विज्ञापन

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, AAP ने वीडियो शेयर कर कहा- गिरफ्तार करो

दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कथित तौर पर एक युवक को थप्पड़ जड़ते हुए दिख रहे हैं. आम आदमी पार्टी ने इस मामले पर FIR दर्ज कराने की बात कही है.

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, AAP ने वीडियो शेयर कर कहा- गिरफ्तार करो
नई दिल्ली:

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर एक युवक को थप्पड़ जड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. आम आदमी पार्टी ने उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. वीडियो में दिख रहा है कि प्रवेश वर्मा ने एक युवक का मोबाइल अपने बाएं हाथ से नीचे खींचा, जो उनका वीडियो बना रहा था, और फिर अपने दाहिने हाथ से उसके चेहरे पर कथित तौर पर थप्पड़ जड़ दिया.

वीडियो में दिखता है कि इसके बाद वह युवक नेता से उलझने लगता है, लेकिन तभी एक सिक्योरिटी गार्ड दोनों के बीच आ जाता है. इस दौरान उनके आस-पास लोगों की भीड़ जमा हो जाती है.

कब हुई यह घटना?

यह घटना तब हुई जब पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में एक सड़क का निरीक्षण करने गए थे.

वीडियो में एक आवाज सुनाई देती है, 'ओये, मार कैसे रहा है?'

वीडियो में एक और व्यक्ति की आवाज सुनाई देती है जो दिखाई नहीं दे रहा है, वह कहता है, 'अरे, थप्पड़ मार दिया भाई. भाई, थप्पड़ मार दिया जी. ये लो जी, वीडियो बनाते हुए थप्पड़ मार दिया.'

भीड़ में मौजूद एक और व्यक्ति कहता है, 'आम आदमी को कोई थप्पड़ नहीं मार सकता.'

जिसे थप्पड़ जड़ा, वह कौन है?

यह घटना दोपहर डेढ़ बजे के आसपास हुई. जिस युवक को प्रवेश वर्मा ने कथित थौर पर थप्पड़ जड़ा, वह आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह का पीए साहिब सिंह है. साहिब सिंह का कहना है कि वह FIR दर्ज करवाएंगे.

आम आदमी पार्टी हुई हमलावर

प्रवेश वर्मा का कथित वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी हमलावर हो गई है. आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इस मामले पर पार्टी प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करवाने जा रही है.

आप (AAP) के तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह ने मंत्री का यह वीडियो X पर पोस्ट किया. उन्होंने कहा, 'ये भारत की राजधानी दिल्ली में BJP सरकार के PWD मंत्री हैं. सड़क का निरीक्षण करने आए थे पर घोटाले ही घोटाले उजागर होते देखकर आपा खो बैठे और वीडियो रिकॉर्ड करने वाले मेरे साथी को के साथ गुंडागर्दी कर बैठे.'

AAP विधायक का वीडियो शेयर करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की.

वहीं, आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए इस घटना को शर्मनाक और कायरतापूर्ण बताया है.

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पुलिस सुरक्षा की आड़ में छिपकर एक युवा लड़के पर हमला करना, जो उनका वीडियो बना रहा था, और फिर किसी के कुछ करने से पहले ही अपनी कार से भाग जाना. वह लड़का दिल्ली सरकार की खराब सड़कों की सच्चाई सामने लाने के लिए उनका वीडियो बना रहा था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parvesh Verma, Aam Aadmi Party, Arvind Kejriwal, AAP Vs BJP, Jarnail Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com