विज्ञापन

जब राहुल गांधी अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर उसी रेस्तरां पहुंचे, जहां मिले थे राजीव और सोनिया, तब क्या हुआ?

सोनिया गांधी की पुस्तक 'Belonging' के विमोचन समारोह में राहुल गांधी का भाषण चर्चा का विषय बन गया. राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते से जुड़े कई निजी और भावुक किस्से साझा किए.

जब राहुल गांधी अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर उसी रेस्तरां पहुंचे, जहां मिले थे राजीव और सोनिया, तब क्या हुआ?
सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर राहुल गांधी ने सुनाए निजी किस्से
IANS

सोनिया गांधी के किताब Belonging के विमोचन के वक्त राहुल गांधी ने जो कुछ कहा उसको लेकर खूब चर्चा हो रही है. सोनिया गांधी के किताब के विमोचन वाले कार्यक्रम में मैं भी था. राहुल गांधी ने भाषण देने के पहले ही कह दिया था कि वो कोई भी राजनीतिक बातें यहां नहीं कहेंगे. 

राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि जब मुझे कैंब्रिज जाने का मौका मिला तो मैं अपनी गर्लफ़्रेंड को लेकर varsity रेस्तरां ले कर गया क्योंकि मेरे माता पिता भी वहीं मिले थे और अक्सर जाया करते थे. वहां के पीले दरवाजे से मैं अंदर गया, वहां जो शख्स था उसे मैंने दो लोगों के लिए टेबल के बारे में पूछा फिर मैंने उससे कहा कि यही वो जगह है जहां पर मेरे माता-पिता मिले थे. 

उस शख्स ने कहा वो, मैं उन्हें जानता हूं. फिर मैंने पूछा आप उनके बारे में क्या जानते हैं तो उसने कहा वो दोनों, मुझे मालूम है आप किसके बारे में कह रहे हैं. फिर मैंने उस शख्स से पूछा खाने में क्या अच्छा है तो उसने कहा कि चिकन चोश्यू और हमने वही ऑर्डर किया. 

राहुल गांधी आगे कहते हैं कि हमारे माता पिता के बीच में किसी बात को लेकर बहस तो होती रहती थी मगर झगड़ा होते हुए एक ही बार देखा और उसके गवाह कैप्टन अमरिंदर सिंह जी हैं, क्योंकि पापा कैप्टन साहब से टेलीफोन पर बात कर रहे थे और मम्मी किसी बात को लेकर उनको बार बार कुछ पूछ रही थीं और पापा इसी बात पर आपा खो बैठे. 

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि खाने के टेबल पर अक्सर मेरी मां पापा की गोद में ही बैठती थी. फिर अचानक सब कुछ बिखर गया. मेरी मां की दो धुरी थे एक को गोली मार दी गई तो दूसरे की निर्मम हत्या कर दी गई. राहुल कहते हैं कि Belonging मेरे पिता की कहानी है, उनका जो मेरी मां से रिश्ता था. एक दिन वो अचानक चले गए और हमने बदली हुई मां को देखा, फिर सारे देश ने मां को अपना लिया. मेरी मां चार बार कैंसर से उबरीं पर मैंने कभी मां को भयभीत होते नहीं देखा. अंत में राहुल गांधी ने कहा कि मां पापा आपको बहुत प्यार करते थे. उन्हें आप पर गर्व होगा.

राहुल गांधी के इस भाषण की दो बातों की बहुत चर्चा है एक है. एक गर्ल फ़्रेंड वाली और दूसरी उनकी मां का डाइनिंग टेबल पर उनके पिता के गोद में बैठना. इस दोनों बातों पर कई लोगों से बात की जिसमें नेताओं से लेकर पत्रकार भी शामिल हैं. सबका मानना है कि राहुल गांधी ऐसे ही हैं हमेशा दिल से बोलते हैं और खुल कर बोलते हैं और बोलने वक्त नफा नुकसान की चिंता नहीं करते. यही उनकी ताकत भी है और कमजोरी भी क्योंकि माना जाता है कि कोई भी नेता हर वक्त जब बोलता है तो बातों को तोल मोल कर कहता है. वह कुछ भी बोलने के पहले उस वक्तव्य के नफा नुकसान का अंदाजा लगा कर बोलता है मगर राहुल गांधी में ये सब बनावटीपन नहीं है. इसको आप उनकी निर्भयता भी कह सकते हैं और बचपना भी. 

दूसरी बात कि गर्लफ़्रेंड वाली उन्होंने कही.  जो अभी की पीढ़ी के लिए आम बात है, आजकल के जेन जी इस तरह की बातें करने में जरा भी नहीं हिचकिचाते हैं. राहुल की कुछ बातें उनकी या उनके मां की पीढ़ी को अच्छी नहीं लगी होंगी मगर जो आजकल की जेनेरेशन है उसके लिए यह सामान्य बातचीत का हिस्सा है. आजकल की पीढ़ी की भाषा से देश जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने वाले युवाओं के पोस्टर पर लिखे नारों से अवगत हो चुका है. नेताओं का यहां ये हाल है कि गर्लफ़्रेंड की बात तो छोड़िए आम जनता के बीच वो मांसाहारी होने तक की बातें नहीं करते हैं और माता पिता के बीच वैवाहिक संबंधों और प्यार के इजहार की बातें तो बहुत दूर की बात है.

इस लिहाज से राहुल गांधी ने एक बड़ी बाधा को तोड़ा है क्योंकि वो उन सब चीजों के बारे में बात कर रहे हैं जिस पर लोग निजी बातचीत में चर्चा करते हैं किसी खुले मंच पर नहीं. अब इन बातों के लिए आप राहुल गांधी की आलोचना भी कर सकते हैं और सराहना भी क्योंकि कौन क्या सोचता है वह उस व्यक्ति की सोच पर ही निर्भर करता है. अपने बयान को लेकर हो रही निंदा पर राहुल गांधी ने एक्स पर जवाब देते हुए सिर्फ यही लिखा 'सत्यम शिवम सुंदरम' यानी सत्य कितनी भी कठोर हो वह सुंदर होता है.

यह भी पढ़ें | सोनिया-राजीव की केमिस्ट्री पर हुई ट्रोलिंग तो राहुल ने शिव-पार्वती की फोटो से दिया जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Sonia Gandhi, Sonia Gandhi Book, Sonia Gandhi Belonging, Sonia Gandhi Belonging Book
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com