आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उनके परिवार के चार अन्य सदस्यों को भी दिल्ली चुनाव आयोग की ओर से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 के तहत नोटिस जारी किया गया है. हैरानी की बात यह है कि सभी को 'Unmapped with Last SIR' श्रेणी में रखा गया है. इसके तहत मतदाता विवरण का पुराने रिकॉर्ड से मिलान नहीं हो पाया है.
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के एक विशेष भाग में जारी किए गए इन नोटिसों में अरविंद केजरीवाल के अलावा उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, बेटे पुलकित केजरीवाल, पिता गोबिंद राम केजरीवाल और मां गीता देवी का नाम शामिल है.
110 लोगों को इस श्रेणी में नोटिस भेजे गए
चुनाव आयोग की सूची के अनुसार, इस हिस्से में कुल 110 लोगों को इसी श्रेणी के तहत नोटिस भेजे गए हैं.
दरअसल, दिल्ली में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 अभियान के तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया जा रहा है. "Unmapped with Last SIR" श्रेणी उन मतदाताओं के लिए है, जिनका विवरण पिछली SIR प्रक्रिया के रिकॉर्ड से मेल नहीं खा सका. ऐसे मामलों में मतदाताओं को अपनी जानकारी का दोबारा सत्यापन कराना होता है ताकि मतदाता सूची को अपडेट और रिफाइन किया जा सके.
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अरविंद केजरीवाल पहले से ही SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं.
उन्होंने 31 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया था कि दिल्ली के ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 47 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम गायब हैं. केजरीवाल ने कहा था कि राजधानी में करीब 1.5 करोड़ मतदाता हैं, लेकिन बड़ी संख्या में नाम सूची में नहीं दिख रहे हैं.

SIR पर केजरीवाल ने उठाए सवाल
केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए केजरीवाल ने SIR प्रक्रिया को लेकर कटाक्ष भी किया था. उन्होंने कहा था कि सरकार को जनसंख्या बढ़ने की चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यदि इसी तरह नाम हटते रहे तो यह प्रक्रिया देश की आबादी को 140 करोड़ से घटाकर 50 करोड़ तक पहुंचा सकती है. हालांकि यह उनकी राजनीतिक टिप्पणी थी.
दिल्ली चुनाव आयोग की ओर से चलाए गए SIR अभियान में बड़े पैमाने पर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया. यह अभियान 30 जून से शुरू होकर 17 अगस्त तक चला. आयोग के अनुसार, इस दौरान दिल्ली के लगभग 67.18 फीसदी मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त कर उन्हें डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल किया गया.
हम तो पहले दिन से कह रहे हैं कि ये SIR नहीं बीजेपी का खेल चल रहा है। इनका बस चले तो ये मोदी और अमित शाह का ही वोट का अधिकार रखें और सब विरोधियों के वोट काट दें।
— Anurag Dhanda (@anuragdhanda) September 19, 2026
तीन बार के दिल्ली के मुख्यमंत्री @ArvindKejriwal जी और उनके परिवार के वोट दिल्ली की वोटर लिस्ट से ग़ायब करना कौन सी… https://t.co/ayjeEfikoJ
AAP क्या कह रही है?
आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "हम तो पहले दिन से कह रहे हैं कि ये SIR नहीं बीजेपी का खेल चल रहा है. इनका बस चले तो ये मोदी और अमित शाह का ही वोट का अधिकार रखें और सब विरोधियों के वोट काट दें. तीन बार के दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार के वोट दिल्ली की वोटर लिस्ट से गायब करना कौन सी प्रक्रिया है?"
यह भी पढ़ें: Explainer: कैसे भाजपा को नैरेटिव वाली ताकत देगी DUSU में ABVP की जीत, पंजाब यूनिवर्सिटी में भी लहराया था परचम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं