जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है. कुलगाम जिले में बुधवार यानी 11 अक्तूबर 2026 की दोपहर मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के नाके पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए.
पुलिस और CRPF अधिकारियों के अनुसार, यह हमला कुलगाम जिले के अखरन इलाके में मीर बाजार के पास दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ. मोटरसाइकिल पर आए हमलावरों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों पर अचानक गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. फायरिंग में CRPF के तीन जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल ले जाया गया.
घायल जवानों की पहचान राकेश दास, संतोष चंद्रु और सोमवीर सिंह के रूप में हुई है. राकेश दास के बाएं पैर में गोली लगी है, जबकि संतोष चंद्रु के पेट और रीढ़ के हिस्से में चोट आई है. सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगने की जानकारी दी गई है. अधिकारियों के मुताबिक तीनों जवानों की हालत स्थिर है और उनकी जान को कोई खतरा नहीं है.
हाल के वक्त में देखा गया है कि जम्मू-कश्मीर में जवानों को आतंकी निशाना बना रहे हैं. इसके पीछे आतंकियों और सीमा पार के दुश्मनों की बौखलाहट साफ दिख रही है. ये बौखलाहट हाल के आंकड़े बता रहे हैं.
आंकड़े बता रहे हैं बदलती तस्वीर
दक्षिण एशिया टेररिज्म पोर्टल (SATP) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक दशक में जम्मू-कश्मीर में हिंसा के आंकड़ों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है. साल 2018 में 206 हत्या-संबंधी आतंकी घटनाएं दर्ज हुई थीं, जो 2026 में घटकर 19 रह गईं. इसी तरह कुल मौतों की संख्या 2018 में 452 थी, जो 2026 में घटकर 28 रह गई.
आंकड़ों के मुताबिक 2017 से 2026 तक जम्मू-कश्मीर में हत्या से जुड़ी 1,135 घटनाएं दर्ज की गईं. इस दौरान 354 नागरिकों, 465 सुरक्षाकर्मियों और 1,497 आतंकियों की मौत हुई. कुल मिलाकर 2,321 लोगों की जान गई.
इस बात भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में आतंकियों के मारे जाने की संख्या लगातार नागरिक और सुरक्षा बलों के हताहतों से अधिक रही है.
साल 2017 में कुल 357 मौतें हुई थीं, जबकि 2018 में यह आंकड़ा बढ़कर 452 पहुंच गया था. इसके बाद धीरे-धीरे गिरावट शुरू हुई. 2020 में कुल 321, 2021 में 274, 2022 में 253, 2023 में 134 और 2024 में 127 मौतें दर्ज की गईं.
2025 में यह संख्या घटकर 92 रह गई, जबकि 2026 में अब तक 28 मौतें दर्ज की गई हैं.
बड़े हमलों की यादें अभी भी ताजा
कुलगाम का यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की घटनाओं में पिछले कुछ सालों में गिरावट दर्ज की गई है. इसके बावजूद समय-समय पर होने वाले हमले यह संकेत देते हैं कि अब भी आतंकवादी नेटवर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और आतंकवाद के घटते ग्राफ की वजह से बौखलाहट में आतंकी सेना को निशाना बना रहे हैं.
पिछले कुछ सालों में जम्मू-कश्मीर कई बड़े आतंकी हमलों का गवाह रहा है. फरवरी 2019 में पुलवामा में CRPF काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था. इसमें 40 जवान शहीद हुए थे. उससे पहले सितंबर 2016 में उरी आर्मी कैंप पर हुए हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था.
जून 2024 में रियासी जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हमला हुआ था. इसमें कई श्रद्धालुओं की जान गई थी. इसके अलावा राजौरी, पुंछ, अनंतनाग और डोडा जैसे इलाकों में भी सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमले किए गए हैं.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, हमलावरों की तलाश जारी
कुलगाम हमले के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनके संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हमलावर पहले से इलाके की रेकी कर चुके थे और मौका मिलते ही नाके पर हमला कर फरार हो गए.
यह भी पढ़ें: जम्मू कश्मीरः कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला, 3 जवान घायल, सर्च ऑपरेशन तेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं