गाजियाबाद में 4 लेन का नया एलिवेटेड कॉरिडोर जीटी रोड पर बनाने का फैसला हुआ है.गाजियाबाद विकास प्राधिकरण GDA की बोर्ड बैठक मेरठ कमिश्नर और जीडीए बोर्ड अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अगुवाई में हुई, जिसमें ये फैसला लिया गया. इससे घंटाघर, बस अड्डे और मेरठ मोड़ की ओर जाने वालों के लिए रोजमर्रा के भारी ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा. खासकर भारी वाहन ऊपर से ही गुजर जाएंगे और नीचे स्थानीय वाहनों को ज्यादा रफ्तार मिलेगी. GT रोड पर ये 2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का निर्णय हुआ है.
घंटाघर मार्केट, रामलीला मैदान से भाटिया मोड़ तक ट्रैफिक सुधरेगा
अभी घंटाघर बाजार, तोराब नगर मार्केट और रामलीला ग्राउंड के आसपास जाने वालों को रोज परेशानी झेलनी पड़ती है. जीटी रोड पर घंटाघर रामलीला मैदान से चौधरी मोड़ होते हुए भाटिया मोड़ तक करीब 4 लेन एलिवेटेड ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर बनाया जाएगा. अर्बन चैलेंज फंड के तहत बैंक लोन लेकर फंडिंग जुटाई जाएगी.IIT रुड़की और थर्ड पार्टी एजेंसी के जरिये डिजाइनिंग का काम होगा.
हरनंदीपुरम आवासीय योजना का प्रस्ताव
हरनंदीपुरम आवासीय योजना का कुल क्षेत्रफल 501 हेक्टेयर के पहले चरण का काम आगे बढ़ाने का फैसला हुआ है. इसमें 24 हेक्टेयर भूमि का लैंड यूज कृषि से बदल रेजिडेंशियल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. योजना के पहले फेज में प्लॉटिंग, सड़कें और पार्क बनाने का रास्ता साफ हो गया है.
एयरोसिटी टाउनशिप का विस्तार
गाजियाबाद डेवलपमेंट अथॉरिटी मोरटी, मेवला, अटौर और अगरी गांवों के लगभग 541 हेक्टेयर क्षेत्र में एयरोसिटी टाउनशिप बनाई जाएगी.किसानों से सहमति, लैंड पूलिंग और भूमि अधिग्रहण मॉडल के तहत जमीन जुटाने को प्रशासनिक सहमति दी गई है. इसमें होटल, मॉल, कमर्शियल स्पेस और आवासीय टाउनशिप बनाई जाएंगी.
हिंडन नदी पर बांध निर्माण होगा
जीडीए की मीटिंग में तय हुआ कि हिंडन किनारे बस रहे नए शहरों हरनंदीपुरम, इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और एयरोसिटी जैसे ड्रीम प्रोजेक्ट्स की सुरक्षा भी जरूरी है. लिहाजा नदी किनारे मजबूत बांध का निर्माण कराया जाएगा, ताकि बाढ़ के पानी से सुरक्षा हो सके.
शाहपुर बम्हैटा में 80 एकड़ की टाउनशिप
शाहपुर बम्हैटा में लगभग 80 एकड़ में बन रही टाउनशिप के लेआउट और 54 एकड़ से अधिक जमीन के कृषि से आवासीय उपयोग बदलाव को मंजूरी दी गई. इंदिरापुरम के शक्ति खंड 4 में होटल प्लॉट और शक्ति खंड 2 के कुछ कमर्शियल प्लॉट को ग्रुप हाउसिंग कैटेगरी में बदलने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ.हापुड़ में हसनपुर लोधा की 13.15 हेक्टेयर कृषि भूमि को लैंड यूज बदलकर औद्योगिक उपयोग में लाने की मंजूरी दी गई.
ये भी पढ़ें - नया गाजियाबाद बसाने की तैयारी, इन गांवों को मिलाकर बनेगी दिल्ली जैसी एयरोसिटी, नमो भारत ट्रेन से सीधी कनेक्टिविटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं