- जम्मू-कश्मीर में सर्दियों के दौरान आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं
- पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सैकड़ों आतंकी लॉन्चपैड पर मौजूद हैं और घुसपैठ की योजना बना रहे हैं
- आतंकियों को छोटे समूहों में बांटकर विशेष उपकरणों के साथ बर्फीले इलाकों में ऑपरेशन के लिए प्रशिक्षित किया गया
जम्मू-कश्मीर में सर्दियों के दौरान बर्फबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानि पीओके में सैकड़ों आतंकी लॉन्चपैड पर मौजूद हैं. आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान सर्दियों के दौरान जम्मू-कश्मीर में ज्यादा से ज्यादा आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिश कर सकता है. इसके लिए पाकिस्तान ने आतंकियों को स्पेशल ट्रैनिंग और खास इनपुट मुहैया कराए हैं. इनपुट मिलने के बाद भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.
छोटे-छोटे समूहों में बांटे गए आतंकी
खुफिया जानकारी के मुताबिक, आतंकियों को सुरक्षा बलों की नजरों से बचाने के लिए तीन से चार लोगों के छोटे-छोटे समूहों में बांटा गया है. इन समूहों में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े आतंकियों के शामिल होने की बात कही जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां इन संगठनों से जुड़े आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं. खुफिया इनपुट के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों को बर्फीले और ऊंचाई वाले इलाकों में ऑपरेशन करने के लिए विशेष उपकरण उपलब्ध कराए हैं. इन उपकरणों की तुलना सियाचिन जैसे दुर्गम इलाकों में इस्तेमाल किए जाने वाले गियर से की जा रही है. आशंका है कि इन उपकरणों की मदद से आतंकी कठिन मौसम और बर्फ से ढके रास्तों का फायदा उठाकर घुसपैठ की कोशिश कर सकते हैं.
दिसंबर में भी घुसपैठ की आशंका
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आतंकी दिसंबर में भी घुसपैठ की कोशिश कर सकते हैं. आमतौर पर भारी बर्फबारी के कारण इस दौरान घुसपैठ के पारंपरिक रास्ते बेहद मुश्किल हो जाते हैं. हालांकि, विशेष उपकरणों और छोटे समूहों में आवाजाही की रणनीति के जरिए आतंकी इन चुनौतियों का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए घुसपैठ के संभावित रास्तों की मैपिंग किए जाने की भी जानकारी मिली है. इसके अलावा, आतंकियों को भारतीय सेना की गतिविधियों से जुड़ी रियल टाइम जानकारी उपलब्ध कराए जाने का दावा किया गया है. लॉन्चपैड के आसपास पाकिस्तानी सेना के जवानों की तैनाती की बात भी सामने आई है.
ये भी पढ़ें:- PoK का हाल जाकर देखो, फारूक अब्दुल्ला तो नमकहराम हैं...; गिरिराज सिंह का विपक्ष पर बड़ा हमला
LoC पर भारतीय सेना हाई अलर्ट पर
घुसपैठ की आशंका को देखते हुए भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पर चौकसी बढ़ा दी है. सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही हैं. सर्दियों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों से पैदा होने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए घुसपैठ रोकने के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिकता आतंकियों की किसी भी संभावित घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करना और जम्मू-कश्मीर में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना है.
ये भी पढ़ें:- अल्पसंख्यकों पर हमें नसीहत ना दे पाकिस्तान, अपने अवाम की भलाई सोचे... UN में भारत ने पाकिस्तान को फिर लताड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं