विज्ञापन

पहले कार से मारी फॉर्च्यूनर को टक्कर, फिर सड़क पर दौड़ाया और कर दी सरेआम हत्या, मर्डर का LIVE वीडियो वायरल

राजस्थान के जयपुर में करधनी इलाके में दिनदहाड़े गैंगवार की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की पत्थरों और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.

NDTV

राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया. करधनी इलाके में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की पत्थरों और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में पहले उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी का रास्ता रोका और फिर बीच सड़क उस पर ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया. वारदात का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल फोन में कैद हो गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

पुलिस के मुताबिक, विजय बाजिया जोबनेर से फॉर्च्यूनर गाड़ी में जयपुर आ रहा था. इसी दौरान करधनी इलाके में कैंपर गाड़ी से पहुंचे 4 से 6 बदमाशों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कैंपर को फॉर्च्यूनर के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया, जिससे विजय आगे नहीं बढ़ सका.

संभलने का मौका तक नहीं मिला

इसके बाद बदमाश गाड़ी से नीचे उतरे और विजय बाजिया पर टूट पड़े. उनके हाथों में लाठी-डंडे और बड़े पत्थर थे. हमलावरों ने उसके ऊपर लगातार वार किए. बीच सड़क हुई इस खूनी वारदात को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. चश्मदीदों के अनुसार, हमला इतना अचानक था कि विजय को संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला.

इस दौरान कई लोग तमाशबीन बने रहे और पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते रहे. सामने आए वीडियो में हमलावर विजय बाजिया पर लगातार हमला करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद घटना ने और ज्यादा सनसनी फैला दी है.

आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी

हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. वारदात के बाद पूरे जयपुर में नाकाबंदी करवाई गई है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावर भी जोबनेर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच में जुटी हुई है.

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने जयपुर में गैंगवार और अपराध को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

यह भी पढ़ें: 'उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते...', अखिलेश के 'घुसपैठिया' बयान पर CM योगी का पलटवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crime News, Jaipur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com