उत्तर प्रदेश के कौशांबी से प्रेमी के साथ मिलकर बेटी के अपनी ही मां की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गिरफ्तारी के बाद हत्या के आरोपी ने कबूल किया कि उसने घर में अकेली राजमती की ईंट से मार हत्या कर दी. वहीं घटना को अंजाम देने के बाद वो कपड़े बदलकर भरवारी मेला देखने चला गया. पुलिस ने बेटी और उसके प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया है.
पुलिस को रसूलपुर गिरसा गांव में घर के अंदर महिला की हत्या की सूचना मिली थी. महिला का सिर किसी भारी वस्तु से कूच दिया गया था. सूचना पर एसपी सत्यनारायण पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. तहरीर के आधार पर कोखराज थाने में मुकदमा संख्या 611/2026 के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया. घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं.
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दिलीप कुमार सरोज को तिलैया टिकुर पुल के पास से गिरफ्तार किया. वहीं, शैलजा देवी को उसके घर से पकड़ा गया.
प्रेमी ने ईंट से किया हमला
पुलिस पूछताछ में दिलीप ने बताया कि उसका शैलजा से प्रेम संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे. शैलजा की मां राजमती इस रिश्ते का विरोध करती थी, क्योंकि दिलीप उसकी बड़ी बेटी का देवर था. पुलिस के मुताबिक, शैलजा ने ही मां को रास्ते से हटाने की बात कही थी. रात को घर के लोगों के मेला देखने जाने की जानकारी मिलने पर दिलीप गांव पहुंचा. घर में राजमती को अकेला देखकर उसने ईंट के टुकड़े से सिर पर कई वार किए और फरार हो गया.

आरोप है कि वारदात के बाद उसने ईंट का टुकड़ा तालाब किनारे फेंक दिया और पानी से अपने कपड़े और जूते धोए. इसके बाद वह दोबारा मेले में पहुंचा और बाद में घर चला गया. पुलिस ने आरोपित दिलीप की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा, खून लगे कपड़े, जूते और मोबाइल फोन बरामद किया है. दोनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1)/61(1) के तहत दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया. जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया.
एएसपी ने बताया कि देर रात हत्या की सूचना पर एसपी खुद पहुंचे थे. डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक सैंपलिंग के बाद तहरीर लेकर जांच की गई. परिवार के सदस्यों की कॉल डिटेल में छोटी बेटी पर शक हुआ, तो कड़ाई से पूछताछ की गई. खुलासा हुआ कि मां को यह एतराज था कि बड़ी बेटी के देवर से छोटी बेटी का सम्बंध है. घर में मां अकेली है इसकी जानकारी दिलीप को शैलजा ने ही दी थी.
(कौशाम्बी से मोहम्मद बागर की रिपोर्ट...)
इसे भी पढ़ें: उम्रकैद की सजा मिलते ही शख्स ने कोर्ट की 5वीं मंजिल से छलांग लगाकर किया सुसाइड, बहन की हत्या का था दोषी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं