विज्ञापन

पंजाब में जम्मू-कश्मीर पैटर्न! क्या है 'ऑपरेशन नूर', जिसके तहत हो रही पुलिसकर्मियों की टारगेट किलिंग

पंजाब में पुलिसकर्मियों की टारगेट किलिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. जिसमें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का कनेक्शन सामने आया है, इस मामले में प्रॉक्सी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान का नाम सामने आया है.

पंजाब में जम्मू-कश्मीर पैटर्न! क्या है 'ऑपरेशन नूर', जिसके तहत हो रही पुलिसकर्मियों की टारगेट किलिंग
पंजाब में पुलिसकर्मियों की टारगेट किलिंग में जम्मू-कश्मीर का पैटर्न (फाइल फोटो)
  • पंजाब में पुलिसकर्मियों की टारगेट किलिंग की घटनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की साजिश के तहत हो रही हैं.
  • तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) को ISI का प्रॉक्सी संगठन मानते हुए पंजाब और दिल्ली में आतंक फैलाने का दावा है
  • TTH के जरिए सोशल मीडिया पर स्थानीय युवाओं को भर्ती कर हथियारों से लैस कर टारगेट किलिंग करवाई जा रही है

पंजाब में पिछले कुछ समय में पुलिसकर्मियों की लगातार टारगेट किलिंग के मामले सामने आए हैं, यह पेटर्न जम्मू कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों की टारगेट किलिंग जैसा ही दिखा है. भारतीय खुफिया एजेंसियों के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है. क्योंकि पंजाब में हो रही यह घटनाएं कोई स्थानीय गैंगवार या आपसी रंजिश नहीं है, बल्कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की सोची-समझी साजिश है, जिसमें आईएसाई अपने प्रॉक्सी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) के जरिए पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बना रही है. खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, पंजाब में टारगेट किलिंग का पैटर्न बिल्कुल वैसा ही है, जैसा जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों की हत्या के लिए अपनाया जाता था. वहां पहले आतंकी संगठन जिम्मेदारी लेते थे, फिर लोकल युवाओं को भर्ती कर हमले करवाए जाते थे. अब वही मॉडल पंजाब में लागू किया जा रहा है.

पंजाब के हमलों में पाक का कनेक्शन

पंजाब में इस साल अब तक एक होमगार्ड समेत 6 पुलिसकर्मियों पर हमले हुए हैं, जिसमें पांच की मौत हुई है. जिसमें पाक का कनेक्शन है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक TTH कोई स्वतंत्र या स्थापित आतंकी संगठन नहीं है, बल्कि यह ISI का एक प्रॉक्सी नेटवर्क है, जिसे पंजाब और दिल्ली-NCR में दहशत फैलाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. पाकिस्तान में एक्टिव तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को भारत से लिंक करने की कोशिश में है. इसीलिए उसने एक मुखौटा संगठन के तौर पर TTH बनाया है, ताकि लगे कि यह भारत के अंदर ही पनपा एक संगठन है. इस संगठन को पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी अलग-अलग तरीकों से ऑपरेट कर रहा है. गृह मंत्रालय ने 16 सितंबर 2026 को शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) को UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है. अब देश की सुरक्षा एजेंसियों के टारगेट पर TTH है.

ये वीडियो भी देखिए

ऑपरेशन नूर की चर्चा

इन घटनाओं में 'ऑपरेशन नूर' चर्चा में आया है. हर हत्या के बाद सोशल मीडिया पर TTH के पोस्टर दिखते हैं, वारदात के बाद इंटरनेट पर TTH के विंग 'अल-बुरक स्क्वाड' के जरिए इन घटनाओं का प्रचार करवाया जाता है, ताकि लगे कि यह पूरा संगठन अलग काम कर रहा है. शहजाद भट्टी और उसके हैंडलर सोशल मीडिया के जरिए पंजाब में लोकल युवाओं को भर्ती करते हैं. उसके बाद आईएसआई पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार भेजती है. इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल टारगेट किलिंग के लिए होता है. पंजाब पुलिस ने टारगेट किलिंग से जुड़े मामलों में कई लोगों को गिरफ्तार किया है, कुछ मुठभेड़ में मारे भी गए हैं. लेकिन फिर भी टारगेट किलिंग का सिलसिला जारी है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जून 2026 में दिल्ली-NCR और पंजाब में TTH के पोस्टर लगाने वाले 8 लोगों को गिरफ्तार किया था.

पंजाब में कब-कब हुई टारगेट किलिंग

पंजाब में इस साल अब तक एक होमगार्ड समेत 6 पुलिसकर्मियों पर हमले हुए हैं, जिनमें 5 की मौत हो गई है. पहली घटना गुरदासपुर जिले के अधियां गांव में 23 फरवरी 2026 को हुई थी. जब एक युवक की घर में घुसकर हत्या कर दी गई, TTH ने जिम्मेदारी ली. इसी घटना से 2026 की शुरुआत में ही इस संगठन का नाम पंजाब की टारगेट किलिंग्स में आना शुरू हुआ था. गुरदासपुर में ही एक दिन पहले 22 फरवरी को डोरांगला में पुलिस चौकी पर तैनात ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दोनों चौकी में तैनात थे. यह इलाका भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब है.

अमृतसर की घटना 

इसके बाद 24 मई 2026 को अमृतसर के मजीठा में ट्रैफिक विंग में तैनात ASI जोगा सिंह ड्यूटी पर जाते समय मजीठा के पास बाइक सवार हमलावरों की गोली का शिकार हुए. हत्या की जिम्मेदारी TTH ने ली और सोशल मीडिया पर उसका वीडियो भी डाला था. अमृतसर जिले में ही 18 सितंबर 2026 को ASI हरजीत सिंह की भगतांवाला अनाज मंडी के गेट नंबर-2 के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई, वह रात की ड्यूटी पर थे. दो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग की है. हत्या के पीछे TTH और शहजाद भट्टी का हाथ बताया गया है. 

अमृतसर में 8 अक्टूबर 2026 के दिन ड्यूटी के बाद घर जा रहे रेलवे पुलिस के ASI सुखचैन सिंह पर हमला हुआ, बाजू में गोली लगी, TTH ने जिम्मेदारी ली है. वहीं गुरदासपुर में 15 नवंबर 2026 के दिन ASI विनोद कुमार की अगवा कर हत्या कर दी गई, हत्या की जिम्मेदारी TTH ने ली है. TTH का खतरा सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं है, जून 2026 में TTH ने ही रांची में RSS कार्यालय पर हमला करवाया था. इससे साफ है कि यह नेटवर्क अब दूसरे राज्यों में भी पैर पसारने की कोशिश कर रहा है.

खुफिया एजेंसियों के लिए TTH सबसे बड़ा सिरदर्द इसलिए है, क्योंकि यह पारंपरिक आतंकी संगठन की तरह काम नहीं करता. इसके पास कोई एक ठिकाना नहीं है, कोई बड़ी हायरार्की नहीं है. यह सोशल मीडिया पर पोस्टर, वीडियो और प्रोपेगेंडा के जरिए लोकल युवाओं को बरगलाता है, उन्हें हथियार देता है और फिर हमले के बाद गायब हो जाता है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक यह पंजाब को अस्थिर करने की आईएसआई की नई साजिश मानी जा रही है. 

ये भी पढे़ंः श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तान और हनीट्रैप कनेक्शन, आतंकियों ने महिला को फंसाया, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Police Killing, Punjab Police News, Shehzad Bhatti, Shehzad Bhatti Gang, Punjab Terrorists
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com