Kumar Sangakkara Prediction on Vaibhav Suryavanshi, DC vs RR IPL 2026: IPL 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों राजस्थान रॉयल्स (RR) को मिली 5 विकेट की शिकस्त के बाद टीम के भीतर निराशा का माहौल जरूर है, लेकिन मुख्य कोच कुमार संगकारा का ध्यान टीम के भविष्य को संवारने पर लगा हुआ है. इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने महज 21 गेंदों में 46 रनों की एक तूफानी पारी खेलकर पावरप्ले के दौरान दिल्ली के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया था. हालांकि, वो एक बड़ी पारी या अपने अर्धशतक की ओर कदम बढ़ाने से चूक गए, जिससे राजस्थान की पारी मध्यक्रम में थोड़ी लड़खड़ा गई. संगकारा ने न सिर्फ वैभव की इस बेखौफ बल्लेबाजी की सराहना की, बल्कि उनकी अद्भुत खेल समझ को लेकर भी कई बड़ी बातें कहीं.
No first-ball six from #VaibhavSooryavanshi? That's simply not in the script. 💥#LungiNgidi becomes the latest bowler to disappear into the teenager's growing highlight reel. Follows it up with a third-ball maximum against #MitchellStarc! 🔥#TATAIPL Race to Playoffs 2026 👉… pic.twitter.com/Bj3mr1cpux
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 17, 2026
दिग्गज कुमार संगकारा ने वैभव (Kumar Sangakkara on Vaibhav Suryavanshi) के बारे में खुलकर बात करते हुए कहा, "वैभव बेहद प्रतिभाशाली और बहुत युवा हैं. उन्हें मैदान पर मिलने वाले हर एक पल का आनंद उठाना चाहिए. क्रिकेट के इस लंबे सफर में उनके सामने अच्छे दिन भी आएंगे और बहुत बुरे दिन भी देखने को मिलेंगे, लेकिन यह पूरी तरह से सामान्य है. उन्हें यह समझना होगा कि हर तरह का प्रदर्शन चाहे वो अच्छा हो या बुरा, उनके करियर के विकास का ही एक अभिन्न हिस्सा है."
कोच कुमार संगकारा ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी करते हुए कहा की वो मुझसे भी बड़े क्रिकेटर बनेंगे. संगाकारा का ये बयान वैभव सूर्यवंशी के लिए बहुत बड़े उपहार की तरह हैं जिसे वो हमेशा संजोए रखना चाहेंगे.
उन्होंने आगे जोड़ा कि बहुत कम उम्र होने के बावजूद जिस तरह वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय और सीनियर खिलाड़ियों के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई है और सभी का सम्मान जीता है, वह उनके मैच्योर व्यक्तित्व को दर्शाता है. वह एक बहुत ही सुलझे हुए युवा खिलाड़ी हैं जो खेल की हर परिस्थिति को बहुत गहराई से समझते हैं.
कोच ने नेट्स सत्र का एक दिलचस्प पहलू साझा करते हुए बताया कि वैभव की बल्लेबाजी तकनीक, उनके शॉट सिलेक्शन और क्रीज पर लंबे समय तक टिकने की सोच कमाल कर रहे हैं. संगकारा ने कहा, "नेट्स में मैं उन्हें लगातार कुछ विशेष शॉट्स खेलने और गेंदबाजों की चालाकियों से निपटने के लिए गाइड करता हूं. वह सीखने के लिए हमेशा उत्सुक रहते हैं."
उन्होंने साफ किया कि टूर्नामेंट के इस बेहद अहम मोड़ पर टीम मैनेजमेंट वैभव पर किसी भी तरह के रनों का अतिरिक्त दबाव नहीं डालना चाहता. वो चाहते हैं कि वैभव बस मैदान पर उतरें और बिना किसी डर के अपनी स्वाभाविक क्रिकेट खेलें. संगकारा के मुताबिक, जैसे-जैसे वैभव लीग में आगे बढ़ेंगे, विरोधी टीमें उनके खिलाफ अधिक आक्रामक और मजबूत रणनीतियां (जैसे शॉर्ट बॉल या स्लोअर डिलीवरी) लेकर आएंगी, इसलिए उनका मानसिक रूप से शांत रहना और अपने खेल का मजा लेना ही उन्हें एक महान खिलाड़ी बनाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं