दिल्ली के लेडी श्री राम कॉलेज (LSR) के पास आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया. इस घटना के बाद से ही कॉलेज का माहौल काफी तनावपूर्ण है और छात्राओं की सेफ्टी को देखते हुए ऑनलाइन क्लास चलाने का फैसला लिया गया. हालांकि एक दिन बाद गुरुवार 24 सितंबर को कॉलेज फिर से पहले की तरह खुला और ऑफलाइन क्लासेस शुरू हो गईं हैं. इसी बीच एनडीटीवी ने कॉलेज के गेट पर छात्राओं से बातचीत की, जिसमें उन्होंने बताया कि कॉलेज के आसपास लगातार छेड़खानी और फब्तियां कसने की घटनाएं होती रहती हैं.
पीछे वाले गेट पर लगता है डर
ऑफलाइन क्लास शुरू होने के बाद कॉलेज पहुंची एक छात्रा ने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा, मुझे नहीं लगता है कि कोई भी अभी सेफ फील कर रहा है. इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाने की जरूरत है. पीछे वाले गेट में शाम को जब लड़कियां निकलती हैं तो उन्हें छेड़ा जाता है और वहां ऐसे लोग भी होते हैं, जो लड़कियों को देखकर गंदी हरकते करते हैं. छात्रा ने कहा कि पिछले गेट से निकलने पर शाम को काफी ज्यादा अंधेरा होता है और यहां स्ट्रीट लाइट्स तक नहीं हैं, साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं. इसीलिए यहां लड़कियां सेफ फील नहीं करती हैं.
पिंक बूथ के पास स्ट्रीट लाइट भी नहीं
LSR की दूसरी छात्रा ने कहा कि, इस घटना के बाद सभी एक्टिव थे और हमें सेफ फील करवाया जा रहा था. पुलिस आज भी कॉलेज के बाहर तैनात है, लेकिन हमें सेफ फील नहीं हो रहा है. पहली बार दिल्ली में ऐसा नहीं हुआ है, कॉलेज के पास ये केस हुआ है, इसलिए पुलिस आई है. पहले सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं थी. रही बात पिंक बूथ की तो हर बार हमें बताया जाता है कि आपकी सेफ्टी के लिए ये बनाया गया है, लेकिन जिस लेन पर ये पिंक बूथ बना हुआ है, वहां स्ट्रीट लाइट्स भी नहीं लगी हैं.
लेडी श्री राम कॉलेज की छात्राओं ने बताया कि बैक गेट पर पुलिस की तैनाती नहीं होती है, कोई सिक्योरिटी नहीं होती है. हम लोग पीजी में रहते हैं, हमें डर रहता है कि अगर 6 बजे के बाद हम बाहर निकले तो कोई हमारे पीछे ना आ जाए. हम जब भी ट्रैवल करते हैं तो हमें लाइव लोकेशन अपने घरवालों को शेयर करनी होती है. सेफ्टी के लिए कई बार हम लोग ग्रुप्स में निकलती हैं.
ये भी पढ़ें - Success Story : स्कूल के बाद चराती थीं भैंस, कई बार UPSC में हुईं फेल, आज हैं जिले की कलेक्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं