विज्ञापन

GTA 6 का बेंगलुरु कनेक्शन, ग्लोबली लॉन्च लेकिन इन देशों में बैन.. जानें सबसे बड़े गेम की खास बातें

GTA 6 Global Launch Date 2026: गेमिंग इतिहास का सबसे बड़ा धमाका हो चुका है. Rockstar Games ने आखिरकार Grand Theft Auto VI (GTA 6) को लॉन्च कर दिया है. जानिए इससे जुड़ी हर बात.

GTA 6 का बेंगलुरु कनेक्शन, ग्लोबली लॉन्च लेकिन इन देशों में बैन.. जानें सबसे बड़े गेम की खास बातें
GTA 6
Rockstar Games

सबसे ज्यादा इंतजार किया जाने वाला गेम Grand Theft Auto VI (GTA 6) आखिरकार लॉन्च हो गया है. इस गेम को तैयार होने में एक दशक से भी ज्यादा का समय लगा है और अनुमान है कि इसे बनाने में 1 बिलियन डॉलर (लगभग 9000 करोड़ रुपये) से अधिक का खर्च आया है. 

आप दुनिया के किस हिस्से में रहते हैं, उस हिसाब से ये गेम अब खेलने के लिए उपलब्ध हो चुका है. डिजिटल इंटेलिजेंस कंपनी सेंसर टावर के अनुमान के मुताबिक, Rockstar Games ने इस गेम के लॉन्च से पहले ही प्री-ऑर्डर के जरिए लगभग 1.1 बिलियन डॉलर की बंपर कमाई कर ली है. इस कमाई के साथ गेमिंग इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा प्री-ऑर्डर लॉन्च बन चुका है. ऐसे में गेम खेलने वालों के मन में कई सवाल हैं कि वे इस गेम से क्या उम्मीद कर सकते हैं और क्या ये गेम अपनी जबर्दस्त हाइप पर खरा उतर पाया.

गेम की लॉन्चिंग

लॉन्चिंग टाइमलाइन की बात करें तो GTA 6 को आधिकारिक तौर पर सबसे पहले न्यूजीलैंड में लॉन्च किया गया है, जहां 19 नवंबर की आधी रात को घड़ी में 12 बजते ही गेमर्स को इस गेम का एक्सेस मिल गया. इसके बाद अलग-अलग टाइम जोन के हिसाब से ऑस्ट्रेलिया, जापान, भारत और यूरोप के देशों में भी इस गेम का मिडनाइट लॉन्च रोल आउट हो रहा है. 

ये एक्शन-एडवेंचर गेम PlayStation 5 और Xbox Series X/S पर खेलने के लिए उपलब्ध हुआ है. इसके अलावा, गेमर्स इसे Xbox One पर भी Xbox Cloud Gaming के जरिए खेल सकते हैं. आपके पास कौन सा कंसोल है, उस हिसाब से इस गेम को डाउनलोड करने के लिए आपको अपने डिवाइस में 212GB का फ्री स्टोरेज स्पेस चाहिए होगा.  इंटरनेट की स्पीड के हिसाब से इसे डाउनलोड होने में कई घंटे का समय लग सकता है, इसलिए अपने कंसोल को सीधे राउटर से ईथरनेट केबल के जरिए कनेक्ट करना ही सबसे बेस्ट ऑप्शन है ताकि डाउनलोडिंग तेजी से हो सके.

साल 2000 से हुई थी शुरुआत

साल 2000 की शुरुआत से लेकर अब तक वीडियो गेम्स की दुनिया बहुत बदल चुकी है और इसी के साथ GTA सीरीज का सफर भी काफी एडवांस हो गया है. न्यूजू (Newzoo) के आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 में ग्लोबल अर्थव्यवस्था में 201 बिलियन डॉलर से ज्यादा का योगदान देने वाली गेमिंग इंडस्ट्री के लिए ये फ्रेंचाइजी इस समय सबसे कीमती हीरा है. 

आसान शब्दों में कहें तो ये गेम रॉकस्टार गेम्स के लिए नोट छापने वाली मशीन है और इसके फैंस का मानना है कि इस गेम को मिलने वाला मुनाफा पूरी तरह से जायज है. रिपोर्ट्स बताती हैं कि इसका पिछला वर्जन GTA V Online आज भी रॉकस्टार गेम्स को रोजाना औसतन 1.3 मिलियन डॉलर की बंपर कमाई करके देता है.

अपने पिछले वर्जन की तरह ही GTA 6 में भी एक से ज्यादा मुख्य किरदार देखने को मिलेंगे. इस गेम की कहानी फ्लोरिडा के मियामी शहर पर आधारित काल्पनिक Vice City में सेट की गई है. पूरी कहानी दो प्रेमियों और शातिर अपराधियों Jason Duval और Lucia Caminos के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी काफी हद तक इतिहास के मशहूर अपराधी जोड़े 'बोनी और क्लाइड' से मिलती-जुलती है.

इस जोड़े को बैंकों को लूटने और पुलिसकर्मियों की हत्या करने के बाद साल 1934 में अमेरिकी पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया था. GTA 6 में पिछले एडिशन्स के मुकाबले काफी ज्यादा क्राइम और एक्शन देखने को मिलेगा, जिसकी मुख्य कहानी को पूरा करने में ही गेमर्स को लगभग 50 घंटे का समय लगेगा. वहीं इस गेम को 100 प्रतिशत पूरा करने में लगभग 200 घंटे तक का समय लग सकता है.

मैप भी काफी बड़ा

इस नए गेम का मैप पिछले GTA V के मुकाबले करीब दोगुना बड़ा है, जिसमें सैकड़ों ऐसी बिल्डिंग्स होंगी जिनके अंदर प्लेयर जा सकते हैं. इसके अलावा मैप में जानवरों की 170 से ज्यादा प्रजातियां और एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया गया है, जो इस गेम को अब तक का सबसे रियलिस्टिक गेम बना देता है. गेम में अपराध करने पर पीछे पड़ने वाले पुलिस के वॉन्टेड सिस्टम को भी पूरी तरह से अपडेट कर दिया गया है. प्लेयर अब सबसे गंभीर अपराधों के लिए छह-स्टार (6-star) तक का वॉन्टेड लेवल हासिल कर सकते हैं, जबकि छोटे-मोटे अपराधों के लिए केवल एक स्टार मिलेगा.

एक ऐसे गेम में जहां कानून तोड़ना बेहद आम बात है, वहां रॉकस्टार गेम्स ने इस बार असली पुलिस की तरह ही जांच प्रक्रिया को गेम में शामिल किया है. कंप्यूटर द्वारा कंट्रोल किए जाने वाले आम नागरिक यानी नॉन-प्लेएबल कैरेक्टर्स (NPCs) अब सड़क पर कोई भी अपराध होते देखने पर तुरंत पुलिस को फोन कर अलर्ट कर देंगे. इसके अलावा, शहर में लगे सिक्योरिटी कैमरे भी जेसन और लूसिया की फुटेज रिकॉर्ड कर पुलिस को उनकी लाइव जानकारी भेजेंगे, जिसका सीधा मतलब ये है कि इस बार पुलिस के चंगुल से बचना बेहद मुश्किल होने वाला है. पुलिस आपकी गलतियों के छोटे-छोटे सुराग भी इकट्ठे करेगी, जिससे बचने के लिए प्लेयर्स को अपने हुलिए को बदलने और लगातार अपनी गाड़ियां बदलने जैसे कई जरूरी कदम उठाने होंगे.

बेंगलुरु से कनेक्शन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Rockstar Games के बेंगलुरु स्थित स्टूडियो के 1,600 से ज्यादा डेवलपर्स ने इस गेम को बनाने में बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान दिया है. गेम के रिलीज होने के साथ ही बेंगलुरु साउथ के सांसद तेजस्वी सूर्या ने इस गेमिंग फ्रेंचाइजी में अपने शहर के इस ऐतिहासिक योगदान पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि बेंगलुरु स्टूडियो ने इस विशाल ओपन-वर्ल्ड गेम के हर छोटे-बड़े पहलू को तराशने में एक बहुत बड़ी भूमिका निभाई है.

गेमिंग वर्ल्ड से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड में स्थित Rockstar India के स्टूडियो से करीब 1,615 डेवलपर्स ने सीधे तौर पर GTA 6 के ऊपर काम किया है. ये इस गेम के डेवलपमेंट में शामिल होने वाली पूरी दुनिया की सबसे बड़ी टीमों में से एक है. बेंगलुरु की इस जाबांज टीम ने मुख्य रूप से गेम के ओपन-वर्ल्ड एनवायरनमेंट, अलग-अलग विजुअल एसेट्स और वर्ल्ड-बिल्डिंग को डिजाइन करने का काम किया है. इसमें गेम के काल्पनिक राज्य Leonida में मौजूद बेहद लोकप्रिय लोकेशन Vice Beach को तैयार करने का मुख्य काम भी बेंगलुरु की इसी टीम ने किया है.

सांसद तेजस्वी सूर्या ने इस ऐतिहासिक पल पर बेंगलुरु की गेमिंग इंडस्ट्री के इतिहास को याद करते हुए Dhruva Interactive का खासतौर से जिक्र किया, जिसकी शुरुआत साल 1995 में राजेश राव ने की थी. ये कंपनी कभी महज एक कंप्यूटर के साथ शुरू हुई थी जो आगे चलकर भारत का सबसे पहला गेम डेवलपमेंट स्टूडियो बनी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी पोस्ट में सूर्या ने लिखा कि इसके पीछे की कहानी और भी ज्यादा दिलचस्प है. साल 1995 में राजेश राव ने बेंगलुरु में सिर्फ एक कंप्यूटर के साथ ध्रुव इंटरएक्टिव की शुरुआत की थी. आगे चलकर ये भारत का पहला गेम डेवलपमेंट स्टूडियो बना और साल 2019 में रॉकस्टार गेम्स ने इसे खरीद लिया.

कई देशों में बैन

यह गेम दुनिया के हर हिस्से में आसानी से उपलब्ध नहीं होगा क्योंकि कई देशों में इस पर बैन या क्षेत्रीय प्रतिबंध लगे हुए हैं. हालांकि सऊदी अरब और यूएई ने साल 2025 में इस फ्रेंचाइजी से अपने प्रतिबंध हटा लिए थे, लेकिन ताजिकिस्तान जैसे देशों ने इस पर पूरी तरह बैन लगा रखा है, जो ये दर्शाता है कि दुनिया भर में गेमिंग को लेकर कानून कितने अलग हैं.

यह भी पढ़ें | 13 साल का इंतजार खत्म! GTA 6 लॉन्च को लेकर मचा क्रेज, गेमर्स बोले- ये सिर्फ गेम नहीं, इमोशन है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rockstar Games, Rockstar Games GTA 6, GTA 6, GTA 6 19 Nov
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com