- वायरल वीडियो पर DK शिवकुमार ने तोड़ी चुप्पी, BJP को दिया जवाब
- डीके शिवकुमार बोले- राहुल गांधी के साथ मेरा रिश्ता विश्वास और स्नेह का
- मार्च फॉर डेमोक्रेसी वीडियो पर गरमाई राजनीति
दिल्ली में आयोजित ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी' के दौरान राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का एक वीडियो वायरल होने के बाद सियासी बहस छिड़ गई है. भाजपा ने वीडियो को लेकर राहुल गांधी पर डीके शिवकुमार का अपमान करने का आरोप लगाया था. अब इस पूरे विवाद पर खुद डीके शिवकुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी का बचाव किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने केवल उनकी सुरक्षा की चिंता करते हुए उन्हें प्रदर्शन के दौरान वाहन में वापस जाने की सलाह दी थी और इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दिया जा रहा है.
SIR और भाजपा के आरोपों पर डीके शिवकुमार का पलटवार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भाजपा के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि दिल्ली में हुए ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी' के दौरान राहुल गांधी ने उनका अपमान किया. मंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवकुमार ने कहा कि राहुल गांधी वही नेता हैं जिन्होंने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के भीतर अपार मानवीय संवेदनाएं और शक्ति है. उन्होंने मुझसे बस में बैठने को कहा था. भाजपा इस छोटे से मुद्दे को राजनीतिक विवाद में बदलने की कोशिश कर रही है.
VIDEO | Karnataka CM DK Shivakumar on the BJP's claim that Rahul Gandhi ‘insulted' him during the ‘March for Democracy' in Delhi, says, “He is the leader who made me CM. He has great humanity and strength.” https://t.co/TM6Wv5KYlF
— Press Trust of India (@PTI_News) October 15, 2026
उन्होंने कहा, 'हमने सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर और उससे जुड़ी विसंगतियों के खिलाफ अपील दायर की है. वोट का अधिकार जीने के अधिकार के समान है. हम सभी उसके लिए लड़ रहे हैं. हमने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था और आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी. हम राज्य और देश के मतदाताओं की रक्षा कर रहे हैं. कुछ भाजपा नेता इस मुद्दे पर राजनीति और शरारत करने की कोशिश कर रहे हैं. नेतृत्व में बहुत मानवता और शक्ति है.'
भाजपा ने खूब शेयर किए थे वीडियो
भाजपा ने अपने कई राज्यों के सोशल मीडिया हैंडल्स पर वीडियो साझा कर दावा किया था कि राहुल गांधी ने रैली के दौरान डीके शिवकुमार का कुर्ता खींचकर उन्हें पीछे किया और भीड़ के बीच धक्का दिया. भाजपा ने आरोप लगाया था कि यह सिर्फ कर्नाटक के मुख्यमंत्री का ही नहीं, बल्कि राज्य की जनता का भी अपमान है.
13 अक्टूबर को भी दी थी सफाई
इस विवाद के बाद 13 अक्टूबर को डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी विस्तृत बयान जारी किया था. उन्होंने लिखा था कि लोकतंत्र और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए आयोजित विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे. उसी दौरान राहुल गांधी ने उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वाहन में वापस लौटने और सावधानी बरतने की सलाह दी थी.शिवकुमार ने कहा था, हमारी लड़ाई लोकतंत्र के लिए है, ध्यान भटकाने के लिए नहीं. राहुल गांधी ने मेरी सुरक्षा की चिंता करते हुए मुझे वाहन में वापस लौटने और सावधानी बरतने की सलाह दी. हमारे बीच का रिश्ता विश्वास, स्नेह और पारिवारिक भावना पर आधारित है. 10 सेकंड का वीडियो पूरी कहानी नहीं बता सकता.'
राहुल गांधी और डीके शिवकुमार के वायरल वीडियो को लेकर शुरू हुआ विवाद राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा बना हुआ है, लेकिन स्वयं शिवकुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके और राहुल गांधी के बीच किसी प्रकार का मतभेद नहीं है तथा वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : SIR पर कर्नाटक में घमासान, CM डीके शिवकुमार के धरने के बाद EC का बड़ा फैसला, फॉर्म-7 की होगी पड़ताल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं