दिल्ली के नेहरू प्लेस के पास आस्था कुंज में हाल ही में हुई घटना के बाद, DDA ने अपने पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था तुरंत कड़ी करने का आदेश दिया है. इसमें सूरज डूबने के बाद चुनिंदा गेट से एंट्री पर रोक लगाना, CCTV कवरेज बढ़ाना, अंधेरी जगहों पर रोशनी करना और रात में पेट्रोलिंग बढ़ाना शामिल है. डीडीए ने अपने अधिकार क्षेत्र के सभी पार्कों के लिए सुरक्षा संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
DDA ने क्या-क्या दिए हैं निर्देश
- सूरज डूबने के बाद कंट्रोल के साथ एंट्री: जिन DDA पार्कों में काफी सारे गेट हैं, वहां देर शाम और पार्क बंद होने से पहले चुनिंदा गेट से ही एंट्री की इजाजत होगी.
- CCTV निगरानी को मजबूत करना: मुख्य एंट्री गेट और संवेदनशील जगहों पर और कैमरे लगाए जाएंगे, साथ ही जरूरत पड़ने पर मौजूदा निगरानी सिस्टम को भी बेहतर बनाया जाएगा.
- अंधेरी जगहों की पहचान: DDA पार्कों में कम रोशनी वाली जगहों का एक तय समय सीमा के भीतर आकलन करेगा.
- ज्यादा रोशनी और फ्लडलाइट्स: पहचानी गई अंधेरी जगहों और संवेदनशील हिस्सों में अतिरिक्त रोशनी का इंतजाम किया जाएगा.
- सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढाना: जोखिम के आकलन के आधार पर संवेदनशील एंट्री पॉइंट और कम रोशनी वाली जगहों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे.
- शाम और रात में ज्यादा चौकसी: सुरक्षा कर्मियों और फील्ड स्टाफ को ज्यादा चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है, खासकर सूरज डूबने के बाद.
- रात में पेट्रोलिंग बढाना: DDA संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर रात में पार्कों के आस-पास बाइक पेट्रोलिंग बढाने की व्यवस्था करेगा.
- दिल्ली पुलिस के साथ बेहतर तालमेल: पार्कों के अंदर और आस-पास संदिग्ध या गैर-कानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाएगी ताकि कार्रवाई हो सके.
- सिक्योरिटी गार्ड्स की कडी निगरानी: फील्ड इंस्पेक्शन के जरिए तैनात गार्ड्स की हाजरी, पेट्रोलिंग और काम की ज्यादा सख्ती से जांच की जाएगी.
- सात दिनों के भीतर सेफ्टी बोर्ड: सभी DDA पार्कों में पार्क के नियम, इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर और सार्वजनिक सुरक्षा गाइडलाइंस दिखाने वाले बोर्ड लगाए जाएंगे.
- विजिटर्स के लिए पब्लिक एडवाइजरी: पार्क में आने वाले लोगों को शाम के समय अच्छी रोशनी वाले रास्तों और रोशन जगहों पर ही रहने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.
- RWA और स्थानीय लोगों को शामिल करना: DDA चौकसी बढाने और आस-पास के इलाके में सुरक्षा को बढावा देने के लिए समुदाय की भागीदारी लेगा.
नेहरू प्लेस के पास आस्था कुंज में हाल ही में हुई घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था में ये बदलाव किए जा रहे हैं. सेफ्टी ऑडिट भी चल रहा है. इसके अलावा, DDA एक हफ्ते के भीतर अपने पार्कों का व्यापक सेफ्टी ऑडिट करेगा, जिसमें लाइटिंग, सुरक्षा, पेट्रोलिंग और साफ-सफाई शामिल होगी.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली सरकार बदलने वाली है प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन का नियम, अनधिकृत कॉलोनियों में लागू होंगे नए सर्किल रेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं