कर रहे हैं.
#WATCH नवसारी, गुजरात: शहर में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। pic.twitter.com/ylYXqVQDhW
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 24, 2026
पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने फोन पर की बात
कैबिनेट मंत्री जीतू वाघानी ने कहा कि मुख्यमंत्री पटेल बारिश की स्थिति पर नजर रख रहे हैं और अधिकारियों के संपर्क में हैं. वाघानी ने कहा, 'व्यस्त होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री से गुजरात में भारी बारिश का जायजा लिया और केंद्र से मदद की पेशकश की. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पटेल से फोन पर बात की और कहा कि आवश्यकतानुसार एनडीआरएफ की टीमें भेजी जाएंगी.'
मुंबई जाने वाली कई ट्रेनें रद्द
दक्षिण गुजरात में रेल मार्गों के आसपास पानी का स्तर बढ़ने के कारण मुंबई जाने वाली कई ट्रेनों को या तो रद्द कर दिया गया या बीच में ही रोक दिया गया. पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक सहायता कक्ष शुरू किया है. भारी बारिश के कारण नर्मदा जिले के देदियापाड़ा और सागबारा तालुका के कई गांव राज्य के अन्य हिस्सों से कट गए हैं.
दक्षिण गुजरात में औसत से 62 फीसदी अधिक बारिश
एसईओसी के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के अन्य क्षेत्रों में बारिश की कमी के बावजूद दक्षिण गुजरात में अपनी औसत मौसमी बारिश की 62 प्रतिशत से अधिक बारिश हो चुकी है. कुल मिलाकर, राज्य में अब तक मानसून सीजन की वार्षिक औसत बारिश का लगभग 36 प्रतिशत हिस्सा दर्ज किया गया है.
यह भी पढ़ें - गुजरात में भारी बारिश से कावेरी नदी का रौद्र रूप, रेलवे ट्रैक ही बहा ले गई, वीडियो डरा देगा
यह भी पढ़ें - गुजरात में बारिश से भारी तबाही, खेड़ा में नाले में बही कार, 4 लोगों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं