नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में एक महिला ने दिल्ली निवासी युवक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उससे बड़ी रकम भी ली. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता के अनुसार उसकी आरोपी से पहचान कई साल पहले हुई थी. दोनों की मुलाकात उस समय हुई थी जब वह एक प्रोफेसर के साथ काम कर रही थी और आरोपी उसी प्रोफेसर के साथ पीएचडी कर रहा था. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संपर्क लगातार बना रहा.
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि दिसंबर 2022 में आरोपी उसके घर आया और शादी करने की इच्छा जताई. शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान उसने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिए. पीड़िता का कहना है कि बाद में इन्हीं वीडियो का हवाला देकर आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा और संबंध बनाए रखे. यह सिलसिला मार्च 2026 तक चलता रहा.
75 लाख रुपये लेने का आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने अलग-अलग कारण और मजबूरियां बताकर उससे करीब 75 लाख रुपये लिए. इतना ही नहीं, महिला की छोटी बहन से भी रकम ली गई. महिला का दावा है कि उसने और उसकी बहन ने शादी के वादे पर भरोसा करते हुए आरोपी को बड़ी रकम दी थी.
धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि कुछ समय बाद आरोपी और उसकी बहन ने उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. पीड़िता का कहना है कि उसने धर्म परिवर्तन से इनकार कर दिया, लेकिन इसके बावजूद शादी का आश्वासन देकर उससे पैसे लिए जाते रहे. महिला के अनुसार जब उसे महसूस हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है, तब उसने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने शुरू की जांच
सेक्टर-113 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें | ग्रेटर नोएडा में छपरौला में चला बुलडोजर: 24 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, मकान-दुकानें ध्वस्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं