- कुमार सानू पहली बार कश्मीर के कुपवाड़ा पहुंचे और वहां की प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित हुए
- उन्होंने कुपवाड़ा में कश्मीर गॉट टैलेंट फिनाले में हिस्सा लिया और संगीत अकादमी खोलने की मांग की
- कुमार सानू ने कहा कि कश्मीर में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें एक उचित मंच की जरूरत है
बॉलीवुड सिंगर कुमार सानू पहली बार कश्मीर गए और यहां की खूबसूरती के कायल हो गए. सिंगर कुमार सानू जल्द ही जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा की एक सिंगर के साथ एक रोमांटिक कश्मीरी सॉन्ग गाते हुए नजर आएंगे. कुमार सानू कुपवाड़ा में 'कश्मीर गॉट टैलेंट' के फिनाले में शामिल हुए और उन्होंने इस इलाके में एक संगीत अकादमी खोलने की मांग की. कुमार सानू ने कहा कि यहां टैलेंट की कोई कमी नहीं है, सिर्फ उन्हें एक मंच चाहिए. उन्होंने कहा कि वह सरकार से अपील करेंगे कि यहां म्यूजिक लवर्स के लिए कुछ न कुछ जरूर होना चाहिए, ताकि लोकल टैलेंट को बड़ा मंच मिल सके.
कश्मीर में टैलेंट की कमी नहीं...
कभी आतंकवाद, कभी कर्फ्यू, कभी खामोशी... कश्मीर की वादियों ने पिछले 70 साल में बहुत कुछ देखा है. लेकिन इस बार कुपवाड़ा में कुछ ऐसा हुआ, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. 70 साल बाद पहली बार एक मशहूर सिंगर कश्मीर पहुंचे, और वो भी सीधे कुपवाड़ा. जैसे ही वो मंच पर आए, पूरा माहौल बदल गया. लेकिन ये शोर नाराजगी का नहीं, बल्कि प्यार का था. कुमार सानू ने कहा, "'कश्मीर गॉट टैलेंट' कार्यक्रम में मैंने देखा है कि लोग यहां धीरे-धीरे प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच तैयार कर रहे हैं. मैं निश्चित रूप से सरकार से यहां एक अकादमी खोलने के लिए कहूंगा. यहां संगीत के लिए कुछ न कुछ होना चाहिएं, जिला मजिस्ट्रेट भी इसे लेकर बहुत उत्सुक हैं. मैं एक कश्मीरी गाना एक लड़की के साथ डुएट गा रहा हूं."
पहली बार देखा असली कश्मीर
कुमार सानू ने कहा, "मैं फर्स्ट टाइम कश्मीर आया हूं, और वो भी कुपवाड़ा में. मैं बेहद खुश हूं कि मैंने यहां की रियलिटी को देखा. अब मैं बार-बार यहां आना चाहता हूं. यहां के लोग बड़े अच्छे लगे. एक बहुत उम्दा एटमॉस्फियर तैयार हो रहा है कश्मीर में और इस बदलाव का क्रेडिट इंडियन आर्मी को जाता है. इसलिए मैं तहे दिल से शुक्रिया अदा करूंगा अपनी इंडियन आर्मी का. सच कहूं, तो यहां आने से पहले मैं थोड़ा डर रहा था, क्योंकि बहुत कुछ यहां के बारे में सुना था. लेकिन आर्मी ने कहा- वी आर बिहाइंड यू, डोंट वरी, यू कम."
ये भी पढ़ें:- जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की बौखलाहट की वजह क्या है? ये आंकड़े ही सारी सच्चाई बयां कर रहे हैं
सेलिब्रिटीज को दिया खुला चैलेंज
कुमार सानू ने बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के सभी सेलिब्रिटीज को एक मैसेज देते हुए कहा, "कश्मीर के बारे में हमको जो बातें इतने सालों से समझाई गई थी, वो बातें सही नहीं हैं. आप जाइए, कश्मीर के बच्चों से मिलिए. कश्मीर भारत का स्वर्ग है, इस स्वर्ग को हम खराब नहीं होने देंगे. कश्मीर में म्यूजिक और आर्ट की अकादमी खुले, स्कूल खुले, ताकि रिमोट एरिया बांदीपोरा जैसे इलाकों का टैलेंट बाहर आ सके. डीएम साहब से भी बात हो गई है, जल्द कुछ बड़ा देखने को मिल सकता है. 70 साल तक सिर्फ सुनते थे टेररिज्म... टेररिज्म... लेकिन अब कश्मीर में गूंज रही है संगीत की आवाज और ये सिर्फ शुरुआत है.
ये भी पढ़ें:-J&K में अब खुलेंगी देश-विदेश की नामी प्राइवेट यूनिवर्सिटीज, स्थानीय युवाओं को एडमिशन और नौकरी में 25% आरक्षण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं