विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, रिहायशी बिल्डिंग की 15वीं मंजिल से गिरा 4 साल का मासूम, मौत

ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक हादसे में 15वीं मंजिल से गिरकर 4 साल के मासूम की मौत हो गई. घटना ओमिक्रोन-1ए स्थित लोहिया एनक्लेव सोसायटी में हुई, जहां फ्लैट में रेनोवेशन का काम चल रहा था. खेलते-खेलते बच्चा बालकनी तक पहुंच गया और गिर पड़ा.

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, रिहायशी बिल्डिंग की 15वीं मंजिल से गिरा 4 साल का मासूम, मौत

Greater Noida Child Death Case: ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहलाने वाला हादसा सामने आया है, जहां 15वीं मंजिल से गिरकर 4 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई. खेलते-खेलते हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. इतना दर्दनाक हादसा होने के बावजूद परिजनों ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, जिससे मामले को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं.

यह हादसा कासना थाना क्षेत्र के सेक्टर ओमिक्रोन-1ए स्थित लोहिया एनक्लेव सोसायटी में हुआ. टावर डी के एक फ्लैट में रेनोवेशन का काम चल रहा था. इसी दौरान बलिया निवासी अरुण अपनी पत्नी के साथ काम में लगे थे और उनका 4 साल का बेटा अंश भी वहीं मौजूद था.

खेलते-खेलते बालकनी तक पहुंचा बच्चा

बताया जा रहा है कि अंश खेलते-खेलते फ्लैट की बालकनी तक पहुंच गया. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में बड़ा हादसा हो जाएगा. अचानक संतुलन बिगड़ने से वह 15वीं मंजिल से नीचे गिर गया. इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण अंश की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने भी इस घटना को देखकर गहरी संवेदना जताई.

परिजनों ने शिकायत देने से किया इनकार

घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन परिजनों ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई. इतना ही नहीं, बच्चे का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया है. पुलिस का कहना है कि अगर परिवार की ओर से शिकायत मिलती है, तभी आगे कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, पुलिस अपने स्तर पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर बच्चा कैसे नीचे गिरा और हादसे के पीछे कोई लापरवाही तो नहीं थी. इस पूरे मामले की जांच जारी है.

सोसायटी में चल रहा था रेनोवेशन का काम

जानकारी के मुताबिक, सोसायटी के कुछ फ्लैट प्राधिकरण द्वारा CISF और अन्य एजेंसियों को दिए गए हैं. जिन लोगों को पजेशन मिल रहा है, वे अपने-अपने फ्लैट में रेनोवेशन का काम करा रहे हैं. इसी दौरान सुरक्षा में चूक के बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida Accident News, Noida Child Death Case, High Rise Building Accident, Noida Breaking News Today, Child Fall From Building, Apartment Safety India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com