विज्ञापन

अग्निवीर जवान रोहित सिंह 21 की उम्र में शहीद, डेढ़ माह पहले ही म‍िली थी ज्‍वाइन‍िंग

जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में देश की रक्षा करते हुए टिहरी (उत्तराखंड) के 21 वर्षीय युवा अग्निवीर जवान रोहित सिंह रावत शहीद हो गए. वह 20 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे. शुक्रवार को उनके पैतृक घाट बिनपुला में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई.  

अग्निवीर जवान रोहित सिंह 21 की उम्र में शहीद, डेढ़ माह पहले ही म‍िली थी ज्‍वाइन‍िंग

उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे टिहरी जनपद के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. मां भारती की रक्षा करते हुए भिलंगना ब्लॉक के अंतर्गत मेंडू सिंदवालगांव के युवा अग्निवीर जवान रोहित सिंह (21 वर्ष) 9 जून 2026 को जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में शहीद हो गए. युवा जवान की शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. शहीद रोहित सिंह की पहली ज्वाइनिंग 28 अप्रैल 2025 को हुई थी और वह सेना की 20 गढ़वाल राइफल्स यूनिट में तैनात थे.

रोहित सिंह अमर रहे

युवा जवान अग्निवीर रोहित सिंह का पार्थिव शरीर देर शाम जैसे ही घनसाली पहुंचा, स्थानीय लोगों ने "जब तक सूरज चांद रहेगा, रोहित तेरा नाम रहेगा", "रोहित सिंह अमर रहे", "वंदे मातरम" और "भारत माता की जय" के गगनभेदी नारों के साथ उन पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. देर रात जब रोहित का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, तो वहां का माहौल अत्यंत गमगीन हो गया. अपने लाडले के पार्थिव शरीर को देखते ही मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. रोहित के असमय निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. 

uttarakhand tehri agniveer jawan rohit singh rawat martyred

शुक्रवार को युवा अग्निवीर रोहित सिंह रावत का उनके पैतृक घाट बिनपुला में पूरे सैन्य सम्मान और गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया. सेना के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर वीर सपूत को अंतिम विदाई दी गई. जब बेटे की चिता को मुखाग्नि दी जा रही थी, तो परिजनों का करुण क्रंदन देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं. अंतिम संस्कार में प्रशासन के अधिकारियों और क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और शुभचिंतक उपस्थित रहे. रोहित के अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा.

शहीद रोहित सिंह अपने परिवार के बड़े बेटे थे. उनके पिता सुरेंद्र सिंह रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं, जो बेटे के निधन की सूचना मिलते ही भारत के लिए रवाना हो चुके हैं. परिवार में रोहित के अलावा उनका एक छोटा भाई मोहित है, जो वर्तमान में नौवीं कक्षा का छात्र है. देश सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले इस वीर सपूत को पूरा देश नमन कर रहा है. 


(मनीष स‍िंंह की र‍िपोर्ट )

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Agniveer, Uttarakhand
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com