दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल की भर्ती में फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है. वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी (DPA) में चल रहे फिजिकल टेस्ट (PEMT) में एक उम्मीदवार ने अपनी जगह दूसरे युवक से दौड़ लगवा दी.
आरोपी की पहचान अक्षित (19) के रूप में हुई है जो हरियाणा के सोनीपत जिले के सिलाना गांव का रहने वाला है.
दरअसल, DPA वजीराबाद में इन दिनों कांस्टेबल भर्ती के लिए PEMT चल रहा है, जिसमें उम्मीदवारों को 1600 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और हाई जंप से गुजरना होता है. इसके बाद हाइट और चेस्ट की माप होती है.
कैसे पकड़ा गया?
बताया जा रहा है कि अक्षित जब हाइट-चेस्ट माप के लिए लाइन में लगा था, तभी स्टाफ को उस पर शक हुआ. उसके शरीर पर न तो पसीना था और न ही दौड़ के बाद लगने वाली धूल-मिट्टी. वहां मौजूद दूसरे उम्मीदवारों ने भी बताया कि फिजिकल देने वाला लड़का कोई और था.
शक होने पर स्टाफ ने अक्षित से सख्ती से पूछताछ की तो पूरा खेल खुल गया. अक्षित ने बताया कि उसके भाई ने उसकी जगह एक दूसरे युवक को तैयार किया था. उस युवक ने छेड़छाड़ किए गए एडमिट कार्ड से सेंटर में एंट्री ली और अक्षित की जगह पूरा फिजिकल टेस्ट दिया.
टेस्ट के बाद फरार हो गया युवक
टेस्ट पूरा करने के बाद वह युवक अपना चेस्ट नंबर अक्षित को देकर मौके से फरार हो गया, ताकि अक्षित बायोमेट्रिक और हाइट-चेस्ट नाप की प्रक्रिया पूरी कर सके. लेकिन पसीना न होने से उसका फर्जीवाड़ा पकड़ा गया.
घटना के बाद DPA स्टाफ ने अक्षित को थाना सोनिया विहार पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और अब फरार युवक और एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ेंः हरियाणा से लाए युवती, अमरोहा में दरोगा-सिपाही ने CRPF साथियों संग किया गैंगरेप; पीड़िता ने ऐसे बचाई जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं