LIVE: देश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश का दौर जारी है. गुजरात से ओडिशा तक, केरल से असम तक लगातार बारिश से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. वहीं पहाड़ी राज्यों में भी बारिश से लगातार परेशानियां बढ़ती जा रही है. उत्तराखंड में बारिश से बद्रीनाथ हाईवे 20 मीटर तक धंस गया है. जबकि जम्मू-कश्मीर में भी बीती रात से हो रही बारिश की वजह से किश्तवाड़ जिले के छतरू में बादल फटने से बाढ़ आई है. केरलम में भी लगातार बारिश की वजह से लैंडस्लाइड हुई है. जिससे यहां 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश की संभावना जताई है.
Live update
केरलम में भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति
केरलम में भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. मलप्पुरम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण चलियार नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. अधिकारियों ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. इसी तरह से भारी बारिश के कारण श्रीकंदपुरम नगर पालिका में भीषण जलभराव हुआ है. कन्नूर जिले में भी भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग ने यहां लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है.
राजौरी में नेशनल हाईवे पर भूस्खलन
19 जुलाई को अचानक आई बाढ़ के दौरान राजौरी-पुंछ नेशनल हाईवे (NH-144A) पर कई जगहों पर भूस्खलन हुआ था. बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइज़ेशन (BRO) हाईवे से भूस्खलन का मलबा हटाकर ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है. (इनपुट-ANI)
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बादल फटा
जम्मू-कश्मीर में भी लगातार बारिश की वजह से किश्तवाड़ जिले के छतरू इलाके में अचानक से बादल फट गया. जिससे यहां मकानों और दुकानों में पानी भर गया. वहीं कई नदियां उफान पर चल रही है. एहतियात के तौर पर किश्तवाड़, डोडा और रामबन जिलों में स्कूलों को फिलहाल बंद कर दिया गया है. जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ घंटे तक लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड में बद्रीनाथ हाईवे धंसा
उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से रविवार को बद्रीनाथ हाईवे 20 मीटर तक धंस गया है. जबकि उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी लैंडस्लाइड हुआ है. ऐसे में यहां यातायात को वन वे कर दिया गया है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले 1 हफ्ते तक तेज बारिश की संभावना जताई है. अगले 24 घंटे के लिए रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
ओडिशा को 500 करोड़ की राहत
ओडिशा में भी लगातार बारिश की वजह से पुरी समेत कई जिलों में बाढ़ आई है. जिसके बाद यहां रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. वहीं राज्य की बाढ़ को देखते हुए केंद्र सरकार ने एडवांस में 500 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है. जिसके लिए सीएम मोहन चरण माझी ने केंद्र सरकार का आभार जताया है. ओडिशा के अलग-अलग जिलों में भी राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है.