विज्ञापन

दिल्ली में 55 लाख के गहनों से भरे बैग की हो गई अदला बदली, फिर ऐसे हुआ बरामद, फिल्मी है पूरी कहानी

जांच में ये भी सामने आया कि जिस व्यक्ति ने गलती से ये बैग लिया था, उसने पीसीआर कॉल भी की थी और बैग को अपने पास सुरक्षित रखा था. पुलिस टीम के पहुंचने पर उसने करीब 55 लाख रुपये मूल्य के सभी सोने के गहनों सहित पूरा बैग वापस लौटा दिया.

दिल्ली में 55 लाख के गहनों से भरे बैग की हो गई अदला बदली, फिर ऐसे हुआ बरामद, फिल्मी है पूरी कहानी
चोरी होने के बाद मिला 55 लाख के गहनों से भरा बैग
NDTV

दिल्ली के ISBT कश्मीरी गेट से एक बेहद दिलचस्प मामला सामने आया है, जहां 55 लाख रुपये के सोने के गहनों से भरा बैग अदला-बदली हो गया. हालांकि राहत वाली बात ये रही कि पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में उसे सुरक्षित बरामद कर लिया. मामले की शुरुआत 12 नवंबर को हुई, जब शिकायतकर्ता अमृत राज वर्मा ने ISBT कश्मीरी गेट की पहली मंजिल पर प्रवेश द्वार के एक्स रे मशीन के पास से अपना काले रंग का बैकपैक गायब होने की शिकायत दर्ज कराई. इस बैग में कपड़े, लगभग 9000 रुपये नकद, मोबाइल चार्जर, आधार कार्ड और करीब 55 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण रखे थे.

शुरुआती तौर पर ये मामला अदला-बदली का था, जहां शिकायतकर्ता ने गलती से किसी और का बैग उठा लिया और बाद में उन्हें अपने बैग के बदले जाने का एहसास हुआ. भारी मात्रा में कीमती गहने जाने से शिकायतकर्ता काफी निराश और हताश था. पुलिस ने इसके बाद मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू कर दी.

CCTV और डिजिटल सुरागों से खुला राज

पुलिस की जांच टीम ने ISBT परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला. टीम ने विभिन्न बस रूटों की जांच की, बस टिकटों को चेक किया और पैसों के लेन देन की भी पड़ताल की. जांच के दौरान बस यात्रा के जरिए संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही का सुराग मिला. पुलिस ने बेंगलुरु बस डिपो से जुड़े 174 रुपये के लेन देन और उसके बाद हुए पेटीएम ट्रांजेक्शन सहित अन्य अहम रकम के लेन देन की डिटेल की पड़ताल की.

बेंगलुरु से पकड़ा गया, गहने सुरक्षित मिले

लगातार तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी जांच और गहन खोजबीन के बाद पुलिस टीम ने 18 नवंबर को उस व्यक्ति का पता लगा लिया. वह मूल रूप से उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग का रहने वाला बताया गया है और बेंगलुरु के एक रेस्तरां में शेफ के तौर पर काम कर रहा था. जांच में ये भी सामने आया कि जिस व्यक्ति ने गलती से ये बैग लिया था, उसने पीसीआर कॉल भी की थी और बैग को अपने पास सुरक्षित रखा था. पुलिस टीम के पहुंचने पर उसने करीब 55 लाख रुपये मूल्य के सभी सोने के गहनों सहित पूरा बैग वापस लौटा दिया.

डीसीपी निहारिका भट्ट का कहना है इस मामले में बड़ा ही भावनात्मक एंगल बन गया था. पीड़ित कई बार आत्महत्या जैसी घटना की बात कह चुका था. इसके लिए हमारे पुलिस चौकी के स्टाफ ने लगातार भरोसा बनाए रखा, उसके लगातार संपर्क में रहे, उसकी काउंसलिंग करते रहे. पुलिस ने इसकी माल के साथ जान की भी रक्षा की. पुलिस ने इस केस में पेशेवर ढंग से काम किया.

इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी ने जिस GTA पर किया पोस्ट उसके बारे में जानिए सबकुछ, बेंगलुरु से भी कनेक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gold Jewellery, Kashmiri Gate Isbt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com