विज्ञापन

सरकार V/s विपक्ष... परिसीमन बिल पर किसकी क्या दलीलें? कानून बना तो क्या बदलेगा 

परिसीमन बिल को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तकरार बढ़ गई है. सरकार इस बिल को संसद के विशेष सत्र में पेश करने जा रही है. वहीं, विपक्ष ने इसे संविधान और लोकतंत्र पर हमला बताया है. 

सरकार V/s विपक्ष... परिसीमन बिल पर किसकी क्या दलीलें? कानून बना तो क्या बदलेगा 
सांकेतिक तस्वीर.
PTI
  • मोदी कैबिनेट ने महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को मंजूरी दी है जो संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा
  • बिल के लागू होने पर लोकसभा और विधानसभा की सीटें 50 प्रतिशत तक बढ़कर 850 तक पहुंच जाएंगी
  • सरकार का कहना है कि यह बिल महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने और संसद में उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ाएगा
नई दिल्ली:

परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण बिल को शुक्रवार को मोदी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी. अब इस बिल को सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा. इस बिल को अप्रैल में भी पेश किया गया था लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं होने के कारण यह गिर गया था. अब सरकार इसे फिर लेकर आ रही है, क्योंकि उसे इस बार बिल के पास होने की उम्मीद है.

अगर यह बिल पास हो जाता है तो दो बड़े बदलाव होंगे. पहला- 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले सभी राज्यों में लोकसभा और विधानसभाओं में 50-50% सीटें बढ़ जाएंगी. और दूसरा- 2029 के लोकसभा चुनाव में ही महिलाओं के लिए 33% आरक्षण मिलेगा.

इस बिल के समर्थन और विरोध में सरकार और विपक्ष की अपनी-अपनी दलीलें हैं. विपक्ष का आरोप है कि चुनावी फायदे के लिए इसे लाया जा रहा है. वहीं, सरकार का कहना है कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का रास्ता साफ हो जाएगा.

क्या है पूरा बिल? इससे क्या बदल जाएगा? सरकार और विपक्ष के नेताओं का इस पर क्या है कहना? सब समझते हैं.

बिल में क्या कुछ है?

बिल अगर कानून बनता है तो इससे सभी राज्यों की लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या 50-50% तक बढ़ जाएगी.

अभी लोकसभा में 543 सीटें हैं. कानून बनने और परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटें बढ़कर 850 तक पहुंच जाएगी. इसे ऐसे समझिए कि किसी राज्य में अगर 20 लोकसभा सीट है तो वहां यह बढ़कर 30 हो जाएगी.

50% का फॉर्मूला इसलिए लगाया है ताकि हर राज्य में एक बराबर सीटें बढ़ें. संसद में किसी राज्य का न तो प्रतिनिधित्व घटे और न ही बढ़े.

इस बिल में यह भी प्रावधान किया गया है कि अगले 25 सालों तक सीटों में कोई बदलाव नहीं होगा. यानी 2051 के बाद ही फिर परिसीमन होगा.

यह भी पढ़ें | परिसीमन बिल का समर्थन क्यों? शरद पवार ने कांग्रेस को बता दी अपनी 'मजबूरी'

महिला आरक्षण कैसे मिलेगा?

2023 में महिला आरक्षण का जो कानून पास हुआ था, उसमें साफ था कि परिसीमन के बाद है इसे लागू किया जा सकेगा.

इसका मतलब हुआ कि परिसीमन होगा, नई सीटें बनेंगी और फिर महिलाओं को आरक्षण मिलेगा. 

प्रस्तावित बिल में लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान है. 33% आरक्षण लागू होने के बाद लोकसभा की लगभग 283 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी.

Latest and Breaking News on NDTV

बिल पर सरकार क्या कह रही है?

2023 में महिला आरक्षण वाला कानून बन चुका है. लेकिन परिसीमन के कारण इसे लागू नहीं किया जा सका. सरकार हमेशा से कहती रही है कि परिसीमन होगा, सीटें बढ़ेंगीं तो महिलाओं को 33% आरक्षण मिलेगा.

सरकार इस बिल को अहम बता रही है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'जब सरकार कोई सत्र या विशेष सत्र बुलाती है तो इसका मतलब होता है कि देश के लिए बहुत अहम बिल पास करना या कामकाज होना है.'

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास हुआ था तो सभी दलों ने इस मातृशक्ति से एक वादा किया था. अब उस वादे को पूरा करने की घड़ी है.

वहीं, भाजपा सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, इससे पता चलता है कि उनकी राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है. विपक्ष नकारात्मक राजनीति बहुत पहले से कर रहा है.

भाजपा नेता अलका सिंह गुर्जर ने कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की कवायद हुई थी. अब राजनीतिक तौर पर सशक्तिकरण की शुरुआत है. 

यह भी पढ़ें | SIR के बाद अब परिसीमन की जिम्मेदारी? ज्ञानेश कुमार तैयार करेंगे देश के लिए नया 'चुनावी नक्शा'!

Latest and Breaking News on NDTV

विपक्ष का क्या है कहना?

विपक्षी दलों ने असम और जम्मू-कश्मीर में हुई परिसीमन की कवायद का हवाला देते हुए 'गेरीमेंडरिंग' को लेकर चिंता जताई है. 'गेरीमेंडरिंग' का मतलब चुनावी फायदे के लिए चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं में हेरफेर करना है. 

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह 2029 के आम चुनावों से पहले अपने फायदे के लिए देश के चुनावी नक्शे को फिर से तैयार करने की कोशिश कर रही है.

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने संविधान बदलने की कोशिश बताया. उन्होंने कहा, 'महिला आरक्षण की आड़ में सरकार संविधान बदलना चाहती है. 2024 के लोकसभा चुनावों में 400 पार सीटें जीतकर संविधान के मूल ढांचे में बदलाव करना चाहती थी, उसमें कामयाब नहीं हो पाई. अब परिसीमन के जरिए उसे पूरा करने की यह दूसरी कोशिश है.'

सीपीआई ने भी इस बिल का विरोध किया है. सीपीआई सांसद पी. संतोष कुमार ने कहा कि 'जहां तक परिसीमन बिल का सवाल है, हमने पहले ही अपनी स्थिति बहुत साफ कर दी है. सीपीआई और बाकी वामपंथी पार्टियां बिल को उसके मौजूदा स्वरूप में समर्थन देने की स्थिति में नहीं है.'

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरकार पर लोकसभा में धोखाधड़ी से दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, 'यह भारत के संविधान पर हमला है. इसका पूरी ताकत से विरोध किया जाना चाहिए और किया जाएगा. कांग्रेस का रुख इस मामले में हमेशा साफ और एक जैसा रहा है.'

वहीं, आरजेडी सांसद मनोज झा ने इसे लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश बताया. उन्होंने कहा, 'इसे परिसीमन नहीं कहिए. यह वास्तव में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है, जिसे भाजपा असम में पहले ही आजमा चुकी है.'

जबकि, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने बिल का समर्थन करने वालों को गद्दार तक बता दिया. 

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, 'जो भी सांसद इस बिल के पक्ष में वोट करेगा, यह मान लिया जाना चाहिए कि उसने 150 करोड़ रुपये लिए हैं. जनता और इतिहास ऐसे लोगों को देश के गद्दारों के रूप में याद रखेगा. इतिहास गद्दारों के नामों को हमेशा याद रखता है, जबकि बाद में दी गई सफाने या बहाने समय के साथ भुला दिए जाते हैं.'

अब इस मामले में आगे क्या?

इस मामले पर सियासत गरमा गई है. सरकार को पूरा भरोसा है कि इस बार बिल पास हो जाएगा. 

सरकार ने संसद का चार दिन का विशेष सत्र बुलाया है. 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा, जबकि 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी.

वहीं, विपक्ष ने भी इस पर रणनीति बनाने के लिए एक बैठक बुलाई है. विपक्षी इंडिया ब्लॉक के नेता शनिवार को बैठक कर रणनीति पर चर्चा करेंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delimitation Bill 2026, Women Reservation, Rahul Gandhi, Kiren Rijiju, INDIA Alliance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com