विज्ञापन

अभिजीत दीपके, रांका और सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया, विमान के अंदर पहुंच गई पुलिस

अभिजीत दीपके ने कहा कि विरोध करना हमारा मौलिक अधिकार है. आर्टिकल 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है और हम ठीक यही करने वाले हैं.

अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया गया.
नई दिल्ली:

दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके, उनके सहयोगी सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. मुंबई से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही पुलिस ने उनसे कहा कि उन्हें प्रदर्शन की इजाजत नहीं है और विमान के अंदर ही पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया.

विमान के अंदर पहुंची पुलिस के साथ अभिजीत दीपके की बातचीत का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें वो कह रहे हैं कि वो तो गिरफ्तार होने ही आए हैं, हालांकि कोई भी बात विमान के बाहर निकलकर की जा सकती थी.

फ्लाइट के अंदर समझाने पहुंची पुलिस को अभिजीत दीपके ने कहा कि मुझे गिरफ़्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस की पूरी फ़ौज यहां आई है. हालांकि मैं आपसे डरता नहीं हूं. अगर चाहते हैं तो मुझे गिरफ़्तार कर लें. ये सरकार का डर है कि हवाई जहाज़ से ही लोगों को उठाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह सब इसलिए हो रहा है, क्योंकि हम शांतिपूर्ण विरोध करना चाहते हैं.

सीजेपी ने एक बयान जारी कर हिरासत में लिए जाने की निंदा की. उसने दावा किया कि यह उसके नेताओं को प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा है. पार्टी ने इस कार्रवाई को बेरोकटोक आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताते हुए तीनों नेताओं को तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की.

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज ‘फॉर्म 6' में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लग रहे हैं. इसी मुद्दे को लेकर सीजेपी ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है.
 

Latest and Breaking News on NDTV

इससे पहले दिल्ली रवाना होने से पहले मुंबई में अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकार ‘डरी हुई' है. मुझे हैरानी होती है कि सरकार देश के युवाओं और लोगों से इतना क्यों डरती है. सभी रेलवे सेवा बंद करने की क्या जरूरत थी? मेट्रो रोकने की क्या जरूरत थी? उन्होंने इंटरनेट बंद कर दिया और सड़कें ब्लॉक कर दीं. उन्होंने नक्सल-प्रभावित इलाकों से CRPF फोर्स बुलाई और उन्हें दिल्ली में तैनात किया. सरकार क्या करना चाहती है? क्या ज्ञानेश कुमार उनके लिए इतने खास हैं कि वे अपने ही नागरिकों पर पुलिस की ताकत का इस्तेमाल करेंगे?"

उन्होंने कहा, "सोसायटी में घोषणा करके लोगों को विरोध प्रदर्शन में शामिल न होने की चेतावनी दी गई. दिल्ली पुलिस घरों में जाकर लोगों से विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेने को कह रही है, लेकिन हम क्यों न करें? विरोध करना हमारा मौलिक अधिकार है. आर्टिकल 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है और हम ठीक यही करने वाले हैं."

Latest and Breaking News on NDTV

दिल्ली में जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लगभग 25,000 जवानों को तैनात किया गया है. दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशन पर प्रवेश और निकास को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है.

इसे भी पढ़ें: मैं गिरफ्तार होने को तैयार, लेकिन लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ता रहूंगा... दिल्ली रवाना होने से पहले बोले दीपके

इसे भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट के चलते गुरुग्राम पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को घर से हिरासत में लिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Delhi Protest, Abhijeet Dipke News, CJP Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com