विज्ञापन

सोना महंगा: 22 नहीं 18 कैरेट गोल्‍ड का बनवाएंगे हार तो 2 तोले पर बचेंगे इतने पैसे

Low Carat Gold Jewellery Prices: वेडिंग सीजन हो या धनतेरस का मौका, गहने खरीदना आम आदमी के बजट पर भारी पड़ता है. लेकिन अगर आप समझदारी दिखाएं, तो बिना शौक से समझौता किए हजारों रुपये की सेविंग कर सकते हैं.

सोना महंगा: 22 नहीं 18 कैरेट गोल्‍ड का बनवाएंगे हार तो 2 तोले पर बचेंगे इतने पैसे
कम कैरेट के गहने पर होगी बंपर बचत
IANS

Gold 18 Carat Vs 22 Carat Jewellery: सोने की कीमतों में तेजी के बीच अगर आप ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके पास खर्च कम करने का एक ऑप्शन है. आप 22 कैरेट के बजाय 18 कैरेट सोने का हार बनवा सकते हैं. इससे गहने की कीमत में अच्छा-खासा अंतर आ सकता है. खासकर अगर आप 2 तोले यानी 20 ग्राम का गहना बनवाने जा रहे हैं तो 18 कैरेट सोना चुनकर हजारों रुपये बचा सकते हैं. 

सबसे पहले समझते हैं कि 22 और 18 कैरेट सोने में अंतर क्या होता है. 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध माना जाता है. इसमें करीब 99.9 फीसदी सोना होता है. वहीं, 22 कैरेट सोने में 91.6 फीसदी सोना होता है. बाकी हिस्सा दूसरे मेटल्स का होता है. दूसरी ओर 18 कैरेट सोने में 75 फीसदी सोना होता है. बाकी 25 फीसदी हिस्से में तांबा, चांदी या दूसरे मेटल्स मिलाई जाती हैं. इन मेटल्स को मिलाने से सोना ज्यादा मजबूत बनता है. यही वजह है कि 18 कैरेट सोने का इस्तेमाल कई तरह के डिजाइनर गहने बनाने में भी किया जाता है. 

2 तोले के गहने पर कैसे होगी बचत?

अब समझते हैं कि 2 तोले यानी 20 ग्राम का हार बनवाने पर कितना अंतर आ सकता है. अगर दोनों तरह के सोने का वजन 20 ग्राम रखा जाए तो 22 कैरेट के हार में करीब 18.32 ग्राम शुद्ध सोना होगा. वहीं, 18 कैरेट के हार में शुद्ध सोने की मात्रा 15 ग्राम होगी. इस तरह 20 ग्राम के हार में 18 कैरेट सोने का इस्तेमाल करने पर शुद्ध सोने की मात्रा 3.32 ग्राम कम हो जाती है. इसी वजह से इसकी कीमत 22 कैरेट के मुकाबले कम होती है. बचत की सही रकम उस दिन के सोने के भाव पर निर्भर करेगी. हालांकि, मेकिंग चार्ज और दूसरे चार्ज भी कुल कीमत को असर डालते हैं. 

कीमत में कितना अंतर?

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा डेटा के मुताबिक, अगर 22 कैरेट सोने का भाव 13,186 रुपये प्रति ग्राम है और 18 कैरेट का मूल्य 10,796 रुपये प्रति ग्राम है.  इस तरह दोनों की कीमतों में  2,390 रुपये प्रति ग्राम का अंतर है.  ऐसे में 2 तोले की कीमत में 47,800 रुपये का अंतर हो जाएगा. हालांकि, वास्तविक गहनों की कीमत में मेकिंग चार्ज, जीएसटी और दूसरे चार्जेज भी जुड़ते हैं, इसलिए अंतिम कीमत में अंतर अलग-अलग हो सकता है. 

गहने बनवाते समय इन बातों का रखें ध्यान

18 कैरेट का हार खरीदते समय उसकी शुद्धता का हॉलमार्क जरूर जांचें. हॉलमार्क पर 18K या 750 लिखा होना चाहिए. इसका मतलब है कि गहने में 75 फीसदी शुद्ध सोना है. बता दें कि 18 कैरेट सोना चुनने का मतलब कम शुद्धता वाला गहना खरीदना है. अगर आप निवेश या भविष्य में सोने की कीमत के हिसाब से बेहतर रीसेल वैल्यू चाहते हैं तो 22 कैरेट का ऑप्शन भी देख सकते हैं. वहीं, कम बजट में मजबूत और डिजाइनर हार बनवाना चाहते हैं तो 18 कैरेट एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gold, Gold Price, Gold Jewellery
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com