विज्ञापन

Delhi-NCR: लिफ्ट देने के बहाने करते थे लूट,  5 शातिर बदमाश गिरफ्तार, 20 मोबाइल, दो लग्जरी कार बरामद

दिल्ली-एनसीआर में लिफ्ट के बहाने लूट करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर पुलिस ने 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर 20 मोबाइल, दो लग्जरी कारें और अवैध हथियार बरामद किए हैं. आरोपी राहगीरों और टैक्सी चालकों को निशाना बनाते थे.

Delhi-NCR: लिफ्ट देने के बहाने करते थे लूट,  5 शातिर बदमाश गिरफ्तार, 20 मोबाइल, दो लग्जरी कार बरामद

Lift Robbery Gang Busted: दिल्ली-एनसीआर में लिफ्ट देने के बहाने लूट करने वाले शातिर गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है. ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस गैंग के 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी लग्जरी कारों में घूमकर राहगीरों और टैक्सी चालकों को निशाना बनाते थे. पुलिस ने इनके पास से 20 मोबाइल, दो लग्जरी कारें और हथियार भी बरामद किए हैं.

लिफ्ट के बहाने बनाते थे शिकार

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बेहद चालाकी से वारदात करता था. आरोपी रात के समय सुनसान सड़कों पर लग्जरी कारों में घूमते थे और ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जो अकेले सफर कर रहे होते थे. वह मदद या लिफ्ट देने के बहाने लोगों को अपनी गाड़ी में बैठा लेते थे.

सुनसान जगह पर मारपीट कर लूटपाट

जैसे ही गाड़ी किसी सुनसान जगह पर पहुंचती, आरोपी अपना असली रूप दिखाते थे. वे यात्रियों के साथ मारपीट करते और हथियारों के दम पर उनका मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे. इसके बाद पीड़ित को रास्ते में छोड़कर फरार हो जाते थे. यह गैंग सिर्फ राहगीरों तक सीमित नहीं था. आरोपी टैक्सी चालकों को भी अपना शिकार बनाते थे. वे सवारी बनकर बैठते और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर उन्हें भी लूट लेते थे.

किराए की लग्जरी कारों का करते थे इस्तेमाल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के लिए किराए की लग्जरी कारों का इस्तेमाल करते थे. घटना के बाद वे गाड़ियों को वापस उनके मालिकों को लौटा देते थे, जिससे पुलिस को उन तक पहुंचने में दिक्कत होती थी. यही वजह थी कि यह गिरोह लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचता रहा.

लूट के पैसों से करते थे मौज-मस्ती

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लूट से मिले पैसे आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे. लूटे गए मोबाइल फोन को सस्ते दामों में बेचकर भी पैसे जुटाते थे और उसी से खर्च चलाते थे. सूरजपुर पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 मोबाइल फोन, दो लग्जरी कारें, दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और तीन चाकू बरामद किए हैं. इसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है.

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है. साथ ही उन लोगों की भी तलाश की जा रही है, जो इनसे लूटे गए मोबाइल खरीदते थे. पुलिस का मानना है कि इस गैंग के तार और भी कई जगहों तक जुड़े हो सकते हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com