- फरीदाबाद के एक स्कूल में महिला टीचर की चाकू से गोदकर हत्या करने वाल आरोपी गिरफ्तार
- आरोपी अमित करीब 2 साल से महिला टीचर का पीछा कर रहा था. वह उससे एकतरफा प्यार करता था
- उसने एक बार उसको अगवा भी किया था और उसके पति के साथ मारपीट भी की थी
फरीदाबाद के एक स्कूल में सोमवार को एक महिला टीचर को स्कूल की चारदीवारी के भीतर चाकू से गोदकर मार दिया गया. उसको 32 सेकेंड में 34 बार चाकू से गोदा गया. 26 साल की महिला टीचर ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया. ये हत्या कोई तुरंत नहीं हुई बल्कि एक सोची समझी साजिश थी.हत्या किसने और क्यों की. कत्ल के पीछे वजह क्या रही, वह स्कूल में दाखिल कैसे हुआ सबकुछ डिटेल में जानें.
दो साल से संध्या का पीछा कर रहा था
हत्या करने वाले शख्स ने करीब 2 साल तक महिला टीचर का पीछा किया था. आखिरकार वह अपने मंसूबों में कामयाब हो गया. टीचर के परिवार के मुताबिक, आरोपी करीब दो साल तक उसका पीछा कर रहा था. इसी साल की शुरुआत में, उसने कथित तौर पर संध्या को उसके घर से अगवा किया था. उसके पति के साथ भी मारपीट की थी. परिवार ने दूर रहने की चेतावनी दी फिर भी वह नहीं माना और टीचर को परेशान कर रहा था. संध्या आरोपी अमित से बात भी नहीं करती थी. उसने पीछा करने पर उस पर केस करने की भी धमकी दी थी.
शादीशुदा संध्या से शादी करने की जिद पर अड़ा था
परिवार वालों के मुताबिक, अमित उसे बार-बार फोन करता था. इसे तंग आकर संध्या के पति ने एक साल पहले उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया था. लेकिन अमित फिर भी उसका पीछा छोड़ने के लिए तैयार नहीं था. वह टीचर से शादी करना चाहता था. जबकि वह जानता था कि संध्या पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं.
एकतरफा इश्क में ली टीचर की जान
उस पर एक तरफा इश्क का जुनून कुछ ऐसा सवार हुआ की हाथों में चाकू थामे वह महिला के स्कूल तक पहुंच गया. उसने फरीदाबाद की संध्या को ऐसी दर्दनाक मौत दी कि वीडियो देखने वालों की रूह कांप जाए. संध्या 3 अगस्त की सुबह रोज की तरह सिकरौना के सरस्वती सीनियर सेकेंड्ररी स्कूल पहुंची. वह इस बात से पूरी तरह बेखबर थी कि कोई उसकी जान ले सकता है.
स्कूल पहुंचकर संध्या को बाहर बुलाया
उसी सुबह विक्की नाम का शख्स साढ़े नौ बजे स्कूल पहुंचकर एक टीचर से बोला कि मैम को बुला दीजिए कुछ बात करनी है. विक्की टीचर संध्या के पति का नाम है तो शख्स की बात पर यकीन कर उन्होंने संध्या को बुला दिया. उसके मुंह पर साफा बांधा था लेकिन किसी को शक नहीं हुआ. क्यों कि कई लोग धूल मिट्टी से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध लेते हैं.
एक मिनट पैंतालीस सेकेंड तक वब बरामदे में चहलकदमी करता रहा. तभी संध्या दरवाजे पर आई. उसने हाथ के इशारे से उसे बाहर आने को कहा. शायद वह इसे पहचान गई इसीलिए वह बाहर नहीं आई. लेकिन शख्स ने उसे जबरदस्ती खींचा और अपना दाए हाथ से चाकू निकाकर संध्या पर ताबड़ तोड़ वार करना शुरू कर दिया. संध्या बचने की कोशिश में जमीन पर गिर पड़ी.

32 सेकेंड में 34 बार गोदा
अगले बत्तीस सेकंड तक सिरफिरा उसे चाकू मारता रहा. टीचर की चीख सुनकर प्रिंसिपल बाहर आए, लेकिन हमलावर ने उनको डरा दिया.कातिल की सनक देखकर पीछे हट गए. स्टाफ के लोग संध्या को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे. सनकी आशिक की पहचान 21 साल के अमित के तौर पर हुई है. पुलिस ने संध्या की पति की शिकायत पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
कैसे हुई संध्या और अमित की पहली मुलाकात?
पूछताछ में पता चला कि संध्या करीब दो साल पहले अमित के ही गांव में एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी. दोनों की पहचान उसी दौरान हुई. अमित उससे एक तरफा इश्क करने लगा. लेकिन संध्या उससे छुटकारा पाना चाहती थी. बार-बार चेतावनी देने के बाद भी अमित उसका पीछा करता था. संध्या ने उसे पीछा नहीं छोड़ने पर केस करने की दमकी भी दी. उसने अमित से बातचीत पूरी तरह बंद कर दी थी. ये बात अमित बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था. बस तभी उसने तय कर लिया कि वह संध्या का कत्ल कर देगा. इसी इरादे से वह 3 अगस्त को जेब में चाकू रखकर स्कूल पहुंचा और उसे चाकू से गोद दिया.
स्कूल में सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल
जानकारी के मुताबिक, संध्या ने आरोपी के खिलाफ कुछ वक्त पहले शिकायत दर्ज कराई थी. लेकिन तब उसने सबसे सामने माफी मांग ली थी. दोनों पक्षों में समझौता हो गया था. बावजूद इसके अमित सुधरा नहीं और मौका मिलते ही वह संध्या को परेशान करता रहता था.केस करने की धमकी मिलने पर उसने मन में रंजिश ठान ली.फरीदाबाद में हुई इस वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. वहीं स्कूलों के अंदर सुरक्षा के इंतजामों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें-32 सेकेंड में 34 वार, फरीदाबाद के स्कूल में टीचर की चाकू से गोदकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं