पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में मात्र 150 रुपये को लेकर विवाद के कारण एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है. पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि तिलक नगर थाने को सोमवार को एक युवती का फोन आया, जिसने अपने भाई पारस को चाकू मारे जाने और उसे डीडीयू (दीन दयाल उपाध्याय) अस्पताल ले जाने की सूचना दी. उन्होंने बताया कि पीठ और बाएं पैर की जांघ पर गंभीर घावों के कारण 23 साल के पारस की उपचार के दौरान मौत हो गई.
15 और 16 साल के तीन किशोरों को पकड़ा
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. स्वामी ने बताया कि पुलिस टीम ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई और इसके आधार पर वारदात के कुछ ही घंटों के अंदर चौखंडी के बी-ब्लॉक स्थित एक स्थानीय पार्क से 15 और 16 साल के तीन किशोरों को पकड़ लिया.
150 रुपये लिए थे और वापस नहीं किये
दिल्ली पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान किशोरों ने खुलासा किया कि करीब 40-45 दिन पहले पीड़ित ने उनमें से एक से जबरन 150 रुपये ले लिए थे और वह पैसे वापस नहीं कर रहा था. स्वामी के अनुसार, किशोरों ने बताया कि रविवार एवं सोमवार की दरमियानी रात उन्होंने पारस को रोका और पैसे न देने की बात पर उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद एक किशोर ने उस पर कथित तौर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. अधिकारी ने बताया कि तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें :- मर गया-मर गया... महरौली में गुब्बारे बेचने वाली बच्ची का रेप-मर्डर करने वाले आरोपी के हाफ एनकाउंटर की कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं