- परिसीमन आयोग गठन प्रक्रिया और उसकी शक्तियों के बारे में लोकसभा के पूर्व महासचिव पीडीटी आचार्य ने बताया
- नए संविधान संशोधन बिल में लोकसभा और विधानसभा की सीटें 2051 तक फ्रीज कर दी जाएंगी
- भारत सरकार ने नए संविधान संशोधन बिल में दो बड़े बदलाव किए हैं, अप्रैल में पेश बिल में ये नहीं थे
संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल पास कराए जाने की चर्चा तेज है. इस बीच लोकसभा के पूर्व महासचिव पीडीटी आचार्य ने महिला आरक्षण संबंधी नए संविधान संशोधन विधेयक में किए गए बदलावों, परिसीमन आयोग के गठन की प्रक्रिया और उसकी शक्तियों के बारे में NDTV से खास बात की. उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने नए संविधान संशोधन बिल में दो बड़े बदलाव किए हैं जिसका प्रावधान अप्रैल, 2026 में संसद में पेश किए गए बिल में नहीं था.
उन्होंने कहा कि नए संविधान संशोधन बिल में यह प्रावधान शामिल किया गया है कि 2051 तक लोकसभा और विधानसभा की सीटों को फ्रीज कर दिया जाएगा. हर राज्य में विधानसभा की 50 फीसदी सीटें बढ़ाई जाएगी. संविधान संशोधन बिल और परिसीमन बिल को अगर संसद की मंजूरी मिल जाती है तो उसके फौरन बाद भारत सरकार नया डिलिमिटेशन कमिशन गठित करने की प्रक्रिया औपचारिक तौर पर शुरू करेगी.

परिसीमन आयोग के गठन की प्रक्रिया और शक्तियां
पीडीटी आचार्य ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या रिटायर्ड जज नए डिलिमिटेशन कमीशन के अध्यक्ष होंगे. मुख्य चुनाव आयुक्त और कुछ चुने हुए सांसद और विधायकों को भी परिसीमन आयोग का सदस्य बनाया जाएगा. डिलिमिटेशन कमीशन के सदस्य सांसदों और विधायकों के पास वोटिंग राइट नहीं होंगे. वह अपना सुझाव कमीशन के सामने रख सकते हैं, लेकिन उनके सुझाव को मानना अनिवार्य नहीं होगा.
डिलिमिटेशन कमीशन की रिपोर्ट के आधार पर होंगे 2029 के लोकसभा चुनाव
उन्होंने कहा कि डिलिमिटेशन कमीशन हर राज्य का दौरा करेगी और वहां सभी स्टेकहोल्डर के साथ सलाह मशवरा करेगी. कमीशन की रिपोर्ट को कोर्ट में चुनौती नहीं दी जा सकती. इसकी रिपोर्ट तैयार होते ही उसे गैजेट के जरिए नोटिफाई किया जाएगा और उसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. बिल में यह प्रस्ताव शामिल है कि परिसीमन की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से जल्द से जल्द शुरू की जानी चाहिए. 2029 के लोकसभा चुनाव नए डिलिमिटेशन कमीशन की रिपोर्ट के आधार पर होंगे.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-राहुल गांधी ने एमके स्टालिन से की एक्स पर अपील, DMK नेता ने बता दिया- उनके लिए कौन पहले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं