विज्ञापन

चंडीगढ़ में खौफनाक वारदात: मेडिकल स्टोर में घुसे हमलावर ने की दनादन फायरिंग, रोंगटे खड़े कर देगा यह वीडियो!

मेडिकल स्टोर पर दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। तीन हमलावर बाइक पर आए, जिनमें से दो दुकान के अंदर घुसकर सीधे कैशियर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.

चंडीगढ़ में फायरिंग
  • चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में एक मेडिकल स्टोर पर तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग की घटना को अंजाम दिया.
  • फायरिंग में कैशियर को निशाना बनाया गया, जो गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
  • हमलावर मोटरसाइकिल से आए थे, दो युवक दुकान में घुसकर अचानक ऑटोमैटिक हथियार से गोलियां चलाने लगे.

चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी. जानकारी के अनुसार, तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुकान के पास पहुंचे. इनमें से दो आरोपी अचानक दुकान के अंदर घुस गए और वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका दिए बिना ऑटोमैटिक हथियार से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं.

हमलावरों ने सीधे काउंटर पर बैठे कैशियर को निशाना बनाया और उस पर कई राउंड फायरिंग की. गोली लगने से कैशियर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

गोलीबारी में 1 की मौत

गोलीबारी की इस घटना में घायल हुए रोहरू के रहने वाले जानकी दास की मौत हो गई है. यह हमला दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ. एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बाहर खड़ा रहा, जबकि दो नकाबपोश हमलावर दुकान के अंदर घुसे और कैशियर पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं. दुकान के अंदर कुल 13 राउंड फायरिंग हुई और खबर है कि इसमें ऑटोमैटिक हथियार का इस्तेमाल किया गया.
 

अचानक दोनों युवक फायरिंग शुरू कर देते हैं

वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक दुकान पर पहुंचते हैं और अंदर आकर दुकानदार के पास खड़े हो जाते हैं. वे कुछ समय तक माहौल को समझने और हालात का जायजा लेने की कोशिश करते हैं. इस दौरान दुकानदार एक ग्राहक से बातचीत में व्यस्त दिखाई देता है और उसे किसी तरह के खतरे का अंदेशा नहीं होता. तभी अचानक दोनों युवक फायरिंग शुरू कर देते हैं. गोलियों की आवाज सुनते ही दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच जाती है और दहशत के चलते लोग इधर-उधर भागने लगते हैं.

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें : असम एयरक्राफ्ट क्रैश में एयर फोर्स के 5 जवान शहीद, कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Firing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com